ब्रेकिंग न्यूज़

 धान खरीदी के शुभारंभ पर किसानों में दिखा उत्साह, पहले दिन 92 किसानों ने बेचा 34 सौ क्विंटल धान

 - जिले में 16 नए उपार्जन केंद्रों सहित किसानों के लिए की गई हैं व्यापक व्यवस्थाएं
 - अवैध धान परिवहन पर रोक लगाने 14 चेकपोस्ट स्थापित, कृषक उन्नति योजना के तहत प्रति एकड़ 13,839 रुपए की मिलेगी आदान सहायता राशि
  मोहला । जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का शुभारंभ आज 15 नवंबर से हो गया। धान खरीदी के पहले दिन ही उपार्जन केंद्रों में किसानों में खासा उत्साह देखने को मिला। किसान निर्धारित प्रक्रिया के तहत टोकन लेकर अपने धान का विक्रय करने पहुंचे। धान खरीदी के प्रथम दिन जिले में कुल 92 किसानों ने 34 सौ क्विंटल धान का विक्रय किया। वहीं 96 किसानों को कुल 4 हजार  क्विंटल धान विक्रय के लिए टोकन जारी किया गया था।
         शासन द्वारा धान खरीदी के लिए 15 जनवरी 2027 तक की अवधि निर्धारित की गई है। जिले में किसानों की सुविधा और सुगमता को ध्यान में रखते हुए 16 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं, ताकि किसान बिना किसी परेशानी के अपने नजदीकी केंद्रों में धान का विक्रय कर सकें।
       धान खरीदी व्यवस्था को पारदर्शी एवं सुचारू बनाए रखने के साथ-साथ अवैध धान परिवहन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए जिला स्तर पर 14 चेकपोस्ट स्थापित किए गए हैं। यहां कर्मचारियों की ड्यूटी लगाकर निगरानी की व्यवस्था की गई है। वहीं विकासखंड स्तर पर तहसीलदारों की अध्यक्षता में विशेष निगरानी दल का गठन किया गया है, जो धान खरीदी व्यवस्था पर सतत नजर रखेंगे। जिला प्रशासन द्वारा धान खरीदी की सभी व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और किसानों को सुगम एवं सुविधाजनक वातावरण उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की गई हैं।
  जिले में धान खरीदी उत्सव का शुभारंभ कलेक्टर श्रीमती तनुजा सलाम ने नवीन धान उपार्जन केंद्र भावसा में किया। इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य श्रीमती राधिका अंधारे, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रेखा कोठारी, सरपंच श्रीमती सरोज तुलावी, जनप्रतिनिधि श्री दिलीप वर्मा, श्री लक्ष्मेंद्र शाह एवं श्री राजू गुजराती सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं किसानों ने धान खरीदी उत्सव में सहभागिता की। नवीन धान उपार्जन केंद्र प्रारंभ होने से क्षेत्र के किसानों को अपनी उपज के विक्रय में सुविधा मिलेगी।
 शासन द्वारा कृषक उन्नति योजना के तहत खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में किसानों को उनके द्वारा बेचे गए धान के समर्थन मूल्य के अतिरिक्त 13,839 रुपए प्रति एकड़ की दर से आदान सहायता राशि प्रदान की जाएगी। यह राशि उन किसानों के बैंक खातों में अंतरित की जाएगी, जिन्होंने अपने खेत का एग्रीस्टैक पंजीयन कराया है तथा जिनकी फसल का डिजिटल क्रॉप सर्वे किया गया है। इस योजना का उद्देश्य किसानों की खेती की लागत को कम करना, उनकी आय में वृद्धि करना तथा आर्थिक एवं सामाजिक स्थिति को सुदृढ़ बनाना है।
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english