सिंचाई अमला के जीवटता से बड़गांव पहुंचा निस्तारी पानी पर तालाब भरने की चुनौती बाकी
रायपुर । सिंचाई अमला के जीवटता के चलते 14 दिनों बाद सोनपैरी माइनर के अंतिम छोर के ग्राम बड़गांव में बीते कल सोमवार को निस्तारी पानी पहुंच गया पर पानी के उतार - चढाव व पहले पड़ने वाले ग्रामों के ग्रामीणों द्वारा अपने - अपने ग्रामों के अधिक से अधिक तालाबों को हेड अप कर भरने की कोशिशों के चलते तालाब भर पाने के चुनौतीपूर्ण कार्य को देखते हुये बड़गांव के कतिपय पंचायत प्रतिनिधि व युवा स्वीकार कर चौकसी करने में लग गये हैं । इधर बड़गांव पानी पहुंचने के साथ ही एक बार फिर रुद्री से पानी का आवक कम हो गया है । जानकारी के अनुसार नहर में किसी के डूबने की वजह से तलाशी के चलते पानी का आवक कम कर दिया गया था जिसे कि शव मिलने के बाद पुनः धीरे - धीरे बढ़ाया जा रहा है । यदि माइनर में नियमित पर्याप्त पानी आया और पहले के ग्रामों में हेड अप नहीं किया गया तो कल तक फिर से बड़गांव पानी पहुंचने की संभावना है ।
ज्ञातव्य हो कि गंगरेल का पानी मांढर शाखा नहर से निकले 13 किलोमीटर लंबे वितरक शाखा 10 के दरबा ग्राम से निकाले गये 5 किलोमीटर लंबी सोनपैरी माइनर के अंतिम छोर के ग्राम बड़गांव डिमांड पर पहुंचता है । इस साल निस्तारी पानी की संकट के मद्देनजर बड़गांव के उपसरपंच बनवारी यादव ने रायपुर जिला जल उपभोक्ता संस्था संघ के अध्यक्ष रहे भूपेन्द्र शर्मा के माध्यम से बीते 13 अप्रैल को सिंचाई विभाग के संबंधित अधिकारियों को ज्ञापन सौंपा था । हरकत में आये संबंधित सहायक यंत्री निखिल अग्रवाल ने दूसरे ही श्री शर्मा व श्री यादव तथा डिमांड पर पानी चाहने वाले कुटेसर के सरपंच सुभाष बंजारे आदि के साथ नहर प्रणाली का अवलोकन किया था व इसकी साफ - सफाई तथा उद्योगपतियों द्वारा बिना विभागीय अनुमति के माइनर पर बनाये गये आवागमन के रास्ते की वजह से पानी के प्रवाह में आने वाले रुकावटों को हटाने का निर्देश अपने अधीनस्थों को दिया था । लगातार 14 दिनों की मशक्कत के बाद जे सी बी व मजदूरों तथा कुटेसर व बड़गांव के जागरूको की मदद से पानी प्रवाह के रुकावटों को दूर कर सोनपैरी व कुटेसर के तालाब भरने के बाद बीते कल सोमवार को पानी पहुचाने में जीवटता से लगे अमीन जीवन लाल साहू , स्थल सहायक मुकेश यादव व कर्मी नरेश पटेल व राजू साहू ने सफलता हासिल की है । इधर शासन द्वारा बनाये गये बड़े ग्रामों के दो व छोटे ग्रामों के एक तालाब को भरने के निर्देश को धता बताते हुये पहले पड़ने वाले ग्रामों द्वारा अपने - अपने ग्रामों के तालाबों को अधिक से अधिक भरने की कोशिश में नहर प्रणाली में अस्थायी हेड अप खड़ा किये जाने की वजह से अंतिम छोर के ग्रामों में पानी पहुंचना मुश्किल होने के पूर्व अनुभवों से सीख लेते हुये बड़गांव के पंच घनश्याम साहू व मदन साहू सहित युवा मिथिलेश वर्मा , रोमन निषाद , रोमांस साहू आदि विभागीय अधिकारियों के सहयोग से दिन रात चौकसी कर माइनर में किये जाने वाले अनाधिकृत हेड अप को हटाने व पानी को तालाब तक पहुंचाने के प्रयास में लगे हुये हैं । श्री शर्मा ने नहर प्रणाली के कमांड क्षेत्र में आने वाले सभी ग्रामों के जनप्रतिनिधियों व ग्रामीणों से आग्रह किया है कि वे प्रत्येक ग्राम में निस्तारी पानी की समस्या को देखते हुये संयम बरत प्राथमिकता के आधार पर हरेक ग्राम के एक - एक तालाब को प्राथमिकता से भरने में विभागीय अमला का सहयोग प्रदान करें । इधर 13 किलोमीटर लंबी वितरक शाखा 10 में पड़ने वाले ग्राम कुरूद , दरबा , गोढ़ी , सिवनी के साथ - साथ अंतिम छोर के ग्राम पिपरहट्ठा में भी निस्तारी पानी पहुंचाने में विभागीय अमला ने सफलता हासिल कर ली है पर बीते कल से पानी का प्रवाह कम होने के कारण तालाब भरने में रुकावट पैदा हो गया है ।
Leave A Comment