ब्रेकिंग न्यूज़

 धान खरीदी की व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं

0- नोडल अधिकारी चेकलिस्ट अनुसार करें सघन निरीक्षण: कलेक्टर श्रीमती मिश्रा
0-‘जनजातीय गौरव दिवस’ की तैयारियों तथा सीएम हेल्पलाइन के प्रकरणों की हुई विस्तृत समीक्षा
बालोद. कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय स्थित सभाकक्ष में आयोजित समय-सीमा की बैठक में समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की व्यवस्थाओं, आगामी 17 नवंबर को आयोजित होने वाले ‘जनजातीय गौरव दिवस’ की तैयारियों तथा सीएम हेल्पलाइन एवं पारस पोर्टल के लंबित प्रकरणों की गहन समीक्षा की। कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि धान खरीदी शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, अतः सभी उपार्जन केंद्रों में सुचारू, पारदर्शी एवं किसान हितैषी व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री सुरेन्द्र प्रसाद वैद्य, श्री गिरधारी लाल यादव एवं श्री हरिवंश सिंह मिरी, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष के अलावा सभी राजस्व अनुविभागीय अधिकारियों सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। 
बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने धान खरीदी कार्य के लिए समिति हेतु नियुक्त नोडल अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे निर्धारित चेकलिस्ट के प्रत्येक बिंदु के अनुरूप उपार्जन केंद्रों का सघन निरीक्षण करें और समितियों पर प्रभावी नियंत्रण रखें। 
चबूतरे पर दो लेयर स्टेक और स्टेंसिल की अनिवार्य व्यवस्था
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने उपार्जन केंद्रों में धान के सुरक्षित भंडारण हेतु स्पष्ट दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि पक्का चबूतरा होने की स्थिति में ही एक लेयर का डनेज लगाया जाए, अन्यथा कच्ची सतह पर अनिवार्य रूप से दो लेयर का डनेज लगाकर ही स्टेक तैयार किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रति बोरे में बारदाने के वजन सहित कुल 40 किलो 700 ग्राम धान की तौल सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही प्रत्येक केंद्र के प्रवेश द्वार (गेट) के पास स्टेक प्लान स्पष्ट रूप से प्रदर्शित करने, जूट के बारदानों की सुतली से व्यवस्थित सिलाई कराने, स्टेंसिल लगाने तथा पर्याप्त मात्रा में बारदाना, तिरपाल और हमालों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
नमी परीक्षण और टोकन लिमिट के पालन पर जोर
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने निर्देश दिए कि ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी (आरएईओ), प्राधिकृत अधिकारी आदि की उपस्थिति में पाला लगाने तथा धान की नमी की जांच सुनिश्चित की जाए। केंद्रों में केवल निर्धारित मानक के अनुरूप सूखा धान ही खरीदा जाए। साथ ही केंद्रों की क्षमता के अनुसार टोकन मॉड्यूल की डे-लिमिट का सुव्यवस्थित पालन करते हुए सोसायटियों में सभी आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त रखने को कहा।
राज्य शासन द्वारा किसानों के हित में लिए गए निर्णय के अनुरूप धान विक्रय हेतु पंजीकृत किसानों को ‘कृषक उन्नति योजना’ के तहत प्रति एकड़ अधिकतम 21 क्विंटल धान बेचने या न्यूनतम 01 क्विंटल धान विक्रय करने पर भी किसानों को पूरे 21 क्विंटल का बोनस का राशि 13839 रूपए प्रदान किया जाएगा। उक्त किसान हितैषी निर्णय का किसानों के बीच बेहतर प्रचार-प्रसार करने के भी निर्देश कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को दिए। इसके लिए ग्रामीण स्तर पर कोटवारों के माध्यम से मुनादी कराने तथा धान खरीदी केन्द्रों पर फ्लेक्स व बैनर लगाकर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा, ताकि प्रत्येक किसान को योजना के लाभों की पूरी जानकारी मिल सके।
जनजातीय गौरव दिवस समारोह में विभागीय स्टॉल और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की भव्य तैयारी
बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने 17 नवंबर को जिला मुख्यालय स्थित सरदार वल्लभभाई पटेल मैदान में आयोजित होने वाले ‘जनजातीय गौरव दिवस’ समारोह की तैयारियों का भी जायजा लिया। उन्होंने निर्देशित किया कि समारोह स्थल पर आदिवासी समाज के उत्थान एवं शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं को प्रदर्शित करने वाले आकर्षक विभागीय स्टॉल लगाए जाएं। आयोजन के दौरान विशिष्ट सम्मान समारोह तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही तैयारियों में किसी भी प्रकार की कमी न रहे। 
सीएम हेल्पलाइन और पारस पोर्टल के प्रकरणों के त्वरित निराकरण के निर्देश
बैठक में कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने सीएम हेल्पलाइन एवं पारस पोर्टल में प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का संतुष्टिपूर्ण एवं समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english