- Home
- देश
- नयी दिल्ली। वायु सेना ने शनिवार को हवाई मार्ग के जरिए सिंगापुर से तीन खाली ऑक्सीजन कंटेनर पश्चिम बंगाल के पानागढ़ वायु सेना अड्डे पर पहुंचाए। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। बयान में कहा गया, आज, वायु सेना ने सिंगापुर से तीन खाली क्रायोजनिक ऑक्सीजन कंटेनर पानागढ़ लाने के लिए आईएल-76 मालवाहक विमान को तैनात किया।
- प्रतापगढ़ (उप्र)। जिले के थाना कोहड़ौर क्षेत्र में शुक्रवार रात बाइक सवार लोगों ने चुनावी रंजिश में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक आकाश तोमर ने शनिवार को बताया कि थाना कोहड़ौर क्षेत्र के शिवपुर गाँव निवासी अरविन्द दुबे (30) अपने एक संबंधी को बीती रात प्रयागराज पहुंचाकर घर लौट रहे थे कि अयोध्या-प्रयागराज राजमार्ग पर मकूनपुर पेट्रोल पंप के पास बाइक सवार लोगों ने उनको गोली मार दी। उन्होंने बताया कि सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को जिला चिकित्सालय पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। अधिकारी ने कहा कि परिजनों ने चुनावी रंजिश की वजह से हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
- नयी दिल्ली । केंद्र सरकार ने कोविड-19 रोधी विभिन्न उपायों के वास्ते 2021-22 के लिए राज्य आपदा मोचन कोष (एसडीआरएफ) से केंद्र के हिस्से की पहली किस्त के तौर पर 8,873.6 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। इन उपायों में अस्पतालों के निर्माण के साथ ही ऑक्सीजन उत्पादन के लिए संयंत्र स्थापित करना भी शामिल है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने कहा कि विशेष वितरण के तौर पर वित्त मंत्रालय के अधीन व्यय विभाग ने उसकी अनुशंसा पर सामान्य कार्यक्रम से पहले यह राशि जारी कर दी है। आधिकारिक बयान में कहा गया कि राज्यों को 8,873.6 करोड़ रुपये जारी किए गए हैं।सामान्य तौर पर, इस कोष की पहली किस्त वित्त आयोग की अनुशंसाओं के मुताबिक जून में जारी की जाती है।हालांकि, सामान्य प्रक्रिया में राहत देते हुए, न सिर्फ एसडीआरएफ की किस्त समय से पहले जारी की गई है, बल्कि पिछले वित्त वर्ष में राज्यों को उपलब्ध कराई गई राशि के उपयोग प्रमाण-पत्र की प्रतीक्षा किए बिना ही राशि जारी कर दी गई है। बयान में कहा गया कि जारी की गई राशि का आधा हिस्सा यानी 4,436.8 करोड़ रुपये का इस्तेमाल राज्य कोविड-19 रोकथाम उपायों के लिए कर सकते हैं। इसमें कहा गया कि एसडीआरएफ से जारी की गई निधि का उपयोग राज्य, अस्पतालों में ऑक्सीजन उत्पादन एवं भंडारण संयंत्रों में आने वाले खर्च में, वेंटिलेटर, एयर प्यूरिफाइर, एंबुलेंस सेवाएं मजबूत करने, कोविड-19 अस्पताल, कोविड-19 देखभाल केंद्र, थर्मल स्कैनर, निजी सुरक्षात्मक उपकरण, चिकित्सीय उपयोग की वस्तुओं, जांच प्रयोगशालाएं, जांच किट, निषिद्ध क्षेत्रों आदि के लिए कर सकते हैं।
- नयी दिल्ली । बीकानेर कृषि विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति तथा पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के बहनोई परमात्मा सिंह का कोरोना वायरस के कारण निधन हो गया है। पारिवारिक सूत्रों ने बताया कि 82 वर्षीय सिंह का शुक्रवार रात निधन हो गया। उन्होंने बताया कि वह पिछले 10 दिनों से कोविड-19 से संक्रमित थे और दिल्ली के एक अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। सूत्रों के मुताबिक, उनका अंतिम संस्कार शनिवार को गाजियाबाद के हिंडन श्मशान घाट पर कर दिया गया और उनके पुत्र निशांत सिंह ने उन्हें मुखाग्नि दी। परमात्मा सिंह दिल्ली के पूसा इंस्टीट्यूट में लंबे समय तक अर्थशास्त्र के प्रोफेसर भी रहे। वह पूर्व प्रधानमंत्री दिवंगत चंद्रशेखर की सबसे छोटी बहन शकुन्तला सिंह के पति थे।
- तिरूवनंतपुरम/चेन्नई। केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में छह अप्रैल को हुए विधानसभा चुनावों के लिए रविवार को कोविड-19 दिशानिर्देशों के तहत मतगणना की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। राजनीतिक दलों को परिणाम का बेसब्री से इंतजार है। केरल में 140 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव में मुख्यमंत्री पिनराई विजयन, उनकी कैबिनेट के 11 सदस्य, विपक्ष के नेता रमेश चेन्नीथला, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता ओम्मन चांडी, भाजपा के राज्य इकाई के प्रमुख के. सुरेंद्रन, ‘मेट्रोमैन' ई. श्रीधरन और पूर्व केंद्रीय मंत्री के जे अलफोंस सहित 957 उम्मीदवार मैदान में हैं। सभी एक्जिट पोल और चुनाव पूर्व सर्वेक्षणों में सत्तारूढ़ गठबंधन के लिए जीत का अनुमान जताया गया है लेकिन विपक्षी यूडीएफ ने उम्मीद नहीं छोड़ी है। तमिलनाडु में अभिनेता-नेता कमल हासन के मक्कल निधी मैयम सहित चार गठबंधन मैदान में हैं लेकिन मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ अन्नाद्रमुक और मुख्य विपक्षी द्रमुक के बीच है। मुख्यमंत्री के. पलानीस्वामी, उपमुख्यमंत्री ओ. पन्नीरसेल्वम, द्रमुक अध्यक्ष एम के स्टालिन, उनके बेटे उदयनिधि स्टालिन, अम्मा मक्काल मुनेत्र कझगम के प्रमुख टीटीवी दिनाकरण, एमएनएम के हसन और भाजपा की राज्य इकाई के प्रमुख एल. मुरूगन सहित करीब 4000 उम्मीदवार मैदान में हैं। चुनाव 234 विधानसभा सीटों पर हुए। इसके अलावा कन्याकुमारी लोकसभा सीट पर उपचुनाव भी हुआ था, जहां कांग्रेस के विजय वसंत और भाजपा के पोन राधाकृष्णन के बीच मुख्य मुकाबला है। केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी के लिए पूर्व मुख्यमंत्री एन. रंगास्वामी नीत ऑल इंडिया एनआर कांग्रेस-भाजपा गठबंधन और कांग्रेस-द्रमुक गठबंधन के बीच मुख्य मुकाबला है। एक्जिट पोल में रंगास्वामी नीत मोर्चे की जीत की संभावना जताई गई है। केंद्र शासित प्रदेश में वोटों की गिनती के लिए 1382 कर्मियों को तैनात किया गया है, जबकि करीब 400 पुलिसकर्मी सुरक्षा में तैनात होंगे। अधिकारियों ने कहा कि वोटों की गिनती निर्वाचन आयोग के सख्त दिशानिर्देशों के मुताबिक होगी ताकि कोरोना वायरस के प्रसार को रोका जा सके। इसमें एजेंट के लिए आरटी-पीसीआर की जांच भी शामिल है।
- नयी दिल्ली। केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर और सीमा शुल्क (सीबीआईसी) बोर्ड के मुताबिक भारत को शनिवार को रूस से स्पूतनिक वी वैक्सीन की पहली खेप मिली। सीबीआईसी ने एक ट्वीट में कहा कि हैदराबाद सीमा शुल्क ने रूस से आयातित कोविड-19 वैक्सीन की खेप की निकासी की प्रक्रिया तेजी से निपटायी। सीबीआईसी ने ट्वीट किया, ‘‘हैदराबाद सीमा शुल्क ने रूस से आयातित स्पूतनिक वी वैक्सीन को शीघ्र निकासी की सुविधा दी।'' इस पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने ट्वीट में कहा, ‘‘हैदराबाद सीमा शुल्क, समय पर समुचित कार्य। वक्त की मांग है ये।'' सरकार ने पिछले महीने कोरोना वायरस संक्रमण के प्रकोप को रोकने के लिए आयातित टीकों के आपातकालीन उपयोग की अनुमति दी थी और उनके आयात पर सीमा शुल्क को माफ कर दिया था। सरकार ने एक मई से 18 वर्ष से अधिक उम्र के नागरिकों के टीकाकरण की अनुमति भी दी है।रूस ने 11 अगस्त 2020 को कोरोना वायरस की वैक्सीन स्पूतनिक वी को मंजूरी दी थी। इसके बाद सितंबर में डॉ रेड्डीज लैबोरेटरीज और रूसी प्रत्यक्ष निवेश कोष (आरडीआईएफ) ने स्पुतनिक वी के चिकित्सकीय परीक्षण के लिए एक समझौता किया था। डॉ रेड्डीज को रुसी वैक्सीन के नियंत्रित आपातकालिक उपयोग की अनुमति पहले ही मिल चुकी है। शनिवार को भारत में कोविड19 संक्रमण के 4.01 लाख नए मामले सामने आए जो एक रिकार्ड है। इसके साथ 3,523 लोगों की कोराना से मौत की भी सूचना है।
- इंदौर (मध्यप्रदेश) । कोविड-19 के प्रकोप के चलते यात्रियों की तादाद में बड़ी कमी को देखते हुए पश्चिम रेलवे ने रतलाम मंडल से होकर चलने वाली 44 ट्रेनों का परिचालन अगले आदेश तक निरस्त कर दिया है। रेलवे के एक जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि महामारी के प्रकोप से यात्रियों की तादाद में बड़ी गिरावट के चलते मुंबई, दिल्ली, लिंगमपल्ली, नागपुर, गांधीनगर, अमृतसर, पुरी और अन्य शहरों से रतलाम मंडल में आने-जाने वाली 44 ट्रेनों को निरस्त किया गया है। जनसंपर्क अधिकारी ने यह भी बताया कि रतलाम मंडल में चलने वाली चार यात्री रेलगाड़ियों के फेरों में कटौती की गई है। उनमें इंदौर-उदयपुर स्पेशल एक्सप्रेस (अप और डाउन) और इंदौर-मुंबई सेंट्रल स्पेशल एक्सप्रेस (अप और डाउन) शामिल हैं। उन्होंने बताया कि ट्रेनें निरस्त करने और इनके फेरों में कटौती का उक्त निर्णय पश्चिम रेलवे के अगले आदेश तक प्रभावी रहेगा।
- बुलंदशहर, उप्र। जिले के डिबाई थाना क्षेत्र में दिल्ली-बदायूं राजमार्ग पर बीती रात गांव सब्दलपुर के पास एक वैन और बस के बीच हुई आमने-सामने की भीषण टक्कर में वैन में सवार दो महिलाओं सहित छह लोगों की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई और एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। डिबाई थाना प्रभारी दिलीप सिंह ने बताया कि हादसे की चपेट में आए सभी लोग खुर्जा देहात थाना क्षेत्र के गांव फरीदपुर के निवासी थे जो संभल से एक मातम कार्यक्रम से लौट रहे थे। उन्होंने बताया कि मृतकों में रामवती, भूदेवी, प्रताप सिंह, वीरेंद्र सिंह, रोहित और वैन चालक कालू शामिल हैं। अधिकारी ने बताया कि दुर्घटना में घायल विमला देवी को हायर सेंटर रेफर किया गया और पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही बुलंदशहर के पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) व अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने बस चालक को गिरफ्तार कर लिया है।
- बलिया। जिले में फेफना थाना क्षेत्र के माल्देपुर गांव में 22 वर्षीय एक युवक ने कथित तौर पर नशे में धुत होकर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने शनिवार को युवक का शव बरामद कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी। इस संबंध में पुलिस ने बताया कि माल्देपुर गांव निवासी मनजीत बिंद शुक्रवार रात एक तिलक कार्यक्रम में शामिल होकर नशे में धुत होकर घर लौटा तथा अपने कमरे में साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बारे में पता तब चला जब आज सुबह उसके पिता उसे जगाने पहुँचे। थाना प्रभारी संजय त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि युवक अविवाहित था और पुलिस आत्महत्या के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
- कौशांबी । कौशांबी जिले के कड़ा धाम थाना क्षेत्र में शनिवार को लॉकडाउन के दौरान गंगा नदी में नहाने गए तीन युवक गहरे पानी में जाने से डूब गए। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से तीनों युवकों के शव बरामद किए। पुलिस सूत्रों के अनुसार थाना कडाधाम क्षेत्र के मीरापुर गांव निवासी मोहम्मद रजा (25) मोहम्मद रज्जन (18) व मोहम्मद साहिल (21) अपने साथियों के साथ दोपहर कड़ा धाम गंगा नदी के हनुमान घाट पर नहाने गए थे। इसी दौरान वे गहरे पानी में जाने के कारण डूब गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की सहायता से तीनों के शव बरामद किए। थानाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह ने बताया कि मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे जाएंगे।---file photo
- नयी दिल्ली। प्रख्यात सितारवादक पंडित देवब्रत चौधरी का कोविड-19 संबंधी जटिलताओं के कारण शनिवार को दिल्ली के एक अस्पताल में निधन हो गया। उनके बेटे प्रतीक चौधरी ने यह जानकारी दी। वह 85 वर्ष के थे।प्रतीक ने देबू चौधरी के नाम से प्रसिद्ध, अपने पिता के निधन की जानकारी अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर दी। उन्होंने लिखा, मेरे पिता, सितार के दिग्गज, पंडित देबू चौधरी...नहीं रहे। उन्हें कोविड के साथ ही मनोभ्रंश की जटिलताओं के साथ भर्ती कराया गया और उन्हें आज (एक मई, 2021) मध्यरात्रि के आस-पास आईसीयू में वेंटिलेटर पर रखा गया था..जिसके बाद उन्हें दिल का दौरा पड़ा और उन्हें बचाया नहीं जा सका....सभी प्रयासों और प्रार्थनाओं के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।” सितारवादक के परिवार में उनके बेटे प्रतीक, बहू रूना और पोती रयाना तथा पोता अधिराज हैं।उनकी नाजुक स्थिति को लेकर संकट का एक संदेश (एसओएस) ट्विटर पर पोस्ट किया गया था। उनके प्रशंसकों के संदेश के बाद, चौधरी को गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया। बाद में उन्हें आईसीयू में रखा गया लेकिन उनकी स्थिति बिगड़ गई। भारत के प्रख्यात सितारवादकों में से एक, चौधरी संगीत के सेनिया घराना से थे। उन्हें पद्म भूषण और पद्मश्री से सम्मानित किया गया था।
- नयी दिल्ली। दिल्ली में शनिवार की सुबह गर्म रही जहां न्यूनतम तापमान सामान्य से तीन डिग्री अधिक 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञान विभाग ने शाम तक हल्की बारिश या आसमान में बादल छाए रहने के साथ ही बूंदाबादी का अनुमान व्यक्त किया है। मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया कि अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है। सुबह साढ़े आठ बजे हवा में नमी का स्तर 41 प्रतिशत दर्ज किया गया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के मुताबिक शहर में वायु गुणवत्ता ‘खराब' श्रेणी में रही जहां सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 258 दर्ज किया गया।
- हमीरपुर (उप्र)। उत्तर प्रदेश में हमीरपुर जिले के सुमेरपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात एक ट्रैक्टर-ट्रॉली ने तिपहिया वाहन को टक्कर मार दी जिससे इसमें सवार तीन मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई और छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि यह हादसा शुक्रवार रात करीब साढ़े नौ बजे सुमेरपुर थाना क्षेत्र में चंदपुरवा गेट के पास हुआ जिसमें तपहिया सवार मजदूर सोनू कुशवाहा (27), हरिप्रसाद यादव (26) और मनोज उर्फ जुम्मी शिवहरे (23) की मौके पर ही मौत हो गई। उन्होंने बताया कि हादसे में रोहित यादव (22), इमरान खान (23), सुनील यादव (26), बबलू कुशवाहा (27), सुरेश सोनकर (24) और अंकित सोनकर (23) गंभीर रूप से घायल हो गए। सिंह ने कहा कि इंगोहटा गांव निवासी मजदूर रात में ऑटो में सवार होकर सुमेरपुर कस्बे की एक इस्पात फैक्टरी में काम करने जा रहे थे कि रास्ते में हादसा हो गया। अधिकारी ने कहा कि मृत मजदूरों के शवों का आज पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है और साथ ही घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
-
भरूच। गुजरात के भरूच में एक अस्पताल में शुक्रवार देर रात आग लगने से कोरोना वायरस के कम से कम 18 मरीजों की मौत हो गई।
हादसे की दिल दहला देने वाली तस्वीरों में कुछ मरीजों के शव तक स्ट्रेचरों और बेड पर झुलसते हुए नजर आए। एक अधिकारी ने बताया कि चार मंजिला वेलफेयर अस्पताल में देर रात एक बजे हुए इस हादसे के वक्त करीब 50 अन्य मरीज भी थे जिन्हें स्थानीय लोगों एवं दमकल कर्मियों ने सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया, "सुबह साढ़े छह बजे की सूचना के मुताबिक, हादसे में मृतक संख्या 18 है। आग लगने के तुरंत बाद, हमें 12 मरीजों के मौत की पुष्टि की गई थी।"भरूच के पुलिस अधीक्षक (एसपी) राजेंद्र सिंह चुड़ासमा ने बताया कि कोविड-19 वार्ड में 12 मरीजों की मौत आग और उससे निकले धुएं की वजह से हुई। यह स्पष्ट नहीं है कि शेष छह मरीजों की मौत भी अस्पताल के भीतर ही हुई या उनकी मौत दूसरे अस्पतालों में ले जाने के दौरान हुई। कोविड-19 के इलाज के लिए निर्धारित यह अस्पताल राजधानी अहमदाबाद से करीब 190 किलोमीटर दूर भरूच-जंबूसार राजमार्ग पर स्थित है और इसका संचालन एक न्यास करता है। अधिकारी ने कहा कि आग के कारणों का पता लगाया जा रहा है। दमकल के एक अधिकारी ने बताया कि आग पर एक घंटे के भीतर काबू पा लिया गया और करीब 50 मरीजों को स्थानीय लोगों एवं दमकल कर्मियों की मदद से सुरक्षित निकाला गया। उन्होंने बताया कि इन मरीजों को पास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपाणी ने आग की इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। श्री मोदी ने ट्वीट में कहा है कि उन्हें अग्निकांड में लोगों की मौत होने से बहुत दुख हुआ है। - नई दिल्ली। बिहार के सीवान से सांसद रह चुके आर जे डी नेता मोहम्मद शहाबुद्दीन का कोरोना से निधन हो गया। वे दिल्ली के तिहाड़ जेल में बंद थे । कोरोना से संक्रमित होने के बाद हालत गम्भीर होने पर दिल्ली के एक अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया था। आरजेडी के बाहुबली नेता माने जाने वाले शहाबुद्दीन हत्या के संगीन मामले में दिल्ली की तिहाड़ जेल में सजा काट रहे थे। तिहाड़ जेल के डीजी ने उनके निधन की पुष्टि कर दी है।तिहाड़ जेल प्रशासन को शहाबुद्दीन के कोरोना संक्रमित होने का पता तब लगा जब, 20 अप्रैल को उसकी हालत अचानक बिगडऩे लगी। जिस तरह के उसके शरीर में लक्षण नजर आए, उसके मद्देनजर कोरोना संक्रमण की जांच कराई गई। रिपोर्ट पॉजिटिव आते ही शहाबुद्दीन को तुरंत तिहाड़ जेल के चिकित्सकों की निगरानी में दे दिया गया। इसके बाद भी शहाबुद्दीन की हालत नहीं सुधरी और उन्हें वेंटिलेटर पर शिफ्ट करना पड़ा। कल से ही उनकी तबीयत और बिगडऩे लगी और आज शहाबुद्दीन ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
- जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की टीम ने झुंझुनू में अतिरिक्त जिला जज (एडीजे) न्यायालय, चिड़ावा के लोक अभियोजक व टाईपिस्ट (निजी व्यक्ति) को 55 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया।भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक भगवान लाल सोनी ने बताया कि परिवादी द्वारा शिकायत दी गई कि उसके विरूद्ध थाना चिड़ावा में दर्ज मामले में मदद करने व मुलजिम कम करने की एवज में एडीजे न्यायालय चिड़ावा के लोक अभियोजक (पीपी) मोहम्मद खादिम व पुलिस थाना चिड़ावा के कांस्टेबल (रीडर) अनिल कुमार द्वारा 55 हजार रुपये की राशि रिश्वत मांगकर परेशान किया जा रहा है।ब्यूरो की टीम ने शिकायत का सत्यापन कर शुक्रवार को ट्रेप कार्रवाई की। इसमें आरोपी लोक अभियोजक मोहम्मद खादिम द्वारा रिश्वत के 55 हजार रूपये जितेन्द्र कुमार टाइपिस्ट (निजी व्यक्ति) को दिलवाने पर दोनों को मौके पर रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। इस मामले में चिड़ावा के थानाधिकारी लक्ष्मीनारायण (पुलिस निरीक्षक) व कांस्टेबल (रीडर) अनिल कुमार, एसीबी की कार्रवाई की भनक लगने पर मौके से फरार हो गये जिनकी तलाश की जा रही है। आरोपियों के निवास व अन्य ठिकानों की तलाशी जारी है। एसीबी मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अन्तर्गत प्रकरण दर्ज कर आगे जांच करेगी।
- नई दिल्ली। बिहार सरकार ने उन सरकारी अधिकारियों को विशेष पारिवारिक पेंशन देने का फैसला किया है जिनकी राज्य में कोविड संक्रमण से मृत्यु हो गई थी। यह निर्णय शुक्रवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की अध्यक्षता में राज्य मंत्रिमंडल की बैठक में लिया गया। हाल ही में राज्य में कोविड संक्रमण से कई सरकारी अधिकारियों की मृत्यु हो गई थी।
- नई दिल्ली। दिल्ली के उप-राज्यपाल अनिल बैजल कोरोना से संक्रमित हो गए हैं। शुक्रवार को अपने एक ट्वीट में श्री बैजल ने कहा है कि उनके हल्के लक्षण हैं और लक्षणों की शुरूआत के बाद वे घर पर ही पृथकवास में हैं। उन्होंने कहा है कि मेरे संपर्क में आए सभी लोगों की कोरोना जांच हो चुकी है। उप-राज्यपाल ने कहा है कि दिल्ली में अपने निवास से ही स्थिति पर नजर रखेंगे तथा कार्य करना जारी रखेंगे।
- नई दिल्ली। मशहूर न्यूज एंकर रोहित सरदाना की मौत हो गई है। लंबे समय तक जी न्यूज में एंकर रहे रोहित सरदाना इन दिनों आज तक न्यूज चैनल में एंकर के तौर पर काम कर रहे थे। उन्हें शुक्रवार को सुबह हार्ट अटैक आया, जिसमें उनकी मौत हो गई। वे कोरोना वायरस से भी संक्रमित थे। हार्ट अटैक के बाद उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था, लेकिन बचाया नहीं जा सका। वे 43 वर्ष के थे।लंबे समय से टीवी मीडिया का चेहरा रहे रोहित सरदाना इन दिनों 'आज तक' न्यूज चैनल प्रसारित होने वाले शो 'दंगल' की एंकरिंग करते थे। 2018 में ही रोहित सरदाना को गणेश शंकर विद्यार्थी पुरस्कार से नवाजा गया था।गृहमंत्री अमित शाह ने टेलीविजन पत्रकार रोहित सरदाना के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। श्री शाह ने एक ट्वीट में कहा कि राष्ट्र ने एक निर्भीक और बहादुर पत्रकार को खो दिया है, जो हमेशा निष्पक्ष रिपोर्टिंग के लिये तत्पर रहा। गृहमंत्री ने रोहित के परिजनों और प्रशंसकों के प्रति संवेदना व्यक्त की है।
- नई दिल्ली। पूर्व एटॉर्नी जनरल और पद्मविभूषण से सम्मानित सोली सोराबजी का आज निधन हो गया। कोरोना वायरस से संक्रमित होने के बाद उन्हें दक्षिण दिल्ली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 91 वर्षीय सोली सोराबजी विधि क्षेत्र में अपने लंबे और उल्लेखनीय कॅरिअर में कई प्रतिष्ठित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय संगठनों में महत्वपूर्ण पदों पर रहे।राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने जाने-माने न्यायविद् सोली सोराबजी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। श्री कोविंद ने एक ट्वीट में कहा कि हमने भारतीय न्यायिक प्रणाली की एक विलक्षण प्रतिभा को खो दिया है। उन्होंने कहा कि सोली सोराबजी उन गिने चुने लोगों में थे जिन्होंने संवैधानिक कानून और न्यायिक प्रणाली पर गहरा असर डाला। राष्ट्रपति कोविंद ने सोली सोराबजी के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की।उपराष्ट्रपति एम.वेंकैया नायडू ने पूर्व एटॉर्नी जनरल सोली सोराबजी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। एक ट्वीट में उपराष्ट्रपति ने कहा कि सोली सोराबजी मानवाधिकारों के प्रबल समर्थक थे और उन्होंने अपने कार्यो से देश को अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर ख्याति दिलाई। उन्होंने कहा कि सोली सोराबजी स्वयं में ही एक संस्था और समर्थ विधिवेत्ता थे। उपराष्ट्रपति ने कहा कि उनके निधन से न्यायिक प्रणाली की अपूरणीय क्षति हुई है। श्री नायडू ने उनके परिजनों के प्रति संवेदना प्रकट की।प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जाने-माने न्यायविद सोली सोराबजी के निधन पर दुख व्यक्त किया है। प्रधानमंत्री ने एक ट्वीट में कहा है कि सोली सोराबजी एक उत्कृष्ट अधिवक्ता और बुद्धिजीवी थे। उन्होंने कहा कि सोली सोराबजी ने कानून के जरिए गरीबों और वंचित लोगों की मदद की। प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के अटार्नी जनरल के रूप में उनके विशेष कार्यकाल को याद किया जाएगा। प्रधानमंत्री ने उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति भी संवेदना व्यक्त की।
- नई दिल्ली। केंद्र ने राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को को आदेश दिया कि जिन जिलों में कोविड-19 के ज्यादा मामले हैं, वहां वायरस के प्रचार को रोकने के लिये गहन और स्थानीय निरूद्ध क्षेत्र बनाने जैसे उपाय किए जाएं । गृह मंत्रालय ने महामारी को देखते हुए मई महीने के लिए जारी नए दिशा-निर्देश में देश में कहीं भी लॉकडाउन लगाने के बारे में कुछ नहीं कहा है। इसने राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों से कहा कि उन जिलों की पहचान करें जहां या तो कोविड-19 संक्रमण की दर दस फीसदी से अधिक है या जहां पिछले एक हफ्ते में बिस्तर भरने की दर 60 फीसदी से अधिक है।गृह मंत्रालय ने कहा कि इनमें से किसी भी मानक को पूरा करने वाले जिले को गहन और स्थानीय निरूद्ध क्षेत्र बनाने के उपायों के लिए विचार किया जा सकता है। गृह मंत्रालय के आदेश के साथ सामुदायिक निरूद्ध क्षेत्र और बड़े निरूद्ध क्षेत्र जैसे इलाके बनाने की रूपरेखा लागू करने के लिए स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय की सलाह को भी इसमें जोड़ा गया है। बयान में कहा गया कि कोविड-19 प्रबंधन के लिए राष्ट्रीय दिशानिर्देश पूरे देश में कड़ाई से लागू रहेगा। गृह मंत्रालय का आदेश 31 मई तक प्रभावी रहेगा।
-
नई दिल्ली। वित्त मंत्रालय ने भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (सेबी) के पूर्णकालिक सदस्य पद पर नियुक्ति के लिये आवेदन देने की अंतिम तारीख बढ़ाकर 14 मई कर दी है। भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड में चार पूर्णकालिक सदस्य होते हैं।
वित्त मंत्रालय ने मार्च में पद के लिये विज्ञापन दिया था। इसके लिये आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि 30 अप्रैल थी। मंत्रालय ने गुरुवार को एक अधिसूचना में कहा कि सेबी के पूर्णकालिक सदस्य पद के लिये 24 मार्च, 2021 के जारी परिपत्र के तहत आवेदन जमा करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 14 मई, 2021 कर दी गयी है। - जयपुर। वैश्विक महामारी कोरोना वायरस की दूसरी लहर ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। देश के तकरीबन हर राज्य इस समय ऑक्सीजन की कमी, अस्पतालों में बेड्स की कमी और कोरोना से हो रही मौत का सामना कर रहे हैं। हालांकि, इस भयावह माहौल में एक गांव ऐसा भी है, जहां आजतक कोरोना के एक भी केस नहीं आए हैं। यह गांव कोरोना महामारी से पूरी तरह से सुरक्षित है। आइए जानते हैं इस गांव के बारे में...दरअसल, हम राजस्थान के सीकर जिले में पडऩे वाले सुखपुरा गांव की बात कर रहे हैं। राजस्थान का यह गांव खुद को महामारी से बिल्कुल सुरक्षित रखा है, जिसके पीछे सबसे बड़ी वजह है यहां के रहने वाले लोगों का अनुशासन और सावधानी। पिछले साल जब कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन लगा था, तो गांव के लोगों ने सभी मुख्य रास्तों को बंद कर दिया था। इसके साथ ही बाहर से आने वाले लोगों की जांच भी शुरू कर दी थी।एक ओर दुनिया कोरोना वायरस के संक्रमण को झेल रही है, तो दूसरी ओर अरावली की पहाडिय़ों की तलहटी में बसे करीब 3 हजार की आबादी वाले सुखपुरा गांव में अब तक संक्रमण के एक भी केस सामने नहीं आए हैं। पिछले साल लॉकडाउन के दौरान गांव के लोगों ने प्रशासन के साथ मिलकर सभी रास्तों को बंद कर दिया था और गांव के बाहर ही आइसोलेशन और क्वारंटाइन सेंटर बना दिया था।आइसोलेशन और क्वारंटाइन सेंटर में रहने वाले लोगों के लिए ग्रामीणों ने खाने-पीने का भी प्रबंध किया था। इसके साथ ही गांव में साफ-सफाई का भी विशेष ध्यान रखा गया। इन्हीं सब वजहों से गांव के सभी लोग कोरोना को लेकर आज भी सुरक्षित हैं। कोरोना के कारण राजस्थान में भी हालात काफी खराब हो गए हैं। लेकिन सुखपुरा गांव ना केवल राजस्थान में बल्कि पूरे देश में सुरक्षित रहने का मिसाल पेश कर रहा है।--
- भोपाल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में एक मई से 18 से 44 वर्ष के आयु वाले व्यक्तियों का कोरोना टीकाकरण अभियान प्रारंभ किया जाना था, लेकिन टीका निर्माता कंपनियों से टीका प्राप्त नहीं होने के कारण यह अभियान एक मई से प्रारंभ नहीं किया जा सकेगा।उन्होंने कहा कि प्रदेश में तीन मई को टीकों की खुराक मिलने की संभावना है और उसके बाद इस आयु वर्ग का टीकाकरण का कार्य किया जाएगा। हालांकि, चौहान ने कहा कि 45 वर्ष से अधिक उम्र वाले व्यक्तियों के टीकाकरण का कार्य निरंतर जारी रहेगा। चौहान ने गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास से वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से प्रदेश में कोरोना टीकाकरण कार्य की समीक्षा करते हुए यह बात कही। उन्होंने कहा, ''कोरोना का टीका 18 वर्ष से 44 वर्ष तक के उम्र वाले व्यक्तियों को भी नि:शुल्क लगाया जाएगा। जैसे-जैसे निर्माता कंपनियों से टीकों की खुरका प्राप्त होंगे, वैसे-वैसे टीकाकरण किया जाएगा।'' चौहान ने निर्देश दिए कि कोरोना संक्रमण के मद्देनजर टीकाकरण के लिए नए केंद्र स्थापित किए जायें, अस्पतालों में टीकाकरण कार्य नहीं किया जाए। मध्य प्रदेश में 28 अप्रैल तक कोविड-19 टीके की 80 लाख 66 हजार 980 खुराक दी गईं, जिनमें से 70 लाख 19 हजार 763 पहली खुराक तथा 10 लाख 47 हजार 217 दूसरी खुराक दी गईं हैं।---
- नई दिल्ली/चंडीगढ़। कोरोना वायरस से गंभीर रूप से बीमार मरीजों के इलाज में काम आ रही एंटी वायरल दवा रेमडेसिवीर की कालाबाजारी के आरोप में गुरुवार को दिल्ली से एक डॉक्टर और प्रयोगशाला तकनीशियन को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के अधिकारी ने बताया कि सूचना के आधार पर पुलिस के नारकॉटिक्स प्रकोष्ठ ने दो संदिग्धों 32 वर्षीय डॉक्टर विष्णु अग्रवाल और प्रयोगशाला तकनीशियन निखिल गर्ग (22) को गिरफ्तार कर लिया और उनके कब्जे से आठ इंजेक्शन बरामद किये गये हैं। पुलिस ने बताया कि वे 45 हजार रुपये में इंजेक्शन बेच रहे थे।इस बीच चंडीगढ़ में हरियाणा पुलिस ने बताया कि उसने इंजेक्शन की कालाबाजारी के आरोप में पानीपत जिले से दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने एक बयान में बताया कि एक आरोपी प्रमुख नैदानिक प्रयोगशाला का प्रबंधक है जबकि दूसरा एक अस्पताल में दवा की दुकान चलाता है। उन्होंने बताया कि आरोपी रेमडेसिवीर की एक शीशी 20,000 रुपये में बेच रहे थे और शुरुआती जांच में पता चला है कि वे अबतक 12 इंजेक्शन बेच चुके हैं।






.jpg)
.jpg)











.jpg)

.jpg)


.jpg)


