नड्डा ने लोकसभा, विधानसभा चुनावों की रणनीति को लेकर हुई पार्टी बैठक की अध्यक्षता की
नयी दिल्ली. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने इस वर्ष के अंत में होने वाले कई राज्यों में विधानसभा चुनावों और अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर बुधवार को यहां पार्टी नेताओं की एक रणनीतिक बैठक की अध्यक्षता की। यह भाजपा के 'लोकसभा प्रवास' कार्यक्रम से जुड़े नेताओं की एक बैठक थी। इसका उद्देश्य लगभग 160 लोकसभा सीटों पर अपनी संभावनाओं को मजबूत करना था। इनमें से अधिकांश सीटों पर 2019 में भाजपा को पराजय का सामना करना पड़ा था। भाजपा ने 2019 में 543 लोकसभा सीटों में से 303 पर जीत दर्ज की थी। इन निर्वाचन क्षेत्रों में बागपत और रोहतक जैसी सीटें भी शामिल हैं, जहां भाजपा ने मामूली अंतर से जीत दर्ज की थी। बैठक के दौरान उन निर्वाचन क्षेत्रों के लिए रणनीति भी एजेंडे में थी, जहां भाजपा ने पिछली बार चुनाव नहीं लड़ा था। ऐसे क्षेत्रों में वह सारी सीट शामिल हैं जिन पर जनता दल (यूनाइटेड) जैसे उसके तत्कालीन सहयोगियों ने उम्मीदवार उतारे थे। भाजपा के एक नेता ने बताया कि बैठक में 2024 के लोकसभा चुनाव और विधानसभा चुनाव की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, मिजोरम, राजस्थान और तेलंगाना में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं। अगले साल होने वाले लोकसभा चुनावों से पहले विधानसभा चुनावों का यह अंतिम दौर होगा। कर्नाटक में हाल में कांग्रेस से मिली हार के बाद भाजपा आगामी चुनावों में बेहतर प्रदर्शन करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।







.jpg)

.jpg)
Leave A Comment