रोपवे की ट्राली गिरी, भाजपा महामंत्री भरत वर्मा समेत पांच घायल
राजनांदगांव।: राजनांदगांव जिला स्थित डोंगरगढ़ में मां बम्लेश्वरी मंदिर में शुक्रवार की दोपहर रोपवे की ट्राली नीचे गिरने से भाजपा प्रदेश महामंत्री भरत वर्मा समेत पांच घायल हो गए। इस बड़े हादसे के दौरान पूर्व मंत्री व वन विकास निगम के अध्यक्ष रामसेवक पैकरा भी इसी ट्राली में मौजूद थे। दुर्घटना में वर्मा गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनके साथ मौजूद अन्य को मामूली चोटें आई हैं। वर्मा को इलाज के लिए रायपुर के निजी अस्पताल ले जाया गया है।
घटना शुक्रवार दोपहर 2:05 मिनट की है। ये हादसा तब हुआ जब रामसेवक पैकरा और उनके साथ मौजूद भाजपा के नेता मां बम्लेश्वरी के दर्शन कर वापस लौट रहे थे। ट्राली में कुल छह लोग सवार थे। इनमें मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष मनोज अग्रवाल भी शामिल थे। जिस ट्राली में सभी सवार थे वह पहाड़ के नीचे मौजूद रोपवे स्टेशन के प्लेटफार्म के करीब पहुंचकर ही रोपवे से अलग हुई और नीचे गिरकर पलट गई। तत्काल सभी ने मिलकर नेताओं को बाहर निकाला और नगर के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। भरत वर्मा को कंधे, गले और कमर में अंदरूनी चोटें आई हैं। उन्हें राजनांदगांव में जांच के बाद रायपुर ले जाया गया है। बाकियों को मामूली चोटें ही आई।
हादसे की जानकारी मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अमला डोंगरगढ़ पहुंचा और रोपवे का निरीक्षण किया। यहां इस मामले में पुलिस अधीक्षक मोहित गर्ग ने एफआइआर दर्ज किए जाने की बात कही है। उन्होंने कहा कि, बड़ा हादसा हुआ है जिसके पीछे गंभीर लापरवाही है। इसे देखते हुए पुलिस प्राथमिकी दर्ज कर जांच करेगी।
मां बम्लेश्वरी मंदिर छत्तीसगढ़ का प्रमुख धार्मिक स्थल है। यहां तकरीबन 1650 फीट ऊपर माता का मंदिर है। गौरतलब है कि, पिछले नौ वर्षों में इस रोपवे में यह तीसरा हादसा है। इससे पहले दो हादसे में दो लोगों की जान जा चुकी है। इस रोपवे का संचालन मां बम्लेश्वरी मंदिर ट्रस्ट समिति ने कोलकाता की एक निजी कंपनी को सौंप रखा है।
Leave A Comment