प्रधानमंत्री चुनौतियों को अवसर में बदलते हैं, कोविड के खिलाफ देशवासियों के सहयोग से लड़ाई लड़ी : शाह
नयी दिल्ली. गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हर चुनौती को अवसर में बदलते हैं और यह कोविड-19 महामारी से निपटने में 130 करोड़ देशवासियों के सक्रिय सहयोग से सफलतापूर्वक प्रदर्शित हुआ। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘मन की बात' आकाशवाणी को युवा पीढ़ी तक ले गई और इस कार्यक्रम की खूबी यह है कि प्रधानमंत्री ने इसकी 99 कड़ियों में एक भी राजनीतिक मुद्दे का जिक्र नहीं किया। शाह ने ‘मन की बात@100' सम्मेलन के समापन सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने जन संवाद के जरिए लोगों तक बराबर ‘मन की बात' पहुंचाई और आकाशवाणी को माध्यम बनाया व लोगों को जोड़ने का काम किया। उन्होंने कहा कि कई विपक्षी दलों ने महामारी के दौरान लोगों से दीया जलाने और ताली बजाने को लेकर सरकार द्वारा किए गए आह्वान की आलोचना की, लेकिन यह कोविड के खिलाफ लड़ाई में लोगों को जोड़ने का तरीका था।
गृह मंत्री ने कहा, कई विदेशियों ने कोविड-19 महामारी से भारत के सफलतापूर्वक निपटने का राज मुझसे पूछा। मैं आज आपको बताना चाहता हूं कि प्रधानमंत्री मोदी ने हर चुनौती को अवसर में बदला। मैंने वर्ष 2001 में गुजरात में भूकंप के दौरान यह देखा था।' उन्होंने कहा, दुनिया के दूसरे हिस्से में कोविड के खिलाफ लड़ाई सरकार लड़ रही थी। भारत में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राज्य सरकारों और देश के 130 करोड़ लोगों की सक्रिय सहभागिता से यह लड़ाई सफलतापूर्वक लड़ी गई।'' उन्होंने कहा कि देश की शक्ति को संगठित करने का काम इस मंच (मन की बात) के जरिये किया गया। गृह मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी की ‘मन की बात' आकाशवाणी को युवा पीढ़ी तक ले गई और ‘मन की बात' कार्यक्रम की खूबी यह है कि नरेन्द्र मोदी जैसे राजनीतिक व्यक्ति ने इसकी 99 कड़ियों में एक भी राजनीतिक मुद्दे का जिक्र नहीं किया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में प्रधानमंत्री मोदी का बड़ा योगदान जाति की राजनीति, भाई-भतीजावाद, तुष्टिकरण की समाप्ति और पद्म पुरस्कारों का लोकतंत्रीकरण करना है । शाह ने कहा कि मन की बात' कार्यक्रम की आधे घंटे की कड़ी करोड़ों लोगों को राष्ट्र के प्रति योगदान देने के लिए प्रेरित करती है। उन्होंने कहा कि मन की बात लोकतंत्र की बुनियाद पर आधारित है और नेता एवं लोगों के बीच मजबूत संवाद से लोकतंत्र मजबूत होता है। गृह मंत्री ने इस अवसर पर मन की बात की 100वीं कड़ी पर पांच रूपये का डाक टिकट और 100 रूपये का सिक्का जारी किया।








.jpg)
.jpg)
Leave A Comment