जेईई मेन्स नतीजे : परीक्षा के पहले संस्करण में 12 अभ्यर्थियों को 'परफेक्ट 100'
नयी दिल्ली. इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा जेईई-मुख्य 2026 में 12 अभ्यर्थियों ने 'परफेक्ट 100' अंक प्राप्त किए हैं, जिनमें से अधिकांश राजस्थान से हैं। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) ने सोमवार को यह घोषणा की। इस महत्वपूर्ण परीक्षा के पहले संस्करण में 13.04 लाख से अधिक उम्मीदवार शामिल हुए थे।
सूत्रों के अनुसार, छात्रों और अन्य हितधारकों द्वारा विसंगतियों को उजागर किए जाने के बाद अंतिम उत्तर कुंजी से कम से कम नौ प्रश्न हटा दिए गए। एक सूत्र ने बताया, "कई पालियों में हटाए गए नौ प्रश्नों के लिए, उस विशेष पाली में उपस्थित होने वाले सभी उम्मीदवारों को पूरे अंक दिए जाएंगे।" पिछले साल ऐसे सवालों की संख्या छह थी।
जिन प्रतिभागियों ने एनटीए में 'परफेक्ट 100' अंक प्राप्त किए हैं, उनमें से तीन राजस्थान से, दो आंध्र प्रदेश से और एक-एक दिल्ली, बिहार, ओडिशा, हरियाणा, महाराष्ट्र, गुजरात और तेलंगाना से हैं। ये सभी 12 अभ्यर्थी लड़के हैं और इनमें से 11 सामान्य श्रेणी से हैं।
शीर्ष अभ्यर्थियों में - राजस्थान से कबीर छिल्लर, चिरंजीव कर और अर्नव गौतम, आंध्र प्रदेश से नरेंद्रबाबू गारी माहिथ और पासाला मोहित, श्रेयस मिश्रा (दिल्ली), शुभम कुमार (बिहार), भावेश पात्रा (ओडिशा), अनय जैन (हरियाणा), माधव विराडिया (महाराष्ट्र), पुरोहित निमय (गुजरात) और विवान शरद माहिश्वरी (तेलंगाना) शामिल थे। अधिकारियों के अनुसार, एनटीए स्कोर प्राप्त अंकों के प्रतिशत के समान नहीं है, बल्कि यह मानकीकृत स्कोर है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "एनटीए स्कोर ऐसे सामान्यीकृत अंक हैं, जो कई पालियों में आयोजित परीक्षा के प्रश्न पत्रों में समान रूप से मापने के लिए तैयार किए जाते हैं। ये अंक उस पाली में परीक्षा देने वाले सभी उम्मीदवारों के सापेक्ष प्रदर्शन के आधार पर निर्धारित किए जाते हैं। प्रत्येक पाली में उम्मीदवारों द्वारा प्राप्त अंक 0 से 100 तक के पैमाने में परिवर्तित किए जाते हैं। एनटीए अंक प्राप्त अंकों के प्रतिशत के समान नहीं होते।" एनटीए के अधिकारियों के अनुसार, परीक्षा के सुचारू संचालन की निगरानी और सुविधा प्रदान करने के लिए एक केंद्रीय नियंत्रण कक्ष खोलने समेत कई उपाय किये गए थे।









Leave A Comment