अवैध धान भंडारण पर प्रशासन की सख्ती जारी, ग्राम चिचबोड़ में मंडी टीम ने जब्त किया 24 क्विंटल धान
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा के निर्देशानुसार अवैध धान भंडारण एवं परिवहन के विरुद्ध की जा रही है निरंतर कार्रवाई
बालोद/खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत जिले में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी व्यवस्था को सुचारू एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए जिला प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है। कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा के निर्देशानुसार आज कृषि उपज मंडी समिति बालोद की टीम ने गुण्डरदेही तहसील अंतर्गत ग्राम चिचबोड़ में छापामार कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से भंडारित 24 क्विंटल (60 कट्टा) धान जब्त किया है।
ग्राम चिचबोड़ में मंडी टीम ने की कार्रवाई, 52,800 रुपये मूल्य का धान जब्त
उल्लेखनीय है कि आज 20 नवंबर को दोपहर 12.05 बजे कृषि उपज मंडी समिति बालोद के उपनिरीक्षक श्री घनश्याम सिंह सिदार एवं श्री रविशंकर ने गुण्डरदेही विकासखण्ड के ग्राम चिचबोड़ निवासी श्री जगन्नाथ साहू के यहाँ जांच के दौरान कुल 60 कट्टा (24 क्विंटल) धान भंडारित पाया गया। संबंधित व्यक्ति के पास केवल 10 क्विंटल धान की मंडी शुल्क रसीद उपलब्ध थी, जबकि शेष धान के संबंध में कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जा सके। इस पर मंडी टीम द्वारा नियमानुसार 60 कट्टा (24 क्विंटल) धान की जब्ती की कार्रवाई की गई।
प्रशासन द्वारा स्पष्ट किया गया है कि समर्थन मूल्य पर धान खरीदी में किसी भी प्रकार की अनियमितता अथवा कोचियों व बिचैलियों द्वारा अवैध धान खपाने के प्रयासों को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जिले में राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीमों द्वारा लगातार निगरानी रखी जा रही है तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आगे भी इसी प्रकार कठोर वैधानिक कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।










Leave A Comment