जनमन से मिली मदद और जीवन में आए सामाजिक बदलाव से खुश है बिफइया बाई
कोरिया। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में कुछ एैसी योजनाएं हैं जिन्होंने हितग्राहियों तक मदद पहुंचाकर उनके जीवन में बदलाव ला दिया है। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा वंचित तबके के लिए लागू की गई प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण से ग्राम्य परिवेश में बड़ा सकारात्मक बदलाव आ रहा है। आम नागरिकों के जीवन की सहूलियतें बढ़ रही हैं और कुछ सकारात्मक विचारधारा के हितग्राहियों ने ग्रामीण जनजीवन में अपनी मेहनत से नई उर्जा जगाने का काम किया है।
प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत हितग्राही बनने के पहले अपने कच्चे मकान में रहने वाली बिफइया बाई पति धरमसाय का जीवन ठीक उसी तरह संकट और अभाव से ग्रस्त हुआ करता था जैसे आम आदिवासी परिवार हुआ करता है। जिसके पास कहने को मात्र कुछ भूमि और एक कच्चा जर्जर मकान हो जिसे अपने आज से ज्यादा कल की चिंता परेशान करती हो। मात्र दो सदस्यों का यह परिवार पूरी तरह से अकुशल मजदूरी पर आश्रित होकर अपना जीवन यापन कर रहा है ऐसे में पक्के मकान का सपना इनके जीवन में एक सपना ही था। इस परिवार को भी हर मौसम में संकट और परेशानियों से जूझना होता था। जिसमें बारिश और ठंड का मौसम बेहद संकट भरा होता था।
कोरिया जिले के जनपद पंचायत बैकुण्ठपुर के अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत गढ़तर में गत वित्तीय वर्ष 2023-24 के दौरान एक हितग्राही के तौर पर बिफईया बाई को प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना का लाभ मिला। पति पत्नी ने पूरे उत्साह से जल्द अपने पक्के आवास का निर्माण कार्य पूरा किया। अब उस आवास में चैन की रोटी खाते हुए बिफईया बाई अपने देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी को धन्यवाद देकर खुशहाल जीवन जीने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत दो लाख रूपए की मदद से बने इस सुरक्षित और स्वच्छ आवास में रहने से इस परिवार को खुशहाली और सुकून दोनों साथ मिल रहा है। वहीं वंचित वर्ग के इस परिवार में आत्मसंतोष के साथ एक बेहतर वातावरण बनकर तैयार हुआ है। मौसम की मार से दूर होकर इस परिवार में सामाजिक संतोष का उत्साह मिल रहा है। यह आवास केवल ईंट गारे की एक संरचना ना होकर इस परिवार के लिए एक जीवंत सपना है।













Leave A Comment