ग्रामर का सही अभ्यास और व्यापक वोकैब्यलेरी अंग्रेजी का आधार
- महाराष्ट्र मंडल के संत ज्ञानेश्वर स्कूल में इंग्लिश टीचर सुनिधि रोकडे ने बच्चों को दिए टिप्स
रायपुर। अंग्रेजी विषय की मार्गदर्शन कार्यशाला में शिक्षिका सुनिधि रोकड़े ने बच्चों से कहा कि ग्रामर में टेंस, एक्टिव-पैसिव वॉइस, डायरेक्ट- इनडायरेक्ट स्पीच और आर्टिकल का नियमित अभ्यास करें और अपनी वोकैब्यलेरी का विस्तार करें। ऐसा करना अंग्रेजी में अच्छे नंबर लाने का आधार बनता है। छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल की 10वीं और 12वीं को बोर्ड परीक्षा 20 और 21 फरवरी से शुरू होने वाली हैं। ऐसे में संत ज्ञानेश्वर विद्यालय के विषय विशेषज्ञों की ओर से बच्चों को परीक्षा को लेकर मार्गदर्शन देने की प्रक्रिया जारी है।
सुनिधि ने कहा कि अंग्रेजी की तैयारी के लिए पाठों को ध्यानपूर्वक पढ़ें और उन्हें अच्छी तरह समझें। पाठ में आए कठिन शब्दों को चुनकर अलग से लिखें। उन शब्दों को बार-बार लिखकर अभ्यास करें। लंबे उत्तरों को केवल पढ़ें नहीं, बल्कि लिख- लिखकर याद करें। कठिन और लंबे शब्दों की वर्तनी (स्पेलिंग) को रेखांकित करें और उनका विशेष अभ्यास करें।
सुनिधि ने कहा कि लेखन खंड की तैयारी के लिए विभिन्न प्रारूपों जैसे पत्र, सूचना, अनुच्छेद, लेख आदि को अच्छी तरह सीखें और अलग-अलग विषयों पर उनका अभ्यास करें। व्याकरण की तैयारी करते समय नियमों की एक सारणी या चार्ट अपनी कॉपी में बनाएं और उसे प्रतिदिन पढ़ें। प्रतिदिन 15–20 मिनट व्याकरण के लिए अवश्य दें।
सुनिधि ने बताया कि पत्र, रिपोर्ट, आर्टिकल और निबंध के सही फॉर्मेट का अभ्यास करें। अच्छे नंबर पाने के लिए फॉर्मेट का सही होना बहुत जरूरी है। पिछले वर्षों के प्रश्न-पत्रों और सैंपल पेपर को तीन घंटे की समय सीमा में हल करें।










Leave A Comment