पूर्व केंद्रीय मंत्री सरताज सिंह का निधन
भोपाल । पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता सरताज सिंह का संक्षिप्त बीमारी के बाद गुरुवार को मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के एक अस्पताल में निधन हो गया। सिंह के पारिवारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी। सूत्रों ने बताया कि वह 83 वर्ष के थे, उनके परिवार में पत्नी तथा तीन बेटियां हैं।
सिंह 1998 में होशंगाबाद लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस के ताकतवर नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री दिवंगत अर्जुन सिंह को हराने के बाद सुर्खियों में आए थे। उन्होंने होशंगाबाद सीट से पांच बार लोकसभा चुनाव जीता। बाद में वे दो बार विधायक भी चुने गये।
सूत्रों ने बताया कि सिंह ने 1996 में केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के रूप में कार्य किया था जब अटल बिहारी वाजपेयी के नेतृत्व वाली सरकार सिर्फ 13 दिनों के लिए सत्ता में थी। उन्होंने बताया कि 2013-18 के दौरान, सिंह, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व वाले मंत्रिमंडल में वन मंत्री के रूप में कार्य किया। जब भाजपा ने उन्हें 2018 में विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए टिकट देने से इनकार कर दिया, तो वह कांग्रेस में शामिल हो गए और पार्टी उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ा। हालांकि, वह चुनाव हार गए और उसके बाद वह भाजपा में लौट आए। सूत्रों ने बताया कि उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को इटारसी में किया जाएगा।
मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री चौहान ने सिंह के निधन पर दुख व्यक्त किया और कहा कि वह इटारसी-नर्मदापुरम (होशंगाबाद) क्षेत्र के एक लोकप्रिय नेता थे। उन्होंने बताया कि उनका अंतिम संस्कार शुक्रवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जाएगा।

.jpg)








Leave A Comment