रिसाली के पास इंटकवेल न होने से जलसंकट : जितेंद्र
भेंट-मुलाकात में महामंत्री जितेंद्र साहू और महापौर शशि सिन्हा ने जाना तालपुरी का हाल
-टी सहदेव
भिलाई नगर। प्रदेश कांग्रेस के महामंत्री जितेंद्र साहू ने बुधवार सुबह तालपुरी बी ब्लॉक में आयोजित भेंट-मुलाकात के जरिए कॉलोनीवासियों से सीधे संवाद स्थापित किया। इस मौके पर रिसाली नगर निगम की महापौर शशि सिन्हा विशेष रूप से उपस्थित थीं। करीब डेढ़ घंटे चली इस भेंट-मुलाकात में पूरे क्षेत्र का दौरा किया गया, जिसमें कॉलोनीवासियों के साथ वार्ड अध्यक्ष एवं जिला कांग्रेस कमेटी के सचिव अमनदीप सोढ़ी भी मौजूद थे। इस दौरान कॉलोनीवासियों ने महामंत्री एवं महापौर को क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं से रू-ब-रू कराया। मुख्य रूप से एसटीपी तथा पानी की समस्या पर जोर दिया गया।
पानी की समस्या पर उन्होंने कहा कि फिलहाल रिसाली निगम के पास खुद का इंटकवेल नहीं है, इसलिए हमारा निगम भिलाई नगर निगम पर निर्भर है। भिलाई निगम पहले अपने क्षेत्र में पानी की आपूर्ति करता है और उसके बाद ही रिसाली को पानी मुहैया करता है, इसलिए जलापूर्ति में बाधा उत्पन्न होती है। इस समस्या से निजात पाने के लिए रिसाली निगम के स्वयं के इंटकवेल का प्रस्ताव तैयार किया जा रहा है। इस बीच एसटीपी का भी जायजा लिया गया। उन्होंने इस बात को स्वीकार किया कि एसटीपी के कारण आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है। इसे हटाना मसले का हल है।
इस दौरान महामंत्री एवं महापौर ने नॉर्थ जोन, साउथ जोन, ट्राइएंगुलर, कंक्रीट, पारिजात तथा जूही गार्डन का हाल देखा। साउथ जोन और जूही गार्डन को बनिस्बत बेहतर स्थिति में पाया। नॉर्थ जोन गार्डन की हालत काफी बुरी थी। जगह-जगह पाथवे क्षतिग्रस्त पाया गया, रैंप और झूले भी टूटे हुए मिले। एक सवाल के जवाब में जितेंद्र साहू ने कहा कि इसी रविवार को यहां सफाई अभियान छेड़ा जाएगा। इस अभियान में वे खुद हिस्सा लेंगे। इसके अगले दिन सोमवार को शिवमंदिर परिसर में साफ-सफाई होगी।
क्षेत्र का मुआयना करने के दौरान लोगों ने पारिजात गार्डन में देर रात नशेड़ियों और गंजेड़ियों द्वारा जमघट लगाने तथा गाली-गलौज करने की शिकायत भी की। इसके अलावा इस क्षेत्र में अवैध रूप से दूकानें संचालित करने की जानकारी भी दी गई। पारिजात क्षेत्र में सड़क किनारे मलबा और क्षतिग्रस्त कलवर्ट देख महामंत्री ने नाराजगी जताई। बताना जरूरी है कि छह माह पहले ही कलवर्ट का निर्माण हुआ था। उन्होंने मलबे को तत्काल हटाने एवं कलवर्ट के पुनर्निर्माण का निर्देश दिया।

Leave A Comment