ब्रेकिंग न्यूज़

सभी अधिकारी नियमित रूप से फील्ड विजिट कर शासकीय योजनाओं का समुचित क्रियान्वयन सुनिश्चित करें: कलेक्टर

 समय-सीमा की बैठक में अधिकारियों को दिए निर्देश 

पेयजल समस्याओं के निराकरण हेतु बेहतर योजना बनाकर
कार्य करने को कहा 
बालोद,  कलेक्टर श्री इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल ने सभी विभागों के अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड विजिट कर जिले में निर्धारित समयावधि में शासकीय योजनाओं का समुचित क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। श्री चन्द्रवाल  कल गुरुवार को संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में उपस्थित अधिकारियों को उक्ताशय के निर्देश दिए। बैठक में श्री चन्द्रवाल ने विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने मौजूदा ग्रीष्म ऋतु के मद्देनजर पेयजल एवं निस्तारी हेतु पानी के प्रबंध की समस्या के निराकरण हेतु किए जा रहे उपायों के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यपालन अभियंता को बेहतर योजना बनाकर पेयजल एवं निस्तारी हेतु पानी की समस्या का तत्काल निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. संजय कन्नौजे, अपर कलेक्टर श्री चन्द्रकांत कौशिक सहित राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों के अलावा अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे। 
इस दौरान श्री चन्द्रवाल ने मादक पदार्थों के अवैध बिक्री की रोकथाम हेतु किए जा रहे उपायों की समीक्षा की। उन्होंने जिले में नियमित रूप से नशामुक्ति अभियान चलाने तथा मादक पदार्थों के अवैध बिक्री एवं परिवहन करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए। बैठक में श्री चन्द्रवाल ने जिले में सड़क दुर्घटना के रोकथाम हेतु किए जा रहे उपायों की भी विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने पुलिस, परिवहन एवं अन्य संबंधित विभाग के अधिकारियों को सुबह स्कूल खुलने एवं आवश्यकतानुसार अन्य समय में भारी वाहनों के नगर में प्रवेश को वर्जित करने के निर्देश भी दिए है। बैठक में कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के कार्यों की समीक्षा करते हुए ग्रीष्म काल में पेयजल की समस्या का निराकरण करने हेतु विभाग द्वारा हेल्पलाईन नंबर जारी कर किसी भी स्थान पर पेयजल के समस्या के संबंध में जानकारी प्राप्त होने पर उसका त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने जिले में चलाए जा रहे जल संरक्षण अभियान के अंतर्गत सरफेस वाटर का अधिक से अधिक उपयोग सुनिश्चित करने हेतु भी योजना बनाने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों को नियमित रूप से फील्ड विजिट कर स्थिति पर नजर रखने को कहा। 
बैठक में श्री चन्द्रवाल ने आम जनता से प्राप्त मांगों एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने जिला प्रशासन द्वारा जारी किए गए व्हाट्सएप्प नंबर के माध्यम से प्राप्त आवेदन पत्रों के निराकरण की स्थिति की समीक्षा की। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को चैटबाॅट के माध्यम से अपने-अपने विभागोें के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समयावधि में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में श्री चन्द्रवाल ने जिले के कोई भी पुराने शासकीय भवन बारिश के दौरान क्षतिग्रस्त न हो इसके लिए निर्माण कार्य से जुड़े विभागों के अधिकारियों की संयुक्त टीम बनाकर इन सभी भवनों का अनिवार्य रूप से भौतिक सत्यापन करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों से अपने अधीनस्थ सभी कार्यालयों में वाटर हार्वेस्टिंग लगाए जाने के संबंध में दिए गए निर्देशों के क्रियान्वयन के संबंध में भी जानकारी ली। बैठक में आज कलेक्टर श्री इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल के निर्देशानुसार सहायक आयुक्त आदिवासी विकास एवं उप संचालक जिला योजना एवं साख्यिकी के द्वारा अपने विभाग के शासकीय योजनाओं को निर्धारित समयावधि में क्रियान्वयन सुनिश्चित करने हेतु निर्धारित किए गए लक्ष्य एवं उसके विरूद्ध अब तक की उपलब्धि के संबंध में पावर पाॅईंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से जानकारी दी गई। बैठक में कलेक्टर श्री चन्द्रवाल ने अंर्तविभागीय समन्वय के प्रकरणों की भी समीक्षा की।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english