निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू सोमवार को संसद के केंद्रीय कक्ष में शपथ लेंगी
नई दिल्ली। निर्वाचित राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का शपथ ग्रहण समारोह सोमवार को संसद के केंद्रीय कक्ष में आयोजित किया जाएगा। वह भारत के 15वें राष्ट्रपति के रूप में शपथ लेंगी। श्रीमती मुर्मू देश के शीर्ष संवैधानिक पद को धारण करने वाली पहली जनजातीय महिला होंगी। श्रीमती द्रौपदी मुर्मू विपक्ष के उम्मीदवार यशवंत सिन्हा को हराकर एनडीए के उम्मीदवार के रूप में राष्ट्रपति चुनी गई हैं।
शपथ ग्रहण समारोह को देखते हुए कार्मिक और प्रशिक्षण विभाग ने केन्द्र सरकार के विभिन्न कार्यालयों को आंशिक रूप से बंद रखने के आदेश जारी किए हैं। इस दौरान नए संसद भवन का निर्माण कार्य भी रोक दिया जाएगा। आदेश के अनुसार कुल तीस कार्यालयों और भवनों को सोमवार प्रात: छह बजे से खाली रखा जाएगा। यह फैसला सुरक्षा कारणों से किया गया है, जो शपथ ग्रहण समारोह संपन्न होने तक लागू रहेगा। खाली रखे जाने वाले भवनों में अन्य के अलावा साऊथ ब्लॉक, नॉर्थ ब्लॉक, रेल भवन, कृषि भवन, शास्त्री भवन, संचार भवन, पी.टी.आई. बिल्डिंग, आकाशवाणी भवन, सेना भवन, वायु भवन, उद्योग भवन और निर्माण भवन शामिल हैं। यह सभी भवन 25 जुलाई को सुबह छह बजे से दोपहर बाद दो बजे तक बंद रखे जाएंगे।
नए राष्ट्रपति के शपथग्रहण समारोह से पहले निवर्तमान राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द को आज शाम संसद के केन्द्रीय कक्ष में विदाई दी जाएगी। कल श्री राम नाथ कोविन्द राष्ट्र के नाम विदाई संदेश देंगे।










Leave A Comment