ब्रेकिंग न्यूज़

 नेपाल पर बड़ी जीत से सुपर आठ में पहुंचा वेस्टइंडीज
 मुंबई। अनुभवी ऑलराउंडर जैसन होल्डर की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बाद शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के उत्कृष्ट खेल के दम पर वेस्टइंडीज ने रविवार को यहां टी20 विश्व कप के ग्रुप सी के मैच में नेपाल को 28 गेंद शेष रहते हुए नौ विकेट से करारी शिकस्त देकर सुपर आठ में अपनी जगह पक्की की। नेपाल की तरफ से दीपेंद्र सिंह ऐरी ने 47 गेंद पर 58 रन की शानदार पारी खेली जिससे उनकी टीम पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किए जाने के बाद आठ विकेट पर 133 रन बनाने में सफल रही। ऐरी ने अपनी पारी में तीन चौके और इतने ही छक्के लगाए। उनके अलावा सोमपाल कामी ने 15 गेंद पर चार चौकों की मदद से नाबाद 26 रन का योगदान दिया। वेस्टइंडीज ने इसके जवाब में 15.2 ओवर में एक विकेट पर 134 रन बनाकर आसानी से लक्ष्य हासिल किया। उसकी तरफ से कप्तान शाई होप ने 44 गेंद पर नाबाद 61 रन बनाए जिसमें पांच चौके और तीन छक्के शामिल हैं। शिमरोन हेटमायर ने चार चौकों और दो छक्कों की मदद से 32 गेंद पर नाबाद 46 रन बनाए। इन दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 91 रन की अटूट साझेदारी की। वेस्टइंडीज की यह लगातार तीसरी जीत है जिससे उसने छह अंक के साथ ग्रुप सी में शीर्ष पर अपनी स्थिति मजबूत कर ली। वह सुपर आठ में पहुंचने वाली पहली टीम है। इंग्लैंड चार अंक के साथ इस ग्रुप में दूसरे स्थान पर है। नेपाल की यह लगातार तीसरी हार है और वह सुपर आठ की दौड़ से बाहर हो गया है।
वेस्टइंडीज की जीत की नींव उसके गेंदबाजों ने रखी। उसकी तरफ से होल्डर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने अपने चार ओवर में 27 रन देकर चार विकेट लिए। मैथ्यू फोर्ड ने किफायती गेंदबाजी करते हुए चार ओवर में 10 रन देकर एक विकेट लिया। होल्डर को मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुना गया। बल्लेबाजी में वेस्टइंडीज ने शुरू से ही आक्रामक रवैया अपनाया। ब्रैंडन किंग (17 गेंद पर 22) ने केसी करन की पारी की पहली गेंद पर ही चौका लगाया। उन्होंने सोमपाल के पारी के पांचवे ओवर में तीन चौके जड़े लेकिन नंदन यादव के अगले ओवर में मिड ऑन पर कैच दे बैठे। वेस्टइंडीज ने पावरप्ले में एक विकेट पर 44 रन बनाए। हेटमायर ने संदीप लामिचाने की गुगली पर पारी का पहला छक्का लगाया। इसके बाद उन्होंने नंदन की गेंद भी छह रन के लिए भेजी। होप सहजता से रन बटोर रहे थे। उन्होंने कुशाल भुर्तेल की गेंद पर अपना पहला छक्का लगाया। होप ने लामिचाने पर छक्का जड़कर 38 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया जो उनका टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 10वां पचासा है। उन्होंने इसी गेंदबाज पर फिर से छक्का लगाया और फिर विजयी रन बनाया। नेपाल के सबसे अनुभवी गेंदबाज लामिचाने ने तीन ओवर में 38 रन दिये। इससे पहले अगर ऐरी की जुझारू पारी और कामी का आखिरी ओवरों में शानदार प्रदर्शन नहीं होता तो नेपाल की टीम अपने विशेषज्ञ बल्लेबाजों के निराशाजनक प्रदर्शन के कारण काफी कम स्कोर पर ही सिमट जाती। ऐरी ने दूसरे छोर से विकेट गिरने के बावजूद अपने धैर्य और आक्रामक रवैए का अच्छा नमूना पेश किया। उन्होंने हर ढीली गेंद पर जोरदार प्रहार किया जबकि विकेटों के बीच उनकी दौड़ अच्छी थी। नेपाल 11वें ओवर तक केवल 46 रन बनाए थे और इस बीच उसने पांच विकेट गंवा दिए थे। नेपाल के बल्लेबाजों ने खराब शॉट खेल कर अपने विकेट इनाम में दिए। नेपाल के लिए मुश्किलें पहले ही ओवर में शुरू हो गईं जब कुशाल भुर्तेल (01) को अकील हुसैन ने आउट किया। नेपाल के कप्तान रोहित पौडेल (05) ने भी अपनी गलती से विकेट गंवाया। वह लेग साइड में फ्लिक करने से चूक गए और फोर्ड की गेंद पर पगबाधा आउट हो गए। लेकिन शायद सबसे खराब शॉट आरिफ शेख ने खेला, जिन्होंने होल्डर की लेग स्टंप के बाहर की गेंद पर फाइन लेग पर कैच दिया। नेपाल का छठे ओवर की समाप्ति के बाद स्कोर तीन विकेट पर 22 रन था। इस तरह से उसने इस टी20 विश्व कप में पावरप्ले का सबसे कम स्कोर बनाया। इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में नेपाल के हीरो रहे लोकेश बाम (13) सस्ते में आउट हो गए और गुलशन झा (11) भी फ्लॉप रहे। हालांकि ऐरी और कामी के बीच 54 रन की साझेदारी ने नेपाल को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया।  

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english