विजय पथ पर निकला भाजपा का परिवर्तन रथ
-कांग्रेस सरकार को उखाड़ फेंकें- अरुण साव
-भाजपा सरकार के कार्यों का स्मरण कराने आया हूं- डॉ. रमन सिंह
-भाजपा प्रदेश प्रभारी माथुर ने दिखाई रथ को हरी झंडी
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव में विजय के संकल्प के साथ मंगलवार को बस्तर के दंतेवाड़ा में मां दंतेश्वरी की आराधना और विशाल आम सभा के बाद भाजपा की परिवर्तन यात्रा के रथ को छत्तीसगढ़ प्रदेश भाजपा के प्रभारी ओम माथुर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव के नेतृत्व में दंतेवाड़ा से आरंभ हुई परिवर्तन यात्रा में श्री साव ने अपने जोशीले भाषण में कांग्रेस सरकार पर जोरदार हमला बोला। उन्होंने कहा कि बस्तर को विकास की यात्रा में फिर से शामिल करना है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 5 साल से बस्तर का विकास ठप है। क्षेत्र में स्वास्थ्य सुविधाओं का अकाल है। श्री साव ने आरोप लगाया कि बस्तर के लोगों को प्रधानमंत्री आवास से वंचित रखा गया है। नौजवानों को रोजगार नहीं मिल रहा। यदि बस्तर के लोग बिजली, पानी, स्वास्थ्य सुविधा, सडक़ चाहते हैं तो यह सिर्फ भाजपा दे सकती है। 15 साल तक भाजपा ने बस्तर को वह सब दिया है। जो कांग्रेस 50 साल में नहीं दे सकी। श्री साव ने लोगों से अपील की कि बस्तर की 12 की 12 सीट भाजपा की झोली में दें।
भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह ने कहा कि सीधी बात करने आया हूं। आपके आशीर्वाद से डॉ. रमन तीन बार मुख्यमंत्री रहा है। आपके साथ कंधे से कंधे मिलाकर विकास की कल्पना को साकार करने का काम किया है। बस्तर के कई मुद्दे थे। 2003 में मेरे मुख्यमंत्री बनने के पहले बस्तर की सबसे बड़ी समस्या थी नमक। नमक के बदले हमारे वनवासियों की कीमती वनोपजों को लूटा जाता था। नमक शोषण का औजार बन गया था। उससे मुक्ति दिलाने का काम भाजपा की सरकार ने किया। भारतीय जनता पार्टी ने नि:शुल्क नमक दिया। नमक बस्तर के स्वाभिमान से जुड़ा है। आदिवासियों को कोदो, कुटकी पेज, पसिया के सहारे जीवन यापन करना पड़ता था। भूख से मौत होती थी। ऐसे में भाजपा सरकार ने एक बड़ा निर्णय लिया। भाजपा की सरकार के मुखिया के नाते गरीबों को 1 रुपये किलो चावल दिया तो उससे बड़ी कोई बात हो सकती है क्या?
डॉ. सिंह ने आगे कहा कि भाजपा सरकार की उपलब्धि का चिंतन आपको करना पड़ेगा। चमचमाती सडक़ का जाल बिछाने का काम भाजपा की सरकार ने किया। बस्तर में जितने भी पुल-पुलिया, स्कूल, अस्पताल बने हैं, यह सारे के सारे निर्माण कार्य भाजपा की सरकार ने किए हैं।
वहीं छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल ने विशाल आम सभा को संबोधित करते हुए कहा कि मां दंतेश्वरी का आशीर्वाद लेकर आज परिवर्तन यात्रा का शुभारंभ हुआ है। यह यात्रा विजय के संकल्प के साथ आगे बढ़ रही है और यह संकल्प मां दंतेश्वरी के आशीर्वाद से पूर्ण होगा। श्री चंदेल ने कहा कि आने वाले समय में कमल खिलाना है और बस्तर के विकास को आगे बढ़ाना है। बस्तर की सभी 12 सीटें भारतीय जनता पार्टी को सौंप कर ऐसी सरकार बनाएं जो जनता की भावनाओं के अनुरूप बस्तर और प्रदेश का विकास कर सके।
वहीं भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सांसद सरोज पांडेय ने आम सभा को संबोधित करते हुए कहा कि परिवर्तन यात्रा का मतलब है सत्ता का परिवर्तन। आज हम परिवर्तन यात्रा की शुरुआत कर रहे हैं। कांग्रेस पार्टी की सरकार की विफलता से जुड़े विभिन्न विषयों को लेकर भाजपा के नेता जनता के बीच जा रहे हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह ने आरोप लगाया कि छत्तीसगढ़ की सरकार ने भ्रष्टाचार के अलावा कुछ नहीं किया। आदिवासियों के शोषण और भ्रष्टाचार के अलावा सरकार का कोई काम सामने नहीं आया है। 5 साल से जनता का शोषण चल रहा है। अब हद हो चुकी है। इस सरकार से छुटकारा चाहिए। यह तभी संभव है जब आने वाले चुनाव में कमल खिलाएं और भाजपा की सरकार बनाएं।
इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री डॉ रमन सिंह, प्रदेश भाजपा सह प्रभारी नितिन नबीन, नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, केंद्रीय राज्य मंत्री रेणुका सिंह, भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सरोज पांडे, लता उसेंडी, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदेव साय, विक्रम उसेंडी, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष धरमलाल कौशिक, पूर्व सांसद दिनेश कश्यप, पूर्व मंत्री बृजमोहन अग्रवाल, सांसद एवं बस्तर संभाग प्रभारी संतोष पांडेय, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल, कांकेर सांसद मोहन मंडावी, प्रदेश महामंत्री केदार कश्यप, प्रथम यात्रा के संयोजक एवं विधायक शिवरतन शर्मा, महेश गागड़ा, निरंजन सिन्हा, प्रदेश मंत्री ओजस्वी मंडावी जिलाध्यक्ष चैतराम अटामी, हुंगाराम मरकाम, सहित सभी वरिष्ठ नेता उपस्थित थे।











.jpg)

Leave A Comment