ब्रेकिंग न्यूज़

छत्तीसगढ़: दो मुठभेड़ों में 18 नक्सली ढेर, चार सुरक्षाकर्मी घायल

-सरकार एक भी गोली नहीं चलाना चाहती-उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा

 सुकमा/बीजापुर।, छत्तीसगढ़ के सुकमा और बीजापुर जिलों में सुरक्षाबलों ने शनिवार को दो मुठभेड़ों में 11 महिलाओं समेत 18 नक्सलियों को मार गिराया। पुलिस अधिकारियों ने यह जानकारी दी। यह दोनों मुठभेड़ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की छत्तीसगढ़ की यात्रा के एक दिन पहले हुई है।अधिकारियों ने बताया कि सुकमा में सुरक्षाबलों ने नक्सलियों को भारी नुकसान पहुंचाया है और इस मुठभेड़ में 17 नक्सली मारे गए। उन्होंने बताया कि मारे गये नक्सलियों में 25 लाख रुपये का ईनामी नक्सली दरभा डिवीजन सचिव कुहड़ामी जगदीश उर्फ बुधरा भी शामिल है। अधिकारियों के मुताबिक, नक्सली जगदीश एक दर्जन से अधिक घातक नक्सली घटनाओं में वांछित था, जिसमें 2013 का झीरम घाटी हमला भी शामिल है। इस घटना में कांग्रेस के कई नेता मारे गए थे।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि पड़ोसी बीजापुर जिले में एक और मुठभेड़ की खबर है, जहां एक नक्सली मारा गया है। उन्होंने बताया कि सुकमा जिले में हुई मुठभेड़ में डीआरजी सुकमा के तीन जवान और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) का एक जवान घायल हो गया। अधिकारियों ने बताया कि घायल जवानों की हालत स्थिर और खतरे से बाहर है।

 बस्तर क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी ने बताया कि शुक्रवार को जिले के केरलापाल थानाक्षेत्र के गोगुंडा, नेन्डुम और उपमपल्ली गांव के आसपास के क्षेत्र में नक्सलियों की उपस्थिति की सूचना पर जिला रिजर्व गार्ड सुकमा और सीआरपीएफ के संयुक्त दल को नक्सल विरोधी अभियान पर रवाना किया गया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान शनिवार सुबह आठ बजे से नक्सलियों और सुरक्षाबलों के बीच लगातार गोलीबारी हुई। उन्होंने बताया कि सुरक्षाबलों ने मुठभेड़ स्थल से भारी मात्रा में हथियार और गोला बारूद के साथ 11 महिला नक्सलियों सहित कुल 17 नक्सलियों का शव बरामद किये हैं। सुंदरराज ने बताया कि प्रारम्भिक तौर पर अब तक सात नक्सलियों की पहचान हुई है, जिनमें 25 लाख का इनामी दरभा डिवीजन सचिव और स्पेशल जोनल कमेटी का सदस्य कुहड़ामी जगदीश उर्फ बुधरा, एरिया कमेटी सदस्य रोशन उर्फ भीमा पोडियम, केरलापाल एरिया कमेटी सदस्य सलवम जोगी, एरिया कमेटी सदस्य माड़वी देवे, सुरक्षा दलम कमांडर दसरी कोवासी, पार्टी सदस्या हूंगी निलावाया और मेडिकल टीम प्रभारी हिड़मे शामिल है। सुंदरराज ने बताया कि घटनास्थल से एके-47 राइफल, सेल्फ लोडिंग राइफल (एसएलआर), इंसास राइफल, .303 राइफल, एक रॉकेट लांचर और बैरल ग्रेनेड लांचर (बीजीएल) समेत भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद किए गए हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि क्षेत्र के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने एक नक्सली को मार गिराया।उन्होंने बताया कि बासागुड़ा थानाक्षेत्र के टेकमेटा, नरसापुर के जंगल में पुलिस और माओवादियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें सुरक्षाबलों ने एक नक्सली को मार गिराया। पुलिस ने मौके से हथियार और विस्फोटक पदार्थ बरामद किया है।उन्होंने बताया कि इलाके में तलाशी अभियान जारी है।

जवानों की भुजाओं की ताकत के परिणामस्वरूप नक्सल उन्मूलन अभियान में बड़ी सफलता-उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने इस सफलता पर जवानों को बधाई देते हुए कहा कि वर्ष 2025 के मात्र 85 दिनों में अब तक 133 नक्सली मारे जा चुके हैं। यह प्रतिदिन का संकल्प है ।पिछले कुछ वर्षों में कुल मिलाकर लगभग 2700 से अधिक नक्सली या तो मारे गए हैं, गिरफ्तार हुए हैं या उन्होंने आत्मसमर्पण किया है उन्होंने कहा कि सरकार एक भी गोली नहीं चलाना चाहती और पुनर्वास नीति के तहत सभी नक्सलियों से अपील करती है कि वे आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौटें। आत्मसमर्पण करने वालों को सरकार हर संभव सहायता प्रदान करेगी और उन्हें सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर मिलेगा।

    मार्च 2026 तक नक्सलवाद समाप्त करने का लक्ष्य-उपमुख्यमंत्री श्री शर्मा

उपमुख्यमंत्री श्री विजय शर्मा ने कहा कि मार्च 2026 तक सशस्त्र नक्सलवाद का पूरी तरह से समापन करने का लक्ष्य है। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार की रणनीति के तहत नक्सल प्रभावित इलाकों में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। बीजापुर, सुकमा और नारायणपुर जैसे क्षेत्रों में सड़क, बिजली, पानी, स्कूल, अस्पताल और संचार सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।

 सरकार की पुनर्वास नीति और सख्त रुख

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि जो लोग आत्मसमर्पण कर रहे हैं, उन्हें सरकार की ओर से पूरी सहायता दी जा रही है। लेकिन जो हिंसा का मार्ग अपनाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार का संकल्प स्पष्ट है—शांति और विकास के रास्ते पर आगे बढ़ना है और नक्सलवाद को जड़ से समाप्त करना है। सरकार की इस स्पष्ट नीति के तहत नक्सली आत्मसमर्पण कर एक सुरक्षित जीवन अपना सकते हैं, लेकिन यदि वे हिंसा का मार्ग नहीं छोड़ते, तो उनके खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english