ब्रेकिंग न्यूज़

बालाजी मंदिर में सनातन विधिविधान से मनाया गया सीता-राम विवाहोत्सव

-टी सहदेव
 भिलाई नगर। बालाजी मंदिर में आंध्र साहित्य समिति के तत्वावधान में पांच दिनों से मनाई जा रही रामनवमी के चौथे दिन रविवार को भक्तों की भारी भीड़ के बीच सीताराम कल्याणोत्सव (विवाहोत्सव) सनातन विधि-विधान से संपन्न हुआ। विवाहोत्सव के इस अलौकिक दृश्य को देखने के लिए‌ आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में तेलुगुभाषियों के अलावा अन्य लोग भी जुटे। विवाहोत्सव के बाद सबसे पहले यजमानों ने भगवान बालाजी के दर्शन किए और उसके बाद अन्य भक्तों ने दर्शनलाभ लिया। इस अवसर पर महाभोग भी रखा गया, जिसे सैकड़ों की संख्या में लोगों ने ग्रहण किया। अगले दिन इसी मंदिर में भगवान श्रीराम का पट्टाभिषेक (राज्याभिषेक) किया जाएगा।
विवाहोत्सव की रस्में निभाई गईं
विवाहोत्सव से पहले मंदिर के पुजारी गोपालाचारी के सान्निध्य में वैदिक मंत्रों के बीच भगवान श्रीराम और माता सीता के उत्सव विग्रहों को नूतन वस्त्रों तथा स्वर्णाभूषणों से अलंकृत कर पूजा स्थल पर प्रतिष्ठित किया गया। उसके बाद पुजारी ने पुण्याहवचनम्, रक्षाबंधनम् एवं विशेषाराधना की। तदुपरांत पंडित ने मांगल्यधारण, उक्तहोम और पूर्णाहुति जैसे अनुष्ठान कराए। विवाहोत्सव में जनेऊ संस्कार, वस्त्रदान, कन्यादान, मालाओं का आदान-प्रदान और प्रतीकात्मक रूप से मंगलसूत्र धारण कराने जैसी रस्में भी निभाई गईं। ये रस्में कल्याणोत्सव को जीवंत बना रही थीं। मंदिर प्रांगण भीड़ से अट गया था, जिन्हें जगह नहीं मिली वे अपने इष्ट देव के दर्शन के लिए बाहर ही अपनी बारी की प्रतीक्षा करने लगे।
आज श्रीराम का राज्याभिषेक
इस अनुष्ठान में यजमान के रूप में बीए नायडु दंपति के अलावा राजेश अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, विवेक जैन, रूपेश जैन, अशोक जैन, श्याम सुंदर समेत दस दंपति बैठे थे। वहीं उत्सव को सफल बनाने में अध्यक्ष पीवी राव, सचिव पीएस राव, उपाध्यक्ष के सुब्बाराव, कोषाध्यक्ष टीवीएन शंकर, उप कोषाध्यक्ष एनएस राव, संयुक्त सचिव के लक्ष्मीनारायण व एस रवि तथा एक्जीक्यूटिव कमेटी के सभी सदस्यों का विशेष योगदान रहा। इससे पहले शनिवार को भगवान बालाजी तथा श्रीराम-माता सीता का अभिषेक किया गया। अभिषेक के बाद श्रीराम का वर के रूप में तथा माता सीता का वधू के रूप में श्रृंगार किया गया। रामनवमी के अंतिम दिन सोमवार को श्रीराम का राज्याभिषेक किया जाएगा।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english