निगम आयुक्त ने नेहरू नगर जोन के विकास कार्यों का किया औचक निरीक्षण
भिलाई नगर। नगर पालिक निगम भिलाई के आयुक्त राजीव कुमार पाण्डेय द्वारा आज जोन-1 नेहरू नगर अंतर्गत विभिन्न वार्डों में संचालित विकास कार्यों का सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान उन्होंने नवीन सीमेंटीकरण, डामरीकरण सड़क, तालाब, उद्यान और खेल मैदानों की वस्तुस्थिति का जायजा लिया और अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण कार्य समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण की शुरुआत वार्ड क्रमांक 6, संजय नगर से हुई, यहाँ स्थानीय नागरिकों द्वारा आवागमन की सुविधा हेतु सड़क निर्माण की लंबे समय से मांग की जा रही थी। जनहित को सर्वोपरि रखते हुए निगम द्वारा यहाँ नवीन डामरीकरण सड़क का निर्माण पूर्ण कर लिया गया है। आयुक्त ने सड़क का निरीक्षण करते हुए कहा कि इस मार्ग के बन जाने से स्थानीय निवासियों को धूल और कीचड़ से मुक्ति मिलेगी तथा सुगम आवागमन सुनिश्चित होगा।
संजय नगर तालाब के निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने पाया कि तालाब के चारों ओर लगे चेकर टाइल्स (पेवर) कई स्थानों से उखड़ गए हैं। उन्होंने जोन आयुक्त को तत्काल इन टाइल्स को व्यवस्थित कराने एवं क्षतिग्रस्त हिस्सों की मरम्मत के निर्देश दिए। साथ ही तालाब के मध्य बने चबूतरे का संधारण कर उसे बेहतर स्वरूप देने की बात कही।
आयुक्त ने गुलमोहर उद्यान का भी अवलोकन किया। उद्यान परिसर में निर्मित भवन के पास वर्तमान में शेड निर्माण का कार्य प्रगति पर है। उन्होंने संबंधित इंजीनियरों को शेड का कार्य शीघ्र पूर्ण करने तथा उद्यान के भीतर नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के लिए निर्देशित किया। इसके पश्चात, समीप स्थित बैडमिंटन कोर्ट के निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा की दृष्टि से चैन लिंक फैंसिंग को व्यवस्थित और सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान आयुक्त के साथ मुख्य रूप से अजय राजपूत जोन आयुक्त, फत्तेलाल साहू सहायक अभियंता, बसंत साहू व रीमा जामुलकर उप अभियंता, सुनील जोशी सहायक राजस्व अधिकारी एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।












.jpg)

Leave A Comment