साय सरकार ने डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर घोषित किया सात दिन का राजकीय शोक
रायपुर। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह का बीती रात दिल्ली एम्स में निधन हो गया। भारत सरकार ने उनके सम्मान में सात दिवसीय राष्ट्रीय शोक का ऐलान किया है। इस संबंध में राज्यों को परिपत्र जारी कर दिया गया है। वहीं अब छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने भी राज्य़ में राजकीय शोक का ऐलान किया है। 26 दिसंबर से 01 जनवरी 2025 तक राज्य में सात दिन का राजकीय शोक रहेगा। वहीं मुख्यमंत्री श्री साय ने आज अपने सभी कार्यक्रम रद्द कर दिए हैं।
राजकीय शोक के संबंध में सामान्य विभाग ने आज जारी अपने परिपत्र में कहा कि शासकीय भवन और अन्य स्थानों पर राष्ट्रीय ध्वज आधे झुके रहेंगे। इस अवधि में राज्य में शासकीय स्तर पर कोई कार्यक्रम आयोजित नहीं किए जाएंगे।
सीएम साय ने जताया दुख
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह के निधन पर दु:ख व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री, प्रख्यात अर्थशास्त्री डॉ. मनमोहन सिंह जी के निधन का समाचार अत्यंत दु:खद है। उन्होंने कहा कि मनमोहन सिंह जी अर्थशास्त्र के उन दिग्गजों में से एक थे, जो देश के वित्त मंत्री, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के गवर्नर और योजना आयोग के प्रमुख जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रहे। उन्होंने शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों और शुभचिंतकों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।










.jpg)
Leave A Comment