डाइट नहीं डाइट प्लान बदलें, नहीं जाना पड़ेगा जिमः श्रेयस कुलकर्णी
0- महाराष्ट्र मंडल के फिट उत्सव में दिखा हर वर्ग के प्रतिस्पर्धियों में उत्साह
0- फिल्मी गानों पर सभी ने जमकर किया जुंबा
रायपुर। हम भारतीयों के खाने की थाली में आमतौर पर रोटी, सब्जी, दाल, चावल और मिठाइयां नजर आती हैं। इन दिनों आम का सीजन होने के कारण आम बाजार में आसानी से उपलब्ध हैं। हम लोग आमतौर पर कुछ मीठा पहले, तो कुछ मीठा भोजन के अंत में खाते हैं। हमारा डाइट अच्छा है, लेकिन इसे लेने का तरीका हमें बदलना होगा। डाइट का सही तरीका आपको फिट रखेगा और यही हमारे आज के कार्यक्रम का लक्ष्य है। उक्त बातें महाराष्ट्र मंडल के छत्रपति शिवाजी महाराज सभागृह में आयोजित फिट उत्सव के दौरान फिटनेस कोच श्रेयस कुलकर्णी ने कही।
श्रेयस ने बताया कि आमतौर पर भारतीयों का आहार ज्यादा कार्बोहाइड्रेटयुक्त होता है, जो उनके वजन बढ़ने और डायबिटीज का बड़ा कारण है। हमारी थाली को संतुलित करने के लिए हमें भोजन में प्रोटीन और फाइबर को शामिल करना होगा। फिट रहने के लिए खाने का आर्डर क्या होना चाहिए, यह जिज्ञासा सबके मन में आती है। डायट विशेषज्ञ श्रेयस ने अनुसार सबसे पहले आपको सलाद खाना चाहिए, जिसमें आपको फाइबर मिलेगा, उसके बाद वसा और प्रोटीन खाना है जैसे अंडा, चिकन, पनीर, टोफू, दही आदि। उसके बाद उसके बाद सब्जियां जैसे लौकी, भिंडी, कद्दू, गोभी और अंत में दाल चावल, ओट्स का उपमा, दलिया खाना चाहिए।
श्रेयस ने आगे कहा कि स्ट्रेंथ ट्रेनिंग एक ऐसा व्यायाम है, जिसमें मांसपेशियों की ताकत और सहनशक्ति बढ़ाने के लिए बाहरी प्रतिरोध जैसे डंबल, रेजिस्टेंस बैंड या शरीर के वजन का उपयोग किया जाता है। इसके लिए आपको सिर्फ जिम जाने की जरूरत नहीं है, आप घर पर रहकर भी अपनी स्ट्रेंथ बिल्ड कर सकते हैं। ट्रेनिंग शुरू करने से पहले पांच-10 मिनट का वार्मअप (जैसे जंपिंग जैक या हल्की जॉगिंग) जरूर करें, जिससे चोट न लगे। आप बिना किसी उपकरण के भी इसकी शुरुआत कर सकते हैं।
मोटिवेशनल टॉक के तहत युवा समिति की प्रमुख डाॅ. शुचिता देशमुख ने कहा कि फिट रहने के लिए जागरूक होने की कोई उम्र नहीं होती। आप जब सक्रिय होंगे, तब से आपकी फिटनेस अच्छी होनी शुरू हो जाएगी। फिट उत्सव का उद्देश्य भी यही है कि लोगों को कैसे फिट रखा जाए, वो भी तब, जब हमारी पीढ़ी का डाइट प्लान पूरी तरह बिगड़ा हुआ है। आज हम जंक फूड से घिरे हैं। ऐसे में सही डाइट और सही तरीके से डाइट बेहद जरूरी है। कार्यक्रम की शुरुआत श्रावणी मुकादम के जुंबा डांस के साथ की गई। इस अवसर पर कार्यकारिणी सदस्य मालती मिश्रा, युवा समिति के समन्वयक विनोद राखुंडे, अजय पोतदार, शुभम् पुराणिक, पल्लवी मुकादम, भारती पलसोदकर, अंकिता किरवई, मेघा पोतदार सहित बड़ी संख्या में युवा समिति के पदाधिकारी, सभासद और प्रतिस्पर्धी उपस्थित थे।
*स्ट्रेंथ ट्रेनिंग के चरण:-*
0- स्क्वैट्स: पैरों की ताकत के लिए 0- पुशअप्स: छाती और बाहों के लिए 0- लंजेस: पैरों और संतुलन के लिए 0- प्लैंक्स: कोर (पेट) की ताकत के लिए (20-60 सेकंड तक रुकेग्लूट ब्रिजेस: हिप्स के लिए।











Leave A Comment