मोर गांव मोर पानी अभियान:जल संरक्षण में किसानों एवं महिलाओं की सक्रिय भागीदारी
-कृषि विभाग द्वारा 1005 सोकपिट एवं वाटर हार्वेस्टिंग टैंक निर्माण पूर्ण
महासमुंद / मोर गांव मोर पानी अभियान के तहत कलेक्टर श्री विनय कुमार लंगेह के निर्देशानुसार कृषि विभाग द्वारा जिले में जल संरक्षण एवं जल संवर्धन को जन आंदोलन का रूप देने लगातार कार्य किया जा रहा है। अभियान के माध्यम से ग्रामीणों एवं कृषकों को वर्षा जल के संरक्षण, भू-जल संवर्धन तथा जल के समुचित उपयोग के प्रति जागरूक एवं प्रेरित किया जा रहा है। विभिन्न विभागों द्वारा जल संरचनाओं का निर्माण किया जा रहा है। अभी तक लगभग 74 हजार विभिन्न संरचनाओं का निर्माण किया जा चुका है। जिला पंचायत, जनपद पंचायत, जल संसाधन विभाग, शिक्षा, महिला एवं बाल विकास विभाग, वन विभाग एवं कृषि विभाग द्वारा अपने-अपने कार्य क्षेत्रों में जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है।
कृषि विभाग द्वारा जिले के कृषकों एवं महिला किसानों द्वारा स्व-प्रेरणा से अब तक कुल 1005 सोकपिट एवं वाटर हार्वेस्टिंग टैंक का निर्माण पूर्ण किया जा चुका है। इससे वर्षा जल का संरक्षण होने के साथ-साथ भू-जल स्तर में वृद्धि होगी। विकासखंड के ग्राम बानीपाली की कृषक श्रीमती दीपिका पटेल ने अपने घर एवं खेत में सोकपिट टैंक का निर्माण कराया है। उन्होंने बताया कि घरों से निकलने वाले पानी का उचित प्रबंधन होगा तथा पानी का पुनर्भरण सीधे जमीन में होने से आसपास के क्षेत्र में नमी बनी रहेगी। इससे घरेलू उपयोग एवं खेती-किसानी में भी लाभ मिलेगा।
इसी तरह ग्राम उमरिया की श्रीमती शीला तिवारी तथा ग्राम बरतियाभाठा की श्रीमती सीमा द्वारा भी अपने घरों एवं खेतों में सोकपिट एवं वाटर हार्वेस्टिंग टैंक का निर्माण कराया जा रहा है। ग्रामीण महिलाओं की यह सहभागिता जल संरक्षण के क्षेत्र में प्रेरणादायी है। साथ ही किसानों द्वारा भी अपने बाड़ी और खेत में सोकपिट बड़ी संख्या में बनाया जा रहा है।


.jpg)










Leave A Comment