संजारी जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीण एवं हितग्राहियों को अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया
0- विधायक, जनपद पंचायत अध्यक्ष, उपाध्यक्ष सहित वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों के अलावा शिविर में आला अधिकारी हुए शामिल
बालोद. सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत जनता के बीच पहुँचकर उनके मांगों एवं समस्याओं की जानकारी लेने तथा उन्हें शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित करने हेतु बालोद जिले में लगातार जनसमस्या निवारण शिविरों का निरंतर आयोजन किया जा रहा है। इसके अंतर्गत डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम संजारी में आज जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया।
ग्राम संजारी में आज आयोजित शिविर में ग्राम पंचायत संजारी सहित संजारी कलस्टर में शामिल आसपास के ग्राम पंचायतों के ग्रामीणों को शासन के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। आज संजारी में आयोजित शिविर में डौण्डीलोहारा विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती अनिला भेड़िया, जनपद अध्यक्ष श्रीमती कांति सोनबरसा, जनपद उपाध्यक्ष श्री जयलाल मालेकर, जिला पंचायत सदस्य श्री राजाराम तारम, एसडीएम श्री शिवनाथ बघेल सहित शिविर में उपस्थित अन्य अतिथियों के द्वारा ग्रामीणों एवं हितग्राहियों को कृषि विभाग अंतर्गत मृदा स्वास्थ्य कार्ड, मत्स्य पालन प्रसार योजना अंतर्गत जाल का वितरण किया गया। इसी तरह समाज कल्याण विभाग अंतर्गत श्रवण यंत्र एवं छड़ी, स्वामित्व योजना अंतर्गत अधिकार अभिलेख पत्र का वितरण किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना अंतर्गत आवास निर्माण पूर्णता प्रमाण पत्र एवं केसीसी कार्ड का वितरण किया।
इसके अलावा शिविर में राज्य शासन के निर्देशानुसार दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने हेतु मेडिकल बोर्ड लगाया गया था। इस दौरान मेडिकल बोर्ड में शामिल विशेषज्ञ चिकित्सकों के द्वारा शिविर में दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने पहुँचे दिव्यांगजनों का दिव्यांगता प्रमाण पत्र भी बनाया गया। शिविर में अतिथियों के द्वारा नन्हें-मुन्हें बच्चों को स्वादिष्ट खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन संस्कार कराया गया। इसके अलावा गर्भवती माताओं को सुपोषण किट भेंटकर उनके गोदभराई के रस्म को पूरा किया गया। शिविर में आज ग्रामीण महिलाओं द्वारा नीर चेतना अभियान के अंतर्गत पानी के महत्व के संबंध में आम जनता को जानकारी प्रदान करने हेतु नुक्कड़ नाटक की भी प्रस्तुति दी। ग्राम संजारी में आयोजित शिविर में आज विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 282 आवेदन प्राप्त हुए थे जिसमें से 75 आवेदनों का निराकरण सुनिश्चित किया गया।
जनसमस्या निवारण शिविर को संबोधित करते हुए डौण्डीलोहारा विधानसभा क्षेत्र की विधायक श्रीमती अनिला भेड़िया ने सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित होने वाली जनसमस्या समस्या निवारण शिविर के उद्देश्य के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर उन्होंने भीषण गर्मी के उपरांत भी बड़ी संख्या में ग्रामीणों की उपस्थिति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शिविर में उपस्थित सभी अतिथियों, अधिकारी-कर्मचारियों एवं ग्रामीणजनों का आत्मीय अभिनंदन एवं स्वागत भी किया गया। उन्होंने शिविर में उपस्थित अधिकारियों को अधिकारी-कर्मचारियों का ध्यान अंचल के प्रमुख मांगों की ओर आकृष्ट भी कराया। श्रीमती भेड़िया ने शिविर में उपस्थित सभी विभाग के अधिकारियों को सुशासन तिहार के दौरान आम जनता से प्राप्त आवेदनों का पूरी संवेदनशीलता के साथ निराकरण सुनिश्चित करने को कहा। जनपद अध्यक्ष श्रीमती कांति सोनबरसा ने कहा कि केन्द्र व राज्य सरकार आम जनता के विकास के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। सुशासन तिहार के दौरान हम जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अमले के द्वारा आम जनता के बीच पहुँचकर शासन के जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की स्थिति की जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा आम जनता के मांगों एवं समस्याओं का त्वरित निराकरण भी सुनिश्चित किया जा रहा है।
जनपद उपाध्यक्ष श्री देवलाल मालेकर ने राज्य शासन द्वारा आयोजित इस सुशासन तिहार के आयोजन की सराहना करते हुए केन्द्र व राज्य सरकार के विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने आशा व्यक्त किया कि इस सुशासन तिहार के माध्यम से आम जनता के मांगों एवं समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित हो सकेगा। इस मौके पर विभिन्न विभागों के द्वारा अपने-अपने जनकल्याणकारी योजनाओं के जानकारी के अलावा सुशासन तिहार के दौरान संजारी कलस्टर में अपने विभाग को प्राप्त कुल आवेदनों एवं उनके निराकरण की स्थिति के संबंध में जानकारी भी दी गई।
उल्लेखनीय है कि संजारी में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में राघोनवागांव, गहिरा नवागांव, मार्री, देवरी, सुरसुली, पसौद, परसुली, खेरथाबाजार, भरनाभाट, रानाखुज्जी, अछोली, आतरगांव, संजारी, गंजईडीह, सोरली, कोटेरा, अण्डी, आसरा, रीवागहन और धनगांव ग्राम पंचायतों के बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। शिविर में तहसीलदार श्री प्रीतम साहू, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री पंकज देव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों के अलावा बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।











Leave A Comment