बग्घी पर बैठे राम- सीता, लक्ष्मण व हनुमान ने लुभाया श्रद्धालुओं को
0- गुड़ीपाड़वा पर हनुमान मंदिर- महाराष्ट्र मंडल की शोभायात्रा में ढोल और लेझिम की धुन पर झूमती महिलाओं के साथ युवाओं ने लगाए जयघोष के नारे
रायपुर। तात्यापारा के प्राचीन दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर से गुड़ीपाड़वा, हिंदू नववर्ष पर शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में ढोल की धुन और लेझिम पर नाचतीं- झूमतीं महिलाओं के साथ युवाओं ने भी जमकर जयघोष किया। राम- सीता, लक्ष्मण और हनुमान ने न केवल बग्घी की, बल्कि पूरे शोभायात्रा की शोभा बढ़ाई। इसी तरह हाथों में तलवार लेकर घोडे़ पर सवार शिवाजी महाराज के साथ तो मानो बड़ी संख्या में लोगों में फोटो खिचवाने की होड़ लगी रही।
मंदिर समिति की महिला प्रमुख सुरेखा हिशीकर ने बताया कि शोभायात्रा में महाराष्ट्र मंडल की कार्यकारिणी सदस्यों, विभिन्न समितियों के पदाधिकारियों और बड़ी संख्या में आजीवन सभासदों की भी उपस्थिति रही। ज्यादातर भगवा रंग की नौवारी साड़ी में पहुंचीं महिलाओं ने शोभायात्रा में ढोल और लेझिम की धुन पर अपने- अपने तरह का जोशीला डांस किया और बच्चों व युवाओं के साथ मिलकर खूब नारे लगाए। बग्घी पर बैठे राम (अनय पंडित), सीता (तनवी डोनगांवकर), लक्ष्मण (तनिष्क डोनगांवकर) और हनुमान यानी अक्षत पंडित अपने- अपने पात्रों में खूब जंच रहे थे। शोभायात्रा में उनके आगे- आगे घोडे़ पर बैठे वैशाख कुसरे छत्रपति वीर शिवाजी महाराज के वेश में सभी का ध्यान खींच रहे थे।
महाराष्ट्र मंडल के सखी निवास की प्रभारी नमिता शेष के अनुसार शोभायात्रा तात्यापारा चौक से शुरू होकर शारदा चौक तक पहुंची और वहीं से यू-टर्न लेकर फूलचौक, तात्यापारा चौक होते हुए आजाद चौक से पूरे जोश व उत्साह के साथ वापस हनुमान मंदिर परिसर में लौट आई। तत्पश्चात मंदिर में भगवान श्रीराम की महाआरती की गई। फिर प्रसाद वितरण किया गया। शोभायात्रा के समापन पर हनुमान मंदिर समिति के अध्यख चंद्रकांत मोहदीवाले व महाराष्ट्र मंडल के अध्यक्ष अजय काले ने उपस्थित श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त किया और आगामी रामनवमी और हनुमान जयंती तक के कार्यक्रमों की जानकारी देकर आमंत्रित भी किया।











.jpg)
Leave A Comment