दंतेवाड़ा जिले में धान खरीदी प्रक्रिया की हुई शुरुआत
-धान उपार्जन केन्द्रों का विधायक कलेक्टर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा किया गया निरीक्षण
-राज्य शासन के मंशानुरूप धान खरीद प्रक्रिया को किसानों के हित में पारदर्शी, सुगम बनाने के लिए प्रशासन पूर्णतः प्रतिबद्ध -विधायक श्री अटामी
दंतेवाड़ा । छत्तीसगढ़ राज्य में मुख्यमंत्री की किसान हितैषी मंशा के अनुरूप आज से धान खरीदी का शुभारंभ किया गया। इसी क्रम में दंतेवाड़ा जिले के मुख्य उपार्जन केंद्र दंतेवाड़ा में विधायक सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर ओर अन्य अधिकारीगण की गरिमामयी उपस्थिति में खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 की धान खरीदी प्रक्रिया की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार इस वर्ष धान खरीदी को और अधिक पारदर्शी, सुगम और तकनीकी रूप से मजबूत बनाया गया है।
इस क्रम में कृषकों को संबोधित करते हुए विधायक श्री चैतराम अटामी ने कहा कि राज्य सरकार पंजीकृत किसानों से धान खरीदने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है और इसके लिए शासन द्वारा सभी तैयारियां पहले से कर ली गई हैं। उन्होंने किसानों से धान बिक्री हेतु पूरी तैयारी कर साफ-सुथरा, अच्छी गुणवत्ता वाला धान उपार्जन केंद्रों तक लाने की अपील की, ताकि गाँव और जिले का नाम गौरवान्वित हो। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि खराब, धूल-मिट्टी मिश्रित धान उपार्जन केंद्रों में बिल्कुल न लाया जाए।
जिले के सभी 15 उपार्जन केंद्रों में छाया, पानी, शौचालय और अन्य बुनियादी व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश प्रशासन को दिए गए हैं, ताकि किसी भी किसान को असुविधा न हो। इस वर्ष दंतेवाड़ा में 13,000 से अधिक किसानों ने धान खरीदी हेतु पंजीयन कराया है, जिनके लिए प्रशासन ने व्यापक तैयारी की है।
कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने जानकारी देते हुए बताया कि शासन के निर्देशानुसार पंजीकृत किसानों से धान खरीदी बायोमेट्रिक पद्धति से की जाएगी ताकि पारदर्शिता बनी रहे। छत्तीसगढ़ में धान खरीदी 15 नवंबर 2025 से 31 जनवरी 2026 तक चलेगी। इस वर्ष किसानों की सुविधा के लिए ‘टोकन तुंहर हाथ’ एप के माध्यम से टोकन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। शासन द्वारा घोषित समर्थन मूल्य के अनुसार पतला धान 2389 रुपए प्रति क्विंटल, मोटा धान 2369 रुपए प्रति क्विंटल की दर से खरीदा जाएगा, तथा कृषक सहायता राशि जोड़कर धान खरीदी 3100 रुपए प्रति क्विंटल की दर से की जाएगी। प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान खरीदा जाएगा। धान खरीदी के सफल संचालन हेतु जिला प्रशासन पूरी तरह तैयार है और किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए संपूर्ण प्रक्रिया को सरल, पारदर्शी और सुगम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर अधिकारी एवं कर्मचारी सहित कृषकगण उपस्थित थे।


.jpg)



.jpg)






Leave A Comment