- Home
- मनोरंजन
- नयी दिल्ली। 'जन्नत' और '3जी- ए किलर कनेक्शन' जैसी फिल्मों में अभिनय से मशहूर हुईं अभिनेत्री सोनल चौहान ने सभी उड़ान सेवाओं के अनिश्चितकालीन निलंबन के बीच दुबई में फंस होने पर भारत लौटने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मदद का अनुरोध किया। पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव के कारण दुबई में उड़ानें निलंबित कर दी गईं।सोनल ने 'इंस्टाग्राम' पर एक नोट साझा किया और कहा कि भारत लौटने का कोई रास्ता दिखाई नहीं दे रहा है। उन्होंने लिखा, "प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी, मैं मौजूदा संकट के कारण फिलहाल दुबई में फंसी हुई हूं। उड़ानें रद्द हैं और भारत लौटने का कोई रास्ता नहीं दिखाई दे रहा।" सोनल ने कहा, "मैं सुरक्षित घर वापसी के लिए सरकार से मदद का अनुरोध करती हूं। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए आभारी रहूंगी।" बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु 'ऑल इंग्लैंड ओपन बैडमिंटन टूर्नामेंट' के लिए ब्रिटेन के बर्मिंघम जा रही थीं लेकिन वह भी दुबई में फंस गईं।
- नयी दिल्ली. सरकार ने रविवार को घोषणा की कि 'स्किल इंडिया डिजिटल हब' (एसआईडीएच) की पहुंच बढ़ाने के लिए संचालित किए जा रहे एक नए राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत अभिनेता अमिताभ बच्चन से इसके प्रचार-प्रसार के लिए संपर्क किया गया है। भारत में एसआईडीएच के माध्यम से डिजिटल कौशल विकास आंदोलन को गति देने के लिए ''बढ़ना है तो यहां जुड़ना है'' अभियान की शुरुआत कौशल विकास और उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी ने हाल ही में संपन्न हुए एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान की। इस संबंध में जारी एक बयान में कहा गया, ''इसके राष्ट्रव्यापी प्रचार अभियान के तहत, इस अभियान में जाने-माने अभिनेता अमिताभ बच्चन को शामिल किया गया है, जिनकी व्यापक लोकप्रियता और व्यापक जन अपील से स्किल इंडिया डिजिटल हब (एसआईडीएच) के प्रति जागरूकता एवं भागीदारी और मजबूत होने की उम्मीद है। एसआईडीएच भारत का कौशल विकास, रोजगार और आजीवन सीखने के लिए एकीकृत डिजिटल मंच है।'' इस अभियान का उद्देश्य एसआईडीएच तक पहुंच को और अधिक बढ़ाना है, जिसमें पहले से ही 1.5 करोड़ से अधिक पंजीकृत उम्मीदवार शामिल हो चुके हैं और यह देश के सबसे बड़े एकीकृत डिजिटल कौशल विकास मंचों में से एक के रूप में उभरा है। बयान के अनुसार, जैसे-जैसे भारत तेजी से 'विकसित भारत' की दिशा में आगे बढ़ रहा है और कृत्रिम बुद्धिमत्ता, ऑटोमेशन व डिजिटल नवाचार के बदलावों का सामना कर रहा है, उसी बीच एसआईडीएच को एक केंद्रीय मंच के रूप में स्थापित किया गया है। इसका उद्देश्य नागरिकों को नए कौशल सिखाने, मौजूदा कौशल को निखारने और उनके करियर को भविष्य के लिए तैयार करना है। चौधरी ने इसकी शुरुआत के अवसर पर कहा, ''एसआईडीएच इस बात का बेहतरीन उदाहरण है कि कैसे डिजिटल सार्वजनिक अवसंरचना आजीवन सीखने को बढ़ावा दे सकती है और वास्तविक आर्थिक अवसर पैदा कर सकती है, खासकर एआई और (ऑटोमेशन) स्वचालन के इस युग में। 'बढ़ना है तो यहां जुड़ना है' अभियान के माध्यम से हम हर भारतीय को इस परिवेशी तंत्र से जुड़ने और अपने विकास की यात्रा में अगला कदम उठाने के लिए आमंत्रित कर रहे हैं।'' एसआईडीएच का संचालन कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एसएनडीसी) द्वारा किया जाता है।
- मुंबई. बॉलीवुड अभिनेता रितिक रोशन ने दिवंगत फिल्मकार और अपने गुरु एमएम बेग की याद में शनिवार को एक भावुक संदेश पोस्ट किया। उन्होंने बेग को अपने एक्टिंग करियर को आकार देने वाली नींव बताया। गुजरे जमाने की मशहूर बाल कलाकार बेबी गुड्डू के पिता बेग हाल ही में अपने आवास पर मृत पाए गए थे।साल 2000 में प्रदर्शित फिल्म 'कहो न प्यार है' से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत करने वाले रितिक ने कहा कि बेग ने न सिर्फ उनमें "आत्मविश्वास" पैदा किया, बल्कि "झिझक" दूर करने में भी उनकी मदद की। रितिक ने लिखा, "मेरे प्यारे बेग जी, अभिनेता के रूप में अपने सफर की शुरुआत में मुझे जिस शिक्षक की सख्त जरूरत थी, उसकी भूमिका निभाने के लिए मैं आपका सदा आभारी रहूंगा। आपने संवाद अदायगी के मामले में आत्मविश्वास हासिल करने में मेरी काफी मदद की... आपने मेरे अंदर के अभिनेता को आकार देने में अहम भूमिका निभाई। मेरे अंदर की झिझक को दूर करने में मदद करने के साथ-साथ मेरी कमजोरियों को ताकत में तब्दील करने के लिए भी आपका शुक्रिया।" अभिनेता ने कहा, "मैं भटक गया था। आपने मुझे सही राह दिखाई। उस समय मैं सिर्फ 18 साल का था। मैं आज भी आपकी ओर से दी गई सीख पर अमल करता हूं। मुझे आपकी बहुत याद आएगी। ईश्वर आपकी आत्मा को शांति प्रदान करे मेरे गुरु।" बेग ने रितिक के पिता राकेश रोशन की 'काला बाजार' और 'किशन कन्हैया' सहित कई फिल्मों के असिस्टेंट डायरेक्टर के रूप में काम किया था।
- लंदन. ब्रिटिश एकेडमी फिल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स 2026 (बाफ्टा) से पहले लंदन में आयोजित अपनी तरह के पहले दक्षिण एशियाई समारोह में मणिपुरी कॉमेडी-ड्रामा फिल्म ''बूंग'' और गीता गांधबीर द्वारा निर्देशित वृत्तचित्र ''द परफेक्ट नेबर'' सुर्खियों में रहे। फरहान अख्तर की एक्सेल एंटरटेनमेंट द्वारा निर्मित और नवोदित निर्देशक लक्ष्मीप्रिया देवी द्वारा निर्देशित फिल्म ''बूंग'' बाफ्टा पुरस्कार की सर्वश्रेष्ठ बाल एवं पारिवारिक फिल्म श्रेणी में पुरस्कार की दौड़ में शामिल है। भारतीय अमेरिकी निर्देशक गीता गांधबीर को उनकी फिल्म ''द परफेक्ट नेबर'' के लिए सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र बाफ्टा पुरस्कार के लिए नामित किया गया है। साथ ही अगले महीने ऑस्कर में सर्वश्रेष्ठ वृत्तचित्र फीचर के लिए भी इसे नामित किया गया है। शुक्रवार शाम को लंदन में बाफ्टा मुख्यालय में आयोजित 'सेलिब्रेटिंग साउथ एशियंस' कार्यक्रम में अपने संबोधन में गांधबीर ने कहा, ''हम एक ऐसे समय में रह रहे हैं, खासकर अमेरिका में, जो बेहद चिंताजनक और खतरनाक समय है।'' उन्होंने कहा, ''एशियाई और दक्षिण एशियाई होने के नाते यहां होना बहुत अच्छा लग रहा है। मैं सभी को याद दिलाना चाहती हूं कि यह समय है कि हम अन्य हाशिए पर पड़े समुदायों के साथ मिलकर काम करें।'' एमी पुरस्कार से सम्मानित फिल्म निर्माता ने कहा, ''मुझे फिल्म जगत में पहला मौका देने वाले महान स्पाइक ली थे... असल में अमेरिका के अश्वेत समुदाय ने ही मेरे लिए दरवाजे खोले और मैं उन्हीं के कंधों पर खड़ी हूं। हम यह लड़ाई इसलिए लड़ रहे हैं... क्योंकि अमेरिका में जो कुछ होता है, उसका असर पूरी दुनिया पर पड़ता है। भयानक नीतियां, भयानक विचार फैलते हैं... हम सब मिलकर मजबूत हैं।'' पुरस्कार समारोह से पहले आयोजित कार्यक्रम में फिल्म ''बूंग'' का प्रतिनिधित्व फिल्म के सहायक निर्देशक राहुल शारदा ने किया। उन्होंने अपनी टीम की ओर से इस बात पर खुशी व्यक्त की कि भारत की एक क्षेत्रीय फिल्म को वैश्विक मंच पर पहचान मिल रही है। शारदा ने कहा, ''मुझे बॉलीवुड बहुत पसंद है, खासकर गाने-नाचने वाली फिल्में, लेकिन भारत अपनी सांस्कृतिक विविधता के कारण बहुत कुछ देने को तैयार है। यह जानकर बहुत खुशी होती है कि एक ऐसा मंच है जहां हमारे क्षेत्रीय सिनेमा को भी पहचान मिल रही है।'' इस कार्यक्रम का सह-आयोजन 'सोसाइटी ओ' द्वारा किया गया था, जो दक्षिण एशियाई उपलब्धियों को उजागर करने के लिए समर्पित ब्रिटेन स्थित एक सांस्कृतिक मंच है। लंदन के 'रॉयल फेस्टिवल हॉल' में रविवार को 79वें वार्षिक बाफ्टा पुरस्कार समारोह का आयोजन किया जायेगा।
-
नयी दिल्ली. बॉलीवुड अभिनेता जैकी श्रॉफ ने मशहूर अभिनेत्री नूतन को उनकी 35वीं पुण्यतिथि पर सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए श्रद्धांजलि दी। अभिनेता ने शनिवार को अपने 'इंस्टाग्राम' हैंडल पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें नूतन की कई ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीरें थीं। साथ ही लिखा था, ''नूतन जी की पुण्यतिथि पर उनकी याद में।'' नूतन का जन्म 1936 में हुआ था और 21 फरवरी, 1991 को मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में उनका निधन हो गया। 1990 में नूतन को स्तन कैंसर का पता चला, जिसके बाद उनका इलाज शुरू हुआ। नूतन ने 1950 में अपने अभिनय करियर की शुरुआत की और वह ''मैं तुलसी तेरे आंगन की'', ''मिलन'' और ''सरस्वतीचंद्र'' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय के लिए जानी जाती हैं। श्रॉफ और नूतन ने राजीव राय द्वारा निर्देशित 1985 की फिल्म ''युद्ध'' और सोहनलाल कंवर द्वारा निर्देशित ''पैसा ये पैसा'' में साथ काम किया था।
-
मुंबई,। छत्रपति शिवाजी महाराज की 396वीं जयंती के अवसर पर जियो स्टूडियोज और मुंबई फिल्म कंपनी ने बृहस्पतिवार को अपनी आगामी फिल्म "राजा शिवाजी" का पहला पोस्टर जारी किया। फिल्म का निर्देशन कर रहे रितेश देशमुख ने सोशल मीडिया पर पोस्टर साझा किया। देशमुख ने इस फिल्म में मुख्य भूमिका भी निभाई है। इस पोस्टर में देशमुख छत्रपति शिवाजी महाराज के रूप में दिखायी दे रहे हैं, जिनके हाथ में तलवार है और उनके चेहरे पर दृढ़ संकल्प का भाव हैं। "राजा शिवाजी" मराठी और हिंदी में बन रही द्विभाषी फिल्म है। यह फिल्म एक मई को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।
-
मुंबई,। अभिनेत्री तापसी पन्नू का मानना है कि अब महिला प्रधान और लीक से हटकर फिल्में नहीं बन रही हैं क्योंकि ऐसी कहानियों के लिए दर्शकों का समर्थन नहीं मिल रहा है। मुख्यधारा और लीक से हटकर दोनों तरह के सिनेमा में सहजता से संतुलन बनाए रखने वाली पन्नू ने एक भरोसेमंद कलाकार के रूप में अपनी प्रतिष्ठा बनाई है और "थप्पड़", "मुल्क" व "पिंक" जैसे कई फिल्मों में दमदार अभिनय किया है। अभिनेत्री के अनुसार, लीक से अलग कहानियों को बड़े पर्दे पर उतारने की लड़ाई और भी कठिन हो गई है।
पन्नू ने एक साक्षात्कार में कहा, ''ऐसी फिल्में विलुप्ती की कगार पर पहुंच चुकी प्रजातियों की तरह हो गई हैं। मेरा अभिप्राय 'अस्सी' जैसी फिल्मों से है। हमारे तथाकथित व्यावसायिक सिनेमा का एक निश्चित ढांचा है जिसका हम पालन करते हैं और हम उस ढांचे में पारंपरिक रूप से फिट नहीं बैठते।'' पन्नू की नयी फिल्म ''अस्सी'' है। इसके निर्माता अनुभव सिन्हा हैं। पन्नू से सिन्हा के साथ 2018 में आई फिल्म "मुल्क" और 2020 की "थप्पड़" में भी काम किया था। अभिनेत्री ने इस धारणा को खारिज कर दिया कि लीक से हटकर बनने वाली फिल्में केवल डिजिटल मंच पर ही अपनी जगह बना पाएंगी। उन्होंने कहा कि 'स्ट्रीमिंग' मंच ने अपना ध्यान "बड़े पैमाने पर" दर्शकों को लुभाने पर केंद्रित कर दिया है। पन्नू ने कहा, "असलियत यह है कि लोग सोचते हैं कि इस तरह की फिल्में ओटीटी पर आती रहेंगी और हम उन्हें देखते रहेंगे। लेकिन नहीं, ओटीटी मंच भी इस तरह की फिल्में नहीं चाहते। वे केवल उन्हीं फिल्मों को चुनते हैं जो सिनेमाघरों में अच्छा प्रदर्शन कर रही हों।" पन्नू ने कहा, ''वे सिनेमाघर के दर्शकों को अपने मंच पर लाना चाहते हैं। वे कहते हैं, 'हमारे पास पहले से ही इस तरह के दर्शक हैं, हम अपने देश के उन लोकप्रिय मसाला फिल्मों के दर्शकों को अपने मंच से जोड़ना चाहते हैं।' इसीलिए मैं कहती हूं कि अगर लोगों को यह एहसास नहीं हुआ कि हमें इसे देखना चाहिए तो लीक से हटकर बनने वाली फिल्में विलुप्त हो जाएंगी। कभी-कभी वास्तविकता देखना भी अच्छा होता है।" सिनेमा की तुलना विभिन्न प्रकार के व्यंजनों से करते हुए अभिनेत्री (38) ने कहा कि जहां एक ओर व्यावसायिक सिनेमा "मुगलई" की अपनी अपील है, वहीं उद्योग को "दाल चावल" जैसी कहानियों की भी आवश्यकता है: ऐसी कहानियां जो रोजमर्रा की वास्तविकता पर आधारित हों। -
नयी दिल्ली. शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी अभिनीत फिल्म 'ओ रोमियो' ने रिलीज के पहले दिन घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 9.01 करोड़ रुपये की कमाई की। फिल्म निर्माताओं ने शनिवार को यह जानकारी दी। जाने माने फिल्म निर्माता विशाल भारद्वाज द्वारा निर्देशित यह फिल्म शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई। फिल्म में अविनाश तिवारी, तमन्ना भाटिया, दिशा पटानी और विक्रांत मैसी ने भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखे हैं। इसका निर्माण साजिद नाडियाडवाला ने 'नाडियाडवाला ग्रैंडसन एंटरटेनमेंट' के बैनर तले किया है। प्रोडक्शन बैनर ने अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर एक पोस्ट के जरिए यह खबर साझा की, जिसमें फिल्म का पोस्टर भी साझा किया गया था। पोस्टर पर लिखा था, ''पहले दिन देश भर में 9.01 करोड़ रुपये की कमाई। सिनेमाघरों में लगी हुई है।'' यह फिल्म मुंबई के अंडरवर्ल्ड गैंगस्टर हसीन उस्तरा (जिसका किरदार कपूर ने निभाया है) और अफशा (डिमरी) नाम की महिला के प्रेम कहानी के इर्द-गिर्द घूमती है। यह फिल्म भारद्वाज के साथ कपूर की चौथी फिल्म है, इससे पहले वे 'कमीने', 'हैदर' और 'रंगून' फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं। अभिनेत्री तृप्ति डिमरी ने सोशल मीडिया पर एक लंबा नोट साझा करते हुए अपनी नयी फिल्म 'ओ' रोमियो' की पूरी टीम के प्रयासों की सराहना की और कहा कि इस भूमिका ने उन्हें अपने कुछ नया करने के लिए प्रेरित किया। फिल्म 'एनिमल' की अभिनेत्री ने कहा कि इस प्रक्रिया में उन्होंने किरदार के प्रति पूरी तरह समर्पित होना सीखा। उन्होंने शुक्रवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर फिल्म की कई तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ''अफशान सिर्फ एक किरदार नहीं है, वह एक पल में शोला है तो दूसरे पल में उतनी ही नाजुक है। वह गहराई से महसूस करती है, बेधड़क प्यार करती है और अपनी पूरी ताकत से लड़ती है। ये भूमिका मेरे लिए चुनौतिपूर्ण थी, इस किरदार ने ईमानदारी के साथ, अपनी सहज स्थिति से बाहर निकलकर कुछ नया करने के लिए प्रेरित किया, जिसके लिए मैं हमेशा आभारी रहूंगी...।'' उन्होंने फिल्म के प्रति समर्पण के लिए भारद्वाज, अपने सह-कलाकार कपूर और अन्य कलाकारों की भी सराहना की।
- नयी दिल्ली. फिल्म निर्माता सैम मेंडेस की आगामी चार कड़ियों वाली फिल्म श्रृंखला में अभिनेता फरहान अख्तर सितार वादक रवि शंकर की भूमिका में नजर आएंगे। यह फिल्म 'द बीटल्स' पर आधारित है जो अप्रैल 2028 में सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।सोनी पिक्चर्स ने शुक्रवार को अपने आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर एक पोस्ट के माध्यम से अख्तर के फिल्म का हिस्सा होने की खबर साझा की। स्टूडियो ने पोस्ट किया, "सैम मेंडेस द्वारा निर्देशित 'द बीटल्स - ए फोर-फिल्म सिनेमैटिक इवेंट' के लिए नए कलाकारों की घोषणा की गई है। फरहान अख्तर रवि शंकर की भूमिका में, लूसी बॉयटन जेन एशर की भूमिका में, मॉर्फिड क्लार्क सिंथिया (पॉवेल) लेनन की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म में हैरी लॉटी, स्टुअर्ट सट्क्लिफ़ की भूमिका निभाएंगे। अप्रैल 2028 में सिनेमाघरों में फिल्म प्रदर्शित होगी।" यह चार फिल्मों की श्रृंखला दिग्गज ब्रिटिश बैंड की कहानी बयां करती है, जिसमें हर फिल्म बीटल्स के किसी एक सदस्य के नजरिए से बताई गई है।
- मुंबई. अभिनेता रणवीर सिंह और फिल्मकार रोहित शेट्टी को शुक्रवार को एक ऑडियो क्लिप के जरिए धमकी मिली, जिसमें प्रेषक ने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह का सदस्य "हैरी बॉक्सर" होने का दावा किया है। पुलिस ने यह जानकारी दी। रणवीर सिंह को इस हफ्ते दूसरी बार धमकी मिली है। वहीं, इस महीने की शुरुआत में मुंबई में शेट्टी के बहुमंजिला आवास पर पांच गोलियां चलाई गई थीं। इस संबंध में एक अधिकारी ने कहा कि ऑडियो क्लिप विभिन्न सोशल मीडिया मंचों पर प्रसारित हुई, जिसके बाद मुंबई पुलिस ने जांच शुरू की। यह भी संदेह है कि देश भर में कई अन्य को भी इसी तरह की धमकियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्लिप में सुनाई देने वाली आवाज वास्तविक है या एआई उपकरण का इस्तेमाल करके बनाई गई। क्लिप में कथित तौर पर बोलने वाले व्यक्ति ने खुद को हैरी बॉक्सर बताया, और शुक्रवार को अपने सहयोगी "सुनील मीणा" के साथ "पुर्तगाल में मरीना ग्रांडे" में एक दुकान पर गोलीबारी की जिम्मेदारी भी ली। इस हफ्ते की शुरुआत में सिंह के मैनेजर को व्हाट्सऐप के जरिए धमकी मिली थी। मुंबई पुलिस की अपराध शाखा मामले की जांच कर रही है। नयी धमकी में, "हैरी बॉक्सर" ने कहा है कि बिश्नोई गिरोह सिंह से इस तरह निपटेगा कि उनकी "अगली सात पीढ़ियां इसे याद रखेंगी।" क्लिप में कहा गया, ''आपको लोगों को सलाह देने और पुलिस में शिकायत दर्ज करने के लिए कहने का बहुत शौक है। आपने भी पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। कोई बात नहीं।" इसमें कहा गया, "हमारे पास हर मैनेजर और आपके साथ काम करने वाले हर व्यक्ति की पूरी जानकारी है। वे कहां रहते हैं, कब ऑफिस आते हैं। कब लौटते हैं। उनके परिवार कहां रहते हैं। हम आपको कुछ नहीं बताएंगे। हम आपके अधीन काम करने वाले लोगों को निशाना बनाना शुरू कर देंगे। तब आपको होश आएगा।" अधिकारी ने बताया कि अब तक सिंह ने कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई है, लेकिन पुलिस ने पहले ही उनकी सुरक्षा बढ़ा दी है।
-
नयी दिल्ली. वरिष्ठ अभिनेता अनुपम खेर ने उनके नाम से बनाए गए कई फर्जी सोशल मीडिया अकाउंट को लेकर अपने प्रशंसकों और फॉलोअर्स को सतर्क किया है और उनसे ऐसे प्रोफाइल से आने वाले किसी भी अनुरोध को अनदेखा करने की अपील की है। खेर ने मंगलवार को अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक वीडियो साझा किया। वीडियो में उन्होंने कहा कि कुछ लोग उनके नाम से फर्जी अकाउंट बनाकर उनकी तस्वीरों एवं वीडियो का इस्तेमाल कर रहे हैं और अन्य उपयोगकर्ताओं को संदेश एवं अनुरोध भेज रहे हैं। वीडियो में खेर यह कहते सुनाई देते हैं, ''मेरे प्यारे दोस्तों…, मेरे कुछ साथियों ने मुझे संदेश भेजकर बताया कि किसी ने मेरे नाम से इंस्टाग्राम पर अकाउंट खोल रखे हैं। उन्होंने मेरी प्रोफाइल तस्वीरें एवं वीडियो लगाए हैं और लोगों को अनुरोध भेज रहे हैं।'' उन्होंने कहा, ''मेरा ऐसा कोई अकाउंट नहीं है। कृपया उन्हें नजरअंदाज करें। मैं यह इसलिए कह रहा हूं क्योंकि मेरे कुछ करीबी दोस्तों ने मुझसे पूछा कि मैंने दूसरा अकाउंट क्यों खोला है, जबकि मैंने ऐसा नहीं किया।'' खेर ने स्पष्ट किया कि इंस्टाग्राम पर उनका केवल एक ही आधिकारिक अकाउंट है। अनुपम खेर की हालिया फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' है, जो 2025 में रिलीज हुई थी। इस फिल्म के जरिए उन्होंने 2002 की 'ओम जय जगदीश' के बाद निर्देशन में वापसी की। शुभांगी दत्त अभिनीत यह फिल्म ऑटिज़्म से पीड़ित महिला तन्वी रैना की कहानी बताती है। खेर आगामी फिल्म 'खोसला का घोसला 2' में नजर आएंगे, जो 2006 में आई लोकप्रिय फिल्म 'खोसला का घोसला' का सीक्वल है। इस फिल्म में रणवीर शौरी, तारा शर्मा सलूजा और किरण जुनेजा भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। फिल्म का निर्देशन प्रशांत भाटिया कर रहे हैं।
- -
नयी दिल्ली. अभिनेता सोनू सूद ने चेक बाउंस मामले में तिहाड़ जेल प्राधिकारियों के समक्ष आत्मसमर्पण करने वाले कॉमेडियन राजपाल यादव की मदद के लिए हाथ बढ़ाया है और उन्हें एक फिल्म में भूमिका के साथ अग्रिम राशि प्रदान करने की पेशकश की है। सूद ने फिल्म निर्माताओं और फिल्म उद्योग से जुड़े अन्य लोगों से भी अपील की कि वे इस संकट की घड़ी में अभिनेता–कॉमेडियन राजपाल यादव की मदद के लिए आगे आएं। राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय (एनएसडी) से स्नातक अभिनेता राजपाल यादव फिल्म 'मुझसे शादी करोगी', 'वक्त', 'फिर हेरा फेरी', 'पार्टनर', 'भूल भुलैया', 'हंगामा' और 'चुप चुप के' में अपने अभिनय के लिए जाने जाते हैं। अभिनेता द्वारा चेक बाउंस मामले में बकाया के भुगतान के लिए और समय मांगे जाने की अर्जी को दिल्ली उच्च न्यायालय द्वारा खारिज किए जाने के बाद उन्हें तिहाड़ जेल भेज दिया गया। अभिनेता को करीब नौ करोड़ रुपये का भुगतान करना है। वर्ष 2010 में यादव ने अपनी पहली निर्देशित फिल्म 'अता पता लापता' के लिए मैसर्स मुरली प्रोजक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड से पांच करोड़ रुपये का कर्ज लिया था। लेकिन फिल्म बॉक्स ऑफिस पर फ्लाप रही। यादव ने आत्मसमर्पण करने से पहले 'बॉलीवुड हंगामा' से कहा था कि उनके पास बकाया राशि चुकाने के लिए पैसे या अन्य कोई साधन नहीं हैं। जब उनसे पूछा गया कि क्या उन्होंने अपने सहकर्मियों से मदद ली, तो अभिनेता ने कहा कि फिल्म उद्योग में ''हर कोई अकेला'' है। सूद ने 'एक्स' पर एक 'पोस्ट' में फिल्म उद्योग से जुड़े साथियों से यादव की मदद करने की अपील की और उन्हें भविष्य की भूमिकाओं के लिए 'साइनिंग अमाउंट' देने के लिए कहा। सोनू सूद ने एक पोस्ट में लिखा, "राजपाल यादव एक प्रतिभाशाली अभिनेता हैं, जिन्होंने कई वर्षों से हमारे उद्योग में अविस्मरणीय काम किया है। कभी-कभी जीवन निष्ठुर हो जाता है, इसका कारण प्रतिभा नहीं, बल्कि बुरा वक्त होता है। वह मेरी फिल्म का हिस्सा होंगे और मेरा मानना है कि यह हम सभी... निर्माताओं, निर्देशकों और सहकर्मियों के लिए एक साथ खड़े होने का समय है।" अभिनेता ने कहा कि इस उद्योग को उन्हें यह महसूस कराना चाहिए कि वे अकेले नहीं हैं।
अभिनेता ने कहा, ''एक छोटा 'साइनिंग अमाउंट', जो भविष्य के काम के हिसाब से समायोज्य हो, दान नहीं बल्कि सम्मान है। जब हमारा कोई अपना किसी कठिन दौर से गुजर रहा हो… यह दिखाता है कि हम सिर्फ एक उद्योग नहीं, बल्कि इससे कहीं बढ़कर हैं।'' कई प्रशंसकों ने इस पोस्ट पर टिप्पणी करते हुए सूद के इस कदम की सराहना की।
-
नयी दिल्ली. पार्श्च गायन से संन्यास लेने की घोषणा कर प्रशंसकों को चौंका देने वाले गायक अरिजीत सिंह ने साई पल्लवी और जुनैद खान अभिनीत फिल्म 'एक दिन' के लिए गाना गाने की हामी भर दी है। निर्माताओं ने सोमवार को यह घोषणा की। 'एक दिन' के निर्देशन की जिम्मेदारी सुनील पांडे संभाल रहे हैं, जो बतौर निर्देशक उनकी पहली फिल्म है। यह फिल्म एक मई को सिनमेघरों में दस्तक देगी। निर्माता 'आमिर खान प्रोडक्शंस' ने इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में जानकारी दी कि अरिजीत 'एक दिन' के गाने को आवाज देंगे। कंपनी ने लिखा, "'एक दिन' के संगीत में इस कदर जान फूंकने के लिए धन्यवाद अरिजीत।" अरिजीत ने 27 जनवरी को पार्श्व गायन से संन्यास लेने की स्तब्ध कर देने वाली घोषणा की थी।
उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा था, "नमस्कार। आप सभी को नये साल की हार्दिक शुभकामनाएं। श्रोताओं के रूप में इतने वर्षों तक मुझे इतना प्यार देने के लिए मैं आप सभी का आभार जताना चाहता हूं। मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि अब से मैं पार्श्व गायक के रूप में कोई नया काम नहीं लूंगा। मैं पार्श्व गायन को अलविदा कह रहा हूं। यह एक शानदार सफर रहा। - नयी दिल्ली. फिल्म निर्माता आदित्य धर की जासूसी थ्रिलर फिल्म 'धुरंधर' ने नेटफ्लिक्स की वैश्विक शीर्ष 10 गैर-अंग्रेजी फिल्मों की सूची में पहला स्थान हासिल कर लिया है। भारत और अन्य बाजारों में फिल्म को जबरदस्त दर्शक मिले हैं। इनमें पाकिस्तान भी शामिल है, जहां से फिल्म की अधिकांश कहानी संबंधित है। नेटफ्लिक्स के टुडम साप्ताहिक सूची के अनुसार, 26 जनवरी से एक फरवरी तक 'धुरंधर' को 76 लाख लोगों ने देखा। जिसके बाद फिल्म ने गैर-अंग्रेजी फिल्मों में वैश्विक चार्ट में शीर्ष स्थान हासिल किया। रणवीर सिंह अभिनीत यह फिल्म पाकिस्तान में नेटफ्लिक्स की टॉप 10 फिल्मों की सूची में भी पहले स्थान पर रही, जो एक उल्लेखनीय उपलब्धि है क्योंकि भारतीय फिल्मों को वहां सिनेमाघरों में रिलीज नहीं मिलती है और यह फिल्म उस देश से उत्पन्न होने वाले आतंकवाद पर आधारित है। पांच दिसंबर को प्रदर्शित हुई फिल्म 'धुरंधर' बॉक्स ऑफिस पर 1,300 करोड़ रुपये से अधिक की कमाई करके ब्लॉकबस्टर साबित हुई। यह फिल्म 30 जनवरी से नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होना शुरू हुई। कराची के लयारी कस्बे से संबंधित 'धुरंधर' कंधार विमान अपहरण, 2001 संसद हमले और 26/11 मुंबई हमलों जैसी भू-राजनीतिक एवं आतंकी घटनाओं की पृष्ठभूमि में गुप्त खुफिया अभियानों के इर्द-गिर्द घूमता है। कराची के इस कस्बे को गिरोह युद्धों और हिंसक क्षेत्रीय लड़ाइयों के इतिहास के लिए जाना जाता है। इस फिल्म में अक्षय खन्ना, संजय दत्त, अर्जुन रामपाल, आर माधवन और सारा अर्जुन भी हैं। सूची से पता चलता है कि फिल्म ने बांग्लादेश और श्रीलंका सहित पूरे दक्षिण एशिया में अच्छा प्रदर्शन किया है। कथित तौर पर पाकिस्तान विरोधी दृष्टिकोण के कारण खाड़ी देशों में रिलीज न होने के बावजूद, 'धुरंधर' इस क्षेत्र के कई इलाकों में ट्रेंड कर रही है। स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म के आंकड़ों के अनुसार, यह संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, कतर और ओमान में नंबर एक स्थान पर है, कुवैत में नंबर चार और सऊदी अरब में नंबर छह पर है। पाकिस्तान में भी शीर्ष 10 फिल्मों की सूची में भारतीय फिल्मों का दबदबा है। सूची के अनुसार, धनुष और कृति सैनन अभिनीत 'तेरे इश्क में', यामी गौतम की 'हक', अजय देवगन अभिनीत 'दे दे प्यार दे 2', रानी मुखर्जी की 'मर्दानी 2' और 'मर्दानी' तथा अक्षय कुमार और अरशद वारसी अभिनीत 'जॉली एलएलबी 3' देश में सबसे ज्यादा देखी जाने वाली फिल्मों में शामिल हैं। फिल्म का दूसरा भाग, जिसका शीर्षक 'धुरंधर: द रिवेंज' है, 19 मार्च को हिंदी, तेलुगु, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में सिनेमाघरों में रिलीज होने वाला है।
-
नयी दिल्ली. सनी देओल अभिनीत फिल्म 'बॉर्डर 2' ने घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर लिया है। फिल्म अब तक 315.10 करोड़ रुपये की कमाई कर चुकी है। फिल्म 23 जनवरी को रिलीज़ हुई थी, जिसका निर्देशन अनुराग सिंह ने किया है। यह 1997 की सुपरहिट फिल्म 'बॉर्डर' का 'सीक्वल' है। फिल्म में सनी देओल के साथ वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भी प्रमुख भूमिकाओं में हैं। सनी देओल इसके पहले भाग 'बॉर्डर' में भी थे। फिल्म ने रिलीज़ के पहले दिन 32.10 करोड़ रुपये और पहले सप्ताहांत में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर 129.89 करोड़ रुपये की कमाई की। पहले सप्ताह के दौरान फिल्म की कमाई 244.97 करोड़ रुपये रही। फिल्म के निर्माताओं ने बुधवार को अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर बॉक्स ऑफिस के ये आंकड़े साझा किए। पोस्ट में फिल्म का पोस्टर भी शामिल था। घरेलू बॉक्स ऑफिस पर फिल्म ने अब तक कुल 315.10 करोड़ रुपये की कमाई की है।
-
लॉस एंजिलिस. सितार वादक अनुष्का शंकर ग्रैमी पुरस्कार समारोह में दो नामांकन मिलने के बावजूद कोई पुरस्कार नहीं जीत पाईं। 'ग्लोबल म्यूजिक परफॉर्मेंस' श्रेणी में बैड बनी के 'ईओओ' को पुरस्कार के लिए चुना गया। इस श्रेणी में अनुष्का के फ्यूजन बैंड 'शक्ति' के सहयोग से बने गीत 'शिरिनीज ड्रीम (लाइव)' को नामांकित किया गया था। अनुष्का को 'ग्लोबल म्यूजिक एल्बम' श्रेणी में भी भारतीय संगीतकार सिद्धांत भाटिया ('साउंड्स ऑफ कुंभ') और शक्ति के 'माइंड एक्सप्लोजन' के साथ नामांकित किया गया था लेकिन पुरस्कार कैटानो वेलोसो व मारिया बेथनिया के 'कैटेनो ई बेथनिया आओ वीवो' को मिला। सितार वादक रविशंकर की बेटी अनुष्का शंकर को अब तक ग्रैमी में 13 बार नामांकन मिल चुका है, जिनमें इस वर्ष दो नामांकन शामिल हैं। अनुष्का को 'ग्लोबल म्यूजिक परफॉर्मेंस' श्रेणी में 'डेब्रेक' और 'ग्लोबल म्यूजिक एल्बम' श्रेणी में 'चैप्टर 3: वी रिटर्न टू लाइट' के लिए नामांकन मिला था। इन दोनों एल्बम में अनुष्का के साथ आलम खान और सारथी कोरवार शामिल हैं।
अनुष्का ने कहा कि उन्होंने रविवार को संगीत के सबसे बड़े समारोह में शामिल होने के बजाय भारत में समय बिताने का निर्णय लिया, जहां वह टूर पर हैं। उन्होंने समारोह से पहले 'इंस्टाग्राम' पर एक पोस्ट में कहा, "आज (रविवार को) ग्रैमी पुरस्कार समारोह है! मुझे नामांकित होने पर गर्व है। मेरे एल्बम 'चैप्टर 3: वी रिटर्न टू लाइट' और इसी एल्बम के मुख्य गीत 'डेब्रेक' के लिए नामांकन मिला है। ये मेरा 12वां और 13वां नामांकन है, जो अपने आप में बहुत बड़ी बात है। साथ ही, लॉस एंजिलिस में इतने बड़े समारोह से दूर रहना भी बहुत अच्छा लग रहा है।" सितार वादक अनुष्का ने कहा, "इस साल मैंने जानबूझकर समारोह में न जाने और समारोह के दौरान भारत में टूर पर रहने का निर्णय लिया। पुरस्कार उतना मायने नहीं रखता जितना संगीत के जरिए लोगों से वास्तविक जुड़ाव। मैं अपने मानसिक स्वास्थ्य का भी ख्याल रखना चाहती थी।" इंडो-अमेरिकन जैज पियानोवादक चारू सूरी, भाटिया के 'साउंड्स ऑफ कुंभ' का हिस्सा होने के अलावा अपने एल्बम 'शायन' के लिए 'कंटेम्पररी इंस्ट्रुमेंटल एल्बम' में नामांकित हुई थीं लेकिन ग्रैमी पुरस्कार अर्काई को उनके एल्बम 'ब्राइटसाइड' के लिए मिला। एक बयान के मुताबिक, 68वें ग्रैमी पुरस्कार एक फरवरी को लॉस एंजिलिस में प्रदान किए गए और ट्रेवर नोआ ने छठी और अंतिम बार कार्यक्रम की मेजबानी की। -
नयी दिल्ली/ शाहरुख खान अभिनीत "देवदास", सलमान खान की "तेरे नाम" और अभिषेक बच्चन की "युवा" सिनेमाघरों में फिर से रिलीज होंगी। 'पीवीआर सिनेमा' ने शनिवार को सोशल मीडिया मंच 'इंस्टाग्राम' पर एक पोस्ट के जरिए यह जानकारी दी, जिसमें फिल्मों के नामों के साथ-साथ इनके फिर से रिलीज होने की तारीखें भी बताई गई थीं। पोस्ट के अनुसार, "देवदास" छह फरवरी को, "तेरे नाम" 20 फरवरी को और "युवा" 27 फरवरी को फिर से रिलीज होगी। संजय लीला भंसाली द्वारा निर्देशित "देवदास" 2002 में रिलीज हुई थी और इसमें खान के साथ ऐश्वर्या राय बच्चन व माधुरी दीक्षित भी थीं। "युवा" का निर्देशन मणिरत्नम ने किया था और यह फिल्म 2004 में रिलीज हुई थी। फिल्म में अजय देवगन ने मुख्य भूमिका निभाई थी। "तेरे नाम" फिल्म में भूमिका चावला भी थीं और यह 2003 में रिलीज हुई थी।
-
मुंबई. मुंबई के पश्चिमी उपनगर जुहू में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के आवास के बाहर अज्ञात लोगों ने गोलीबारी की। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। एक अधिकारी ने बताया कि यह घटना रविवार तड़के हुई जिसके बाद इमारत के बाहर सुरक्षा बढ़ा दी गई। अधिकारी ने कहा, ''किसी ने इमारत पर गोली चलाई। क्षेत्रीय पुलिस और अपराध शाखा की टीम मामले की जांच कर रही हैं।'' उन्होंने कहा कि अभी यह पता नहीं चल पाया है कि घटना के समय फिल्म निर्माता अपने आवास पर थे या नहीं। अधिकारी ने बताया कि शुरुआती रिपोर्ट के अनुसार अज्ञात लोगों ने इमारत पर चार गोलियां चलाईं। उन्होंने बताया कि इस घटना में किसी के घायल होने की कोई सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि जुहू पुलिस और अपराध शाखा की टीम मौके पर पहुंचीं और उन्होंने जांच शुरू की।
-
मुंबई. रामानंद सागर द्वारा निर्देशित धारावाहिक ''रामायण'' में भगवान राम की अपनी यादगार भूमिका के लिए मशहूर अभिनेता अरुण गोविल ने इस महाकाव्य पर आधारित फिल्म की सराहना करते हुए इसके मुख्य अभिनेता रणबीर कपूर की तारीफ की। गोविल ने कहा कि पर्दे पर भगवान की भूमिका वही व्यक्ति विश्वसनीय रूप से निभा सकता है, जो ''अच्छा अभिनेता और अच्छा इंसान'' हो। महत्वाकांक्षी सिनेमाई प्रस्तुति के रूप में पेश की जा रही इस फिल्म में 'केजीएफ' के अभिनेता यश रावण की भूमिका में हैं, साई पल्लवी देवी सीता, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे भगवान लक्ष्मण का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन 'दंगल' से ख्याति पाने वाले नितेश तिवारी कर रहे हैं। गोविल ने 'पीटीआई-भाषा' से कहा, ''नितेश तिवारी की रामायण बहुत अच्छी लग रही है। नितेश तिवारी, कलाकारों और पूरी टीम ने इस पर बहुत मेहनत की है। मुख्य अभिनेता रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में बहुत अच्छे लग रहे हैं। वह अच्छे अभिनेता हैं और अच्छे इंसान भी।'' उन्होंने कहा, ''भगवान की भूमिका निभाने के लिए आत्मा का शुद्ध होना और इंसान का अच्छा होना जरूरी है।" वह पिछले सप्ताह आयोजित एफडब्ल्यूआईसीई और सिने आर्टिस्ट वेलफेयर ट्रस्ट के एक कार्यक्रम के इतर बातचीत कर रहे थे। टेलीविजन पर 1987 में आयी रामायण में भगवान राम की भूमिका के लिए पहचाने जाने वाले गोविल ने कहा कि रामानंद सागर की रामायण की गहरी छाप के कारण विभिन्न प्रस्तुतियों की तुलना होना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा, ''जब कोई मानक तय हो जाता है तो तुलना होना स्वाभाविक है। भगवान की भूमिका निभाने के लिए रूप-रंग बहुत अहम होता है। जब लोग आपको देखें तो उन्हें आपमें भगवान दिखाई देने चाहिए।'' हालांकि, गोविल (68) ने आने वाली रामायण की तुलना 2022 की फिल्म 'आदिपुरुष' से करने की कोशिशों को खारिज करते हुए कहा कि दोनों फिल्में मूल रूप से अलग हैं। नितेश तिवारी की दो भागों वाली इस फिल्म में राजा दशरथ की भूमिका निभा रहे गोविल ने पूरी टीम के साथ काम करने के अनुभव को ''अच्छा'' बताया।
- नयी दिल्ली. अभिनेता रणबीर कपूर का कहना है कि उन्हें हमेशा से लगता रहा है कि रानी मुखर्जी भारत की महानतम अभिनेत्रियों में से एक हैं और अपने काम के जरिये उन्होंने सिनेमा जगत में कीर्तिमान गढ़े हैं। रणबीर ने "सांवरिया" फिल्म में सह-कलाकार रहीं रानी के बारे में विस्तारपूर्वक बात की, जिन्होंने हाल में फिल्म जगत में 30 साल पूरे किए हैं। साल 1996 में अपने पदार्पण के बाद रानी "कुछ कुछ होता है", "हम तुम" और "मर्दानी" जैसी अनेक फिल्मों में अभिनय के जलवे बिखेर चुकी हैं। रणबीर ने एक बयान में कहा, "रानी मेरी पहली फिल्म 'सांवरिया' में सह-कलाकार थीं और वही पहली इंसान थीं जिन्होंने मुझसे कहा था कि अगर मैं मेहनत करूं, तो बहुत आगे जाऊंगा। उस बातचीत को मैं कभी नहीं भूल सकता क्योंकि उस समय उन्होंने मुझमें बहुत आत्मविश्वास जगाया। मैंने उन्हें एक इंसान के तौर पर भी क़रीब से देखा है, उनके काम को भी नजदीक से देखा है और उनकी शालीनता, आकर्षण व प्रतिभा से बेहद प्रभावित हुआ हूं।" अभिनेता ने कहा कि फिल्मों के चुनाव को लेकर रानी के रुख ने पर्दे पर महिलाओं को दर्शाने के तरीके को आकार दिया है। उन्होंने कहा, "पूरी इंडस्ट्री का एक साथ रानी की 30 साल की ऐतिहासिक विरासत का जश्न मनाना वाकई अद्भुत है। मुझे हमेशा लगा है कि रानी पीढ़ियों तक याद रखी जाने वाली कलाकार हैं। वह भारत की सबसे महान अभिनेत्रियों में से एक हैं, जिन्होंने अपने काम से हमारी इंडस्ट्री को परिभाषित किया है। फिल्मों और भूमिकाओं के चयन को लेकर उनके रुख ने आज स्क्रीन पर महिलाओं की प्रस्तुति को दिशा दी है।" रानी मुखर्जी जल्द ही फिल्म "मर्दानी 3" में अभिनय करती नजर आएंगी, जो 30 जनवरी को रिलीज होगी। फिल्म का निर्देशन अभिराज मिनावाला ने किया है और निर्माता आदित्य चोपड़ा हैं।
- नयी दिल्ली. फिल्म निर्माता अनिल शर्मा ने दिवंगत कलाकार धर्मेंद्र को पद्म विभूषण से सम्मानित किए जाने पर उनके प्रशंसकों को बधाई दी लेकिन साथ ही कहा कि अभिनेता को उनके जीवित रहते ही बहुत पहले यह पुरस्कार मिल जाना चाहिए था। 'गदर एक प्रेम कथा' और 'गदर-2' जैसी सफल फिल्मों के निर्देशक अनिल ने सोमवार शाम सोशल मीडिया मंच 'एक्स' पर धर्मेंद की तस्वीर साझा करते हुए लिखा, ''पद्म विभूषण मिलने पर धर्मेंद्र के हर प्रशंसक को हार्दिक बधाई। बस यही इच्छा है कि काश, यह सम्मान पहले मिला होता और वह इसे स्वयं स्वीकार कर पाते तो असीम खुशी होती लेकिन सच्चाई यही है…... कुछ विरासतें पुरस्कारों से कहीं बढ़कर होती हैं।'' उन्होंने लिखा, ''धर्मेंद्र को दशकों से मिली मोहब्बत, सम्मान और प्रशंसा किसी भी उपाधि, पदक या पुरस्कार से कहीं बड़ी है।'' धर्मेंद्र ने 60 वर्षों से भी अधिक समय तक फिल्मों में काम किया। उनका पिछले साल 24 नवंबर को 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया। 'सत्यकाम', 'जॉनी गद्दार', 'गुड्डी', 'शोले' और 'इक्कीस' सहित 300 से अधिक फिल्मों में अभिनय करने वाले धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया है। उनकी अंतिम फिल्म 'इक्कीस' है, जो इस साल एक जनवरी को रिलीज हुई। श्रीराम राघवन द्वारा निर्देशित यह फिल्म अगस्त्य नंदा द्वारा अभिनीत अरुण खेतरपाल के किरदार के इर्द-गिर्द घूमती है। अरुण 1971 के भारत-पाकिस्तान युद्ध में बसंतर की लड़ाई के दौरान 21 वर्ष की आयु में शहीद हो गए थे।
- नयी दिल्ली। दक्षिण भारतीय फिल्मों के कलाकार विजय देवरकोंडा और रश्मिका मंदाना की आगामी फिल्म का शीर्षक 'रणबाली' रखा गया है। यह फिल्म 11 सितंबर को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। ऐतिहासिक पृष्ठभूमि पर आधारित इस फिल्म में देवरकोंडा 'रणबाली' की भूमिका में नजर आएंगे जबकि मंदाना 'जयम्मा' का किरदार निभाएंगी। फिल्म निर्माताओं ने सोमवार को फिल्म की पहली झलक साझा की, जिसे देवरकोंडा ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर दोबारा साझा किया। अभिनेता ने लिखा, "ब्रिटिश उसे 'जंगली' कहते थे। मैं इससे असहमत नहीं हूं, वह 'हमारा' अदम्य योद्धा था। पेश है 'रणबाली'... हम हमारे इतिहास के उस सच को सामने ला रहे हैं जिसे दफन करने की कोशिश की गयी थी।" इस फिल्म के जरिए देवरकोंडा और मंदाना की जोड़ी एक बार फिर पर्दे पर देखने को मिलेगी। इससे पहले दोनों ने 'गीत गोविंदम' (2018) और 'डियर कॉमरेड' (2019) जैसी फिल्मों में साथ काम किया है। देवरकोंडा की हालिया फिल्म गौतम तिन्ननुरी द्वारा निर्देशित 'किंगडम' थी। यह एक जासूसी और एक्शन आधारित रोमांचक फिल्म थी जो जुलाई 2025 में रिलीज हुई थी। 'रणबाली' के अलावा देवरकोंडा 'राउडी जनार्दन' में भी नजर आएंगे। वहीं, रश्मिका मंदाना हाल ही में नवंबर में रिलीज हुई तेलुगु फिल्म 'द गर्लफ्रेंड' में नजर आई थीं। राहुल रवींद्रन द्वारा निर्देशित इस फिल्म में उन्होंने 'भूमा देवी' (भू) की भूमिका निभाई थी। वह जल्द ही शाहिद कपूर और कृति सैनन के साथ 'कॉकटेल 2' और रविंद्र पुल्ले के निर्देशन में बन रही फिल्म 'मैसा' में नजर आएंगी।
- नयी दिल्ली। बॉलीवुड के सबसे लोकप्रिय और सफल गायकों में से एक अरिजीत सिंह अब पार्श्वगायन न करने की मंगलवार को घोषणा की और अब तक के अपने इस सफर को शानदार बताया। अरिजीत ने अपने सोशल मीडिया पर लिखा, ''मैं इस सफर को यहीं समाप्त कर रहा हूं, यह एक शानदार सफर रहा।'' उन्होंने लिखा कि वह अब पार्श्वगायक के रूप में कोई नया काम नहीं करेंगे।'' उनके इस फैसले से उनके प्रशंसकों में सदमे की लहर दौड़ गयी। अरिजीत हिंदी सिनेमा के सबसे लोकप्रिय और महंगे गायकों में से एक हैं। उन्होंने पोस्ट में लिखा, "नमस्ते, आप सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं। इतने वर्षों तक श्रोताओं के रूप में मुझे इतना प्यार देने के लिए मैं आप सभी का धन्यवाद करना चाहता हूं। मुझे यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि मैं अब पार्श्वगायक के रूप में विदा ले रहा हूं। मैं इसे अलविदा कह रहा हूं। यह एक शानदार सफर रहा।" हालांकि, 38-वर्षीय कलाकार ने स्पष्ट किया कि वह स्वतंत्र रूप से संगीत बनाना जारी रखेंगे और फिलहाल, अपनी मौजूदा प्रतिबद्धताओं को पूरा करेंगे। उन्होंने कहा, ''ईश्वर मुझपर बहुत मेहरबान रहे हैं। मैं अच्छे संगीत का प्रशंसक हूं और भविष्य में एक छोटे कलाकार के रूप में और अधिक सीखूंगा तथा अपने दम पर और अधिक काम करूंगा। आपके समर्थन के लिए एक बार फिर धन्यवाद। मुझे अब भी कुछ लंबित प्रतिबद्धताओं को पूरा करना है, मैं उन्हें पूरा कर लूंगा। इसलिए हो सकता है कि आपको इस साल कुछ रिलीज सुनने को मिलें। मैं यह स्पष्ट करना चाहता हूं कि मैं संगीत बनाना बंद नहीं करूंगा।'' हालांकि सिंह ने अपने इस फैसले की वजह को लेकर विस्तार से कुछ नहीं बताया, लेकिन इस घोषणा पर कई प्रशंसकों ने हैरानी जताई और कमेंट सेक्शन में अपनी निराशा व्यक्त की। अरिजीत ने 2005 में रियलिटी शो 'फेम गुरुकुल' में एक प्रतियोगी के रूप में हिस्सा लिया और 2011 में इमरान हाशमी अभिनीत फिल्म 'मर्डर 2' के गीत 'फिर मोहब्बत' से पार्श्व गायक के रूप में पदार्पण किया। वर्ष 2013 में 'आशिकी 2' के 'तुम ही हो' गाने से उन्हें जबरदस्त सफलता मिली।इस गाने की सफलता ने उन्हें घर-घर में मशहूर कर दिया।इसके बाद, अरिजीत के 'चन्ना मेरेया', 'अगर तुम साथ हो', 'राबता', 'केसरिया', 'गेरुआ', 'ऐ दिल है मुश्किल' और 'चलेया' जैसे कई हिट गाने दिए। अरिजीत ने हिंदी, बंगाली, तमिल, तेलुगु, मलयालम और मराठी सहित कई भारतीय भाषाओं में गाने रिकॉर्ड किए और प्रमुख संगीतकारों एवं फिल्म निर्माताओं के साथ काम किया।
- मुंबई । सनी देओल अभिनीत फिल्म 'बॉर्डर 2' का बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन जारी है। फिल्म ने अपनी रिलीज के चौथे दिन यानी गणतंत्र दिवस पर कुल 63.59 करोड़ रुपये की कमाई की। फिल्म के निर्माताओं ने मंगलवार को यह जानकारी दी। निर्माताओं के अनुसार, 'बॉर्डर 2' गणतंत्र दिवस पर सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हिंदी फिल्म बन गई है।देओल की 1997 की ब्लॉकबस्टर फिल्म 'बॉर्डर' की अगली कड़ी 23 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। इस फिल्म के निर्माताओं में टी-सीरीज और जेपी फिल्म्स शामिल हैं। निर्माताओं ने एक प्रेस विज्ञप्ति में बताया कि फिल्म ने चार दिनों में घरेलू बॉक्स ऑफिस पर कुल 193.48 करोड़ रुपये की कमाई कर ली है। विज्ञप्ति में कहा गया, "बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त पकड़ कायम रखते हुए 'बॉर्डर 2' ने चौथे दिन गणतंत्र दिवस पर ऐतिहासिक प्रदर्शन किया और देशभक्ति वाली फिल्मों के लिए सफलता का एक नया पैमाना तय किया है।" विज्ञप्ति के मुताबिक, "फिल्म ने चौथे दिन 63.59 करोड़ रुपये की कमाई की, महज चार दिनों में फिल्म की कुल कमाई 193.48 करोड़ रुपये पर पहुंच गई है।" निर्माताओं के मुताबिक, 'बॉर्डर 2' ने पहले दिन 32.10 करोड़ रुपये, दूसरे दिन 40.59 करोड़ रुपये और तीसरे दिन 57.20 करोड़ रुपये की कमाई की थी। फिल्म में वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भी मुख्य भूमिकाओं में हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, कथित तौर पर पाकिस्तान विरोधी विमर्श के कारण फिल्म को बहरीन, कुवैत, ओमान, कतर, सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में रिलीज करने की अनुमति नहीं मिली है।
- मथुरा (उप्र) । मथुरा से भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सांसद हेमा मालिनी ने रविवार को अपने पति एवं मशहूर अभिनेता रहे धर्मेंद्र को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित करने के सरकार के फैसले की सराहना की। हेमा मालिनी ने कहा, "धर्मेंद्र जी वास्तव में पद्म विभूषण के हकदार थे। वह सिर्फ एक दिग्गज अभिनेता ही नहीं थे, बल्कि भारतीय सिनेमा के एक जीते-जागते संस्थान थे।" भाजपा सांसद ने कहा, "उनका योगदान फिल्मों से कहीं ज्यादा है। वह भारत की आत्मा, उसकी भावनाओं, परंपराओं और इंसानियत का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित करना एक गर्व की बात होगी।" मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र तथा चार अन्य लोगों को मरणोपरांत पद्म विभूषण से सम्मानित किया जाएगा। इन पुरस्कारों की घोषणा रविवार को की गई। धर्मेंद्र का पिछले साल नवंबर में निधन हो गया था। केरल के पूर्व मुख्यमंत्री और कम्युनिस्ट नेता वी एस अच्युतानंदन और अभिनेता धर्मेंद्र उन हस्तियों में शामिल हैं जिन्हें 2026 के लिए मरणोपरांत दूसरा सबसे बड़ा नागरिक सम्मान पद्म विभूषण दिया जाएगा। सरकार ने वर्ष 2026 के लिए 131 पद्म पुरस्कारों की घोषणा की, जिसमें पांच पद्म विभूषण, 13 पद्म भूषण और 113 पद्मश्री शामिल हैं। file photo

.jpg)
.jpg)



.jpg)
.jpg)

.jpg)








.jpeg)

.jpg)
.jpg)
.jpg)
.jpg)

.jpg)

