कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की समीक्षा की
सभी अधिकारी-कर्मचारियों को सुबह 10 बजे अनिवार्य रूप से आधार सक्षम बायोमेट्रिक उपस्थिति एवं शतप्रतिशत ई-फाईलिंग के माध्यम से कार्य सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
बालोद/कलेक्टर श्रीमती दिव्या उमेश मिश्रा ने आज संयुक्त जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा की बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने जिले के सभी अधिकारी-कर्मचारियों को सुबह 10 बजे तक अनिवार्य रूप से अपने-अपने कार्यालयों में पहुँचकर अपना आधार सक्षम बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। इसके अलावा उन्होंने ई-आॅफिस के कार्य की क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए सभी शासकीय कार्यालयों में शत प्रतिशत ई-फाईलिंग के माध्यम से कार्य सुनिश्चित कराने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसी भी स्थिति में मैनुअल पद्धति से फाईलिंग का कार्य न किया जाए। बैठक में वनमण्डलाधिकारी श्री अभिषेक अग्रवाल, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सुनील चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर श्री चंद्रकांत कौशिक एवं श्री अजय किशोर लकरा सहित संयुक्त कलेक्टर श्रीमती मधुहर्ष सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित थे।
कलेक्टर श्रीमती मिश्रा ने सभी अधिकारी-कर्मचारियों को कार्यालय में पहुँचने के बाद सुबह 10 बजे एवं ड्यूटी समाप्ति के पश्चात् शाम 05.30 बजे अनिवार्य रूप से आधार सक्षम बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित कराने को कहा। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने सभी विभाग प्रमुखों को वर्ष 2026 के लिए विभागीय कार्य योजना बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने सभी विभाग प्रमुखों को अपने-अपने विभागों का वार्षिक कार्य योजना बनाकर 31 मार्च 2026 के पूर्व जिला कलेक्टर से उसका अनुमोदन भी कराने के निर्देश दिए। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य के प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने इस कार्य में लगे सभी अधिकारी-कर्मचारियों को विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य को निर्धारित समयावधि में पूरा कराने के निर्देश दिए। बैठक में श्रीमती मिश्रा ने मुख्यमंत्री के घोषणा के कार्यों की क्रियान्वयन की समीक्षा की। उन्होंने मुख्यमंत्री के घोषणा के कार्यों को निर्धारित समयावधि में पूरा करने के निर्देश भी दिए।








.jpg)


Leave A Comment