ब्रेकिंग न्यूज़

 आज देशभर में कमल खिल चुका है, खिलता जा रहा है : मुख्यमंत्री साय

-जिला कार्यालय में रायपुर शहर जिला भाजपा का कार्यकर्ता सम्मेलन और सम्मान समारोह रखा गया, संगठन महामंत्री साय मुख्य वक्ता, मंत्री कश्यप समारोह के अध्यक्ष और सांसद बृजमोहन विशिष्ट अतिथि रहे
 रायपुर। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि भारतीय जनता पार्टी के पहले अध्यक्ष, पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की वह भविष्यवाणी सत्य हो गई है कि अंधेरा छँटेगा, सूरज निकलेगा, कमल खिलेगा। आज आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीति पार्टी के रूप में भारतीय जनता पार्टी स्थापित हो चुकी है। सभी वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं के सतत परिश्रम और पुरुषार्थ से भाजपा ने अब तक की यह यात्रा तय की है। श्री साय मंगलवार को यहाँ रायपुर शहर जिला भाजपा कार्यकर्ताओं के सम्मेलन को मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। भाजपा के स्थापना दिवस के निमित्त आहूत कार्यक्रमों की श्रृंखला में मंगलवार को एकात्म परिसर स्थित भाजपा जिला कार्यालय में रायपुर शहर जिला भाजपा का कार्यकर्ता सम्मेलन और कार्यकर्ता सम्मान समारोह रखा गया था। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रदेश संगठन महामंत्री पवन साय थे, कार्यक्रम की अध्यक्षता मंत्री केदार कश्यप ने की एवं कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि सांसद बृजमोहन अग्रवाल थे।
मुख्यमंत्री श्री साय ने अपने संबोधन में भाजपा स्थापना दिवस और श्री रामनवमी पर्व की बधाई देते हुए भारतीय जनसंघ व भाजपा के संस्थापकों व पार्टी पितृ पुरुषों और कार्यकर्ताओं का स्मरण करते हुए नमन किया। श्री साय ने कहा कि हम सब सौभाग्यशाली हैं छत्तीसगढ़ राज्य भगवान श्री राम का ननिहाल है। डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने जनसंघ की स्थापना की और हम सब उनको आदर्श मानकर आगे बढ़ रहे हैं। श्रद्धेय अटल जी भाजपा के संस्थापक व पहले अध्यक्ष और हमारे छत्तीसगढ़ के निर्माता भी रहे हैं। श्री साय ने कहा कि आज हम  छत्तीसगढ़ प्रदेश का रजत जयंती वर्ष मना रहे हैं। जनसंघ से लेकर भाजपा तक की राजनीतिक यात्रा की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि पहले पार्टी के दो सांसद हुआ करते थे, तब सत्ता पक्ष के लोग मजाक उड़ाकर व्यंग्य करते थे- हम दो हमारे दो। तब श्रद्धेय अटल जी कहा था कि अभी तो आप लोगों की हँसने की बारी है। एक समय आएगा कि पूरा देश भाजपा के साथ होगा। आज देशभर में कमल खिल चुका है, खिलता जा रहा है। श्री साय ने कहा कि भाजपा की इस सफलता और जन-विश्वास को हमें आगे बढ़ाना है और पार्टी की मजबूती को बनाकर रखना है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी तीन बार प्रधानमंत्री रहे। आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, जो दुनिया के सर्वाधिक लोकप्रिय नेता हैं, लगातार तीसरी बार इस देश के प्रधानमंत्री के रूप में कार्य कर रहे हैं। देश में एनडीए की सरकार चल रही है। भाजपा आज इतनी बड़ी पार्टी हो गई है। आज प्रधानमंत्री श्री मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ की विचारधारा के साथ पार्टी कार्य कर रही है। डॉ. मुखर्जी जी ने कहा था कि कश्मीर से धारा 370 हटनी चाहिए जिसे प्रधानमंत्री श्री मोदी ने हटाया। देश को तीन तलाक के जंजाल से मुक्ति दिलाई। अयोध्या में प्रभु श्री रामलला का भव्य मंदिर बनाने के बाद हाल ही वक्फ बोर्ड संशोधन विधेय संसद से पारित होकर कानून बना है।
मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि आज छत्तीसगढ़ में भी भाजपा की चौथी बार सरकार बनी है। उन लोगों का भरोसा भाजपा पर बढ़ा है। 54 सीटों पर भाजपा को जीत मिली है। नगर निगम एवं पंचायत चुनाव में भी भाजपा ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है। आज हमें इतनी बड़ी सफलता आप सभी लोगों की मेहनत से मिली है। सभी लोगों ने तन-मन-धन से चुनाव में काम किया है जिसकी वजह से हमें इतनी विशाल जीत मिली है। श्री साय ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने छत्तीसगढ़ की 3 करोड़ जनता का भरोसा जीता है। 18 लाख लोगों को प्रधानमंत्री आवास बनाने की स्वीकृति दे दी गई है, किसानों से किए सभी वादों को हमने पूरा किया है, धान की खरीदी एवं अंतर की राशि भी किसानों को दे दी गई है। 70 लाख से अधिक महिलाओं को महतारी वंदन योजना का लाभ मिल रहा है। तेंदूपत्ता की खरीदी 5,500 रु. में कर रहे हैं, भूमिहीन कृषि मजदूरों के खातों में 10 हजार रु. सालाना दे रहे हैं। मुख्यमंत्री तीर्थ योजना का शुभारंभ भी हो गया है।  श्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ एक धनी प्रदेश है, खनिज संपदा से परिपूर्ण है। यहां आयरन है, सोना है, विभिन्न प्रकार की खनिज संपदा प्रचुर मात्रा में है। हमें छत्तीसगढ़ को एक विकसित और संपन्न छत्तीसगढ़ बनाना है। हम आज सुशासन तिहार भी मना रहे हैं। छत्तीसगढ़ में सुशासन स्थापित करने का काम भाजपा की सरकार कर रही है।
भाजपा एक राजनीतिक संगठन, एक वैचारिक आंदोलन के साथ ही एक यूनिवर्सिटी भी है जिसमें सभी आकर सीख सकते हैं : पवन साय
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री एवं कार्यक्रम के मुख्य वक्ता पवन साय ने अपने उद्बोधन में कहा कि जो लगातार संगठन का कार्य करता है, उनके पास कार्य का अनुभव होता है। आपके कारण ही भाजपा आज इस ऊँचाई तक पहुँची है। भाजपा का एक-एक कार्यकर्ता हमारे लिए संगठन खड़ा करने वाला है। आज विधानसभा, लोकसभा, नगर निगम एवं पंचायत में भी आप सभी कार्यकर्ताओं की मेहनत से पंचायत से लेकर पार्लियामेंट तक भाजपा का ध्वज लहरा रहा है। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता में परिश्रम की पराकाष्ठा की है जिसकी वजह से आज हम यहाँ तक पहुँचे हैं। श्री साय ने कहा कि जनसंघ समय हमने कभी नहीं सोचा था कि हमारे इतने सांसद आएंगे, हमारे इतने विधायक बनेंगे, राज्यों में हमारी सरकारें आएंगीं, नगर निगम में हमारी सरकार बनेगी। लेकिन हमने केवल विचार के लिए कार्य किया था जिसकी वजह से भाजपा आज यहाँ पर खड़ी है। भाजपा कार्यकर्ताओं का जो उत्प्रेरक है, जो शक्ति है, जो विचार है, इस विचार शक्ति के कारण आज एक-एक कार्यकर्ता मजबूती के साथ खड़ा है। श्री साय ने कहा कि हमारे लिए राष्ट्र सर्वप्रथम का नारा है। आज स्थापना दिवस पर हमारे पूर्वजों को याद करने का दिन है। अपने घरों में झंडा लगाने का दिन है।
भाजपा प्रदेश संगठन महामंत्री श्री साय ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का जो लक्ष्य है, उसे प्राप्त करने के लिए सरकार या सत्ता एक सीढ़ी है, यह हमारी अंतिम मंजिल नहीं है। हमारी अंतिम मंजिल है, देश विश्वगुरु के सर्वोच्च शिखर पर बैठना चाहिए। इसलिए 2047 का लक्ष्य भाजपा ने कार्यकर्ताओं के सामने रखा है। 2047 तक भारत विकसित राष्ट्र की श्रेणी में हो, यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है, हमारे पूर्वजों, स्वामी विवेकानंद का सपना है। हमारे देश के नौजवान हमारे देश की जनता जिस दिन भारत माता की सेवा करेगी तो भारत का मान दुनिया में बढ़ेगा। यह भाजपा कार्यकर्ताओं का लक्ष्य है। श्री साय ने कहा कि हमारा लक्ष्य ऊँचा हमारा लक्ष्य बड़ा होना चाहिए। भाजपा स्थापना दिवस के अवसर पर हम सब आज एक संकल्प लें कि भारत दुनिया का मार्गदर्शक बने। भाजपा एक राजनीतिक संगठन, एक वैचारिक आंदोलन भी है और एक यूनिवर्सिटी भी है जिसमें सभी आकर सीख सकते हैं।
सरकार की योजनाओं को निचले स्तर तक पहुँचाने के लिए हम सब मिलकर कार्य करेंगे : कश्यप
रायपुर जिला प्रभारी मंत्री केदारनाथ कश्यप ने अध्यक्षीय संबोधन में कहा कि भाजपा का स्थापना दिवस समारोह हम सबके लिए हर्ष का विषय है। ऐसे कालखंड में हमें कार्य करने का अवसर मिला है, जब अयोध्या में भगवान श्री राम मंदिर बना। यह सौभाग्य प्राप्त हो रहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज देश-विदेश के सबसे पॉवरफुल नेता है जिनके नेतृत्व में हमें कार्य करने का अवसर मिला। भाजपा की वजह से जनजाति क्षेत्र में लोगों को अधिकार वन अधिकार पट्टा प्राप्त हुआ। आज छत्तीसगढ़ लाल आतंक से मुक्त होने जा रहा है। देश के गृह मंत्री अमित शाह ने जो संकल्प लिया है, उस संकल्प को पूरा करते हुए लगातार और आने वाले मार्च 2026 में पूरा छत्तीसगढ़ नक्सल मुक्त राज्य के रूप में स्थापित होगा। सरकार की योजनाओं को निचले स्तर तक पहुँचाने के लिए हम सब मिलकर लगातार कार्य करेंगे। 
सभी कार्यकर्ताओं को जनसंघ और भाजपा का इतिहास पढ़ना चाहिए : बृजमोहन
भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने सम्मेलन को बतौर विशिष्ट अतिथि संबोधित करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी की राजनीति 1951 से शुरू होती है जब डॉ. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने जनसंघ स्थापना की। 1980 में समुद्र के किनारे भारतरत्न श्रद्धेय अटलबिहारी वाजपेयी ने यह भविष्यवाणी की थी कि अंधेरा छँटेगा, सूरज उगेगा, कमल खिलेगा। ‘एक देश में दो विधान, दो प्रधान, दो निशान नहीं चलेगा’ का नारा देने वाले हमारे संस्थापक डॉ. मुखर्जी आज स्वर्ग से यह देखकर खुश हो रहे होंगे कि उनका संकल्प साकार हुआ है। श्री अग्रवाल ने कहा कि इस देश में रहने वाले जितने लोग हैं, न्याय सब सबके साथ होना चाहिए। अब इस देश के मुसलमान के साथ भी न्याय होगा। गरीबों को पक्का मकान मिलेगा, अस्पताल मिलेगा। हम सबको मिलकर ऐसे विधेयक का अभिनंदन करना चाहिए और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का स्वागत करना चाहिए। आपातकाल के संघर्षों की याद ताजा करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि ऐसे परिवार हैं, जिन्होंने साइकिल से यात्रा कर संगठन का काम खड़ा किया है। ऐसे कई परिवार हैं जिन्होंने आपातकाल का दंश झेला है। श्री अग्रवाल ने कहा कि हमारे सभी कार्यकर्ताओं को जनसंघ और भाजपा का इतिहास पढ़ना चाहिए। पहले जनसंघ के कार्यकर्ताओं के परिवारों ने कभी सत्ता नहीं देखी। आज तो केंद्र सहित देश के 18 राज्यों में भाजपा व भाजपानीत गठबंधन की सरकार है। हम सत्ता में हैं, लेकिन हमने कभी सत्ता को शासन का नहीं, अपितु जन सेवा का माध्यम माना है। अयोध्या में राम मंदिर बना है, अभी तो काशी और मथुरा बाकी है। देश में 11 करोड़ लोगों को प्रधानमंत्री आवास मिला है। 11 करोड़ से अधिक महिलाओं को उज्ज्वला योजना का लाभ दिया जा रहा है। 21 करोड़ घरों में नल से जल दिया जा रहा है। आज यह कार्य छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार कर रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी की सरकार में भारत माता के वैभव को बढ़ाने के लिए हमें कार्य करना चाहिए।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम के प्रारंभ में भाजपा शहर जिला अध्यक्ष रमेश सिंह ठाकुर ने प्रास्ताविक उद्बोधन देते हुए 6 अप्रैल से लेकर 14 अप्रैल तक होने वाले सभी कार्यक्रमों की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की। इस दौरान कार्यक्रम में विधायक राजेश मूणत, सुनील सोनी, पुरंदर मिश्रा, मोतीलाल साहू, अनुज शर्मा, रामप्रताप सिंह, महापौर मीनल चौबे, भूपेंद्र सवन्नी, प्रदेश उपाध्यक्ष लक्ष्मी वर्मा, प्रदेश महामंत्री संजय श्रीवास्तव, प्रदेश कोषाध्यक्ष नंदन जैन, सौरभ सिंह, जिला संगठन प्रभारी खूबचंद पारख, प्रदेश मंत्री किशोर महानंद, नंदकुमार साहू, राजीव अग्रवाल, लोकेश कांवरिया, प्रफुल्ल विश्वकर्मा, संदीप शर्मा, केदारनाथ गुप्ता, दीपक म्हस्के,अमरजीत छाबड़ा, विकास मरकाम, सूर्यकांत राठौर, डॉक्टर सलीम राज, छगनलाल मूंदड़ा, मोना सेन की विशेष उपस्थिति रही। कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री सत्यम दुआ ने किया।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english