भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के नजरिये से पेश किया गया बजट: मोहन यादव
इंदौर.। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए रविवार को पेश केंद्रीय बजट की सराहना करते हुए कहा कि यह बजट भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के नजरिये से पेश किया गया है। यादव ने इंदौर में संवाददाताओं से कहा, ''आम बजट भारत को 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के नजरिये से पेश किया गया है। इसमें गरीबों, युवाओं, अन्नदाताओं और महिलाओं समेत सभी वर्गों के कल्याण पर विशेष ध्यान केंद्रित किया गया है।'' उन्होंने बायोफार्मा, कृत्रिम मेधा (एआई), शहरी विकास, वस्त्र निर्माण, पर्यटन और अन्य क्षेत्रों में निवेश को बढ़ावा देने के बजट प्रस्तावों का उल्लेख किया और कहा कि भारत को सशक्त बनाने के प्रति लक्षित बजट से देश में आर्थिक वृद्धि को रफ्तार मिलेगी। यादव ने कहा कि बजट में देश के विनिर्माण क्षेत्र के रणनीतिक विकास के लिए पर्याप्त धनराशि का आवंटन किया गया है। उन्होंने कहा, ''बजट में भारत को विनिर्माण का वैश्विक केंद्र बनाने के कई उपाय किए गए हैं। इससे विनिर्माण क्षेत्र में कई देशों की चुनौतियों से निपटने में हमारी सरकार सक्षम होगी।'' मुख्यमंत्री ने बजट में कैंसर और अन्य गंभीर बीमारियों की दवाएं सस्ती करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि बजट में केंद्र ने राज्यों को वित्त आयोग के अनुदान के रूप में 2026-27 के लिए 1.40 लाख करोड़ रुपये उपलब्ध कराने का प्रावधान किया है जिससे मध्यप्रदेश भी लाभान्वित होगा। यादव ने आगामी वित्त वर्ष के दौरान केंद्र के राजकोषीय घाटे में कटौती करके इसे सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) के 4.30 प्रतिशत पर रखे जाने के लक्ष्य और आयकर तंत्र में छोटे करदाताओं के लिए प्रक्रियाएं आसान करने के बजट प्रस्तावों की भी सराहना की।

.jpg)






.jpg)
.jpg)
Leave A Comment