हादसे में एक ही परिवार के 10 लोग घायल
मोहला/ मोहला—मानपुर—अंबागढ़चौकी जिले में सड़क हादसे में एक ही परिवार के 10 लोग घायल हो गए। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि जिले के खड़गांव थाना क्षेत्र के अंतर्गत कमानसुर गांव के करीब एक एसयूवी वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे इस घटना में 10 लोग घायल हो गए। उन्होंने बताया कि बालोद जिले के भरदा कला गांव से एक ही परिवार के 10 लोग एक वाहन में सवार होकर कांकेर के शिलपट गांव में आयोजित विवाह कार्यक्रम में शामिल होने गए थे। उन्होंने बताया कि वापसी में जब वह आज सुबह कमानसुर गांव के करीब पहुंचे तब वाहन अनियंत्रित होकर पलटकर सीधा हो गया। इस घटना में वाहन सवार 10 लोग घायल हो गए। अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस दल घटनास्थल पहुंचा तथा ग्रामीणों की मदद से घायलों को मानपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। उन्होंने बताया कि वहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को राजनांदगांव मेडिकल कॉलेज अस्पताल भेज दिया गया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है तथा मामले की जांच की जा रही है।













Leave A Comment