आरसेटी सेंदरी में कुलपति नरेश तिवारी का प्रेरक सत्र, स्वरोजगार के लिए दिए महत्वपूर्ण टिप्स
बिलासपुर. भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), सेंदरी में आज एक विशेष एवं प्रेरणादायक सत्र का आयोजन किया गया, जिसमें महर्षि यूनिवर्सिटी मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी के कुलपति श्री नरेश तिवारी एवं रजिस्ट्रार श्री विजय गारूडिक का आगमन हुआ। इस अवसर पर कुलपति श्री तिवारी ने प्रशिक्षणार्थियों को स्वरोजगार एवं आत्मनिर्भरता से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां प्रदान कीं।
रिमोट सेंसिंग एवं सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में विशेषज्ञता रखने वाले श्री तिवारी ने अपने 36 वर्षों से अधिक के अनुभव साझा करते हुए युवाओं को कौशल विकास, शिक्षा और निरंतर सीखने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कोई भी कार्य छोटा या बड़ा नहीं होता, बल्कि सफलता के लिए दृढ़ संकल्प और निरंतर परिश्रम आवश्यक है। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों को दक्षता के साथ कार्य करने, अपने लक्ष्य निर्धारित करने और उन्हें हासिल करने के लिए सतत प्रयासरत रहने की प्रेरणा दी। साथ ही, शिक्षा के मूल्यों और कौशल ज्ञान के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के उपायों को सरल और प्रभावी तरीके से समझाया।
सत्र के दौरान प्रशिक्षणार्थियों की काउंसलिंग करते हुए उन्होंने उन्हें बिना संकोच प्रश्न पूछने के लिए प्रोत्साहित किया और हर विषय में जिज्ञासा बनाए रखने की बात कही। संकाय सदस्यों ने इस सत्र को अत्यंत उपयोगी बताते हुए अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन वरिष्ठ संकाय सदस्य श्रीमती दीप्ति मंडल द्वारा किया गया। इस अवसर पर संस्थान के प्रशिक्षक एवं समस्त स्टाफ उपस्थित रहे तथा आरसेटी के कार्यों की सराहना की गई।













Leave A Comment