पत्रकारिता गौरव मार्तण्ड उत्सव आयोजन की तैयारी हेतु ड्राफ्टिंग आर्काइव समिति की बैठक सम्पन्न
रायपुर । रायपुर प्रेस क्लब द्वारा आयोजित होने वाले बहुप्रतीक्षित “पत्रकारिता गौरव मार्तण्ड उत्सव” की तैयारियों को लेकर गठित ड्राफ्टिंग आर्काइव समिति की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार शाम 6 बजे प्रेस क्लब परिसर में सम्पन्न हुई। बैठक में आयोजन की रूपरेखा, दस्तावेजीकरण, स्मारिका निर्माण, पत्रकारिता से जुड़े ऐतिहासिक अभिलेखों के संकलन एवं आयोजन को भव्य स्वरूप देने पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की शुरुआत समिति के संयोजक व्यास पाठक द्वारा उपस्थित सदस्यों के परिचय के साथ की गई। उन्होंने समिति की भूमिका, उद्देश्य एवं जिम्मेदारियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकारिता गौरव मार्तण्ड उत्सव केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि पत्रकारिता के मूल्यों, परंपराओं और वरिष्ठ पत्रकारों के योगदान को सम्मानित करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने सभी सदस्यों से सक्रिय सहभागिता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
इसके पश्चात रायपुर प्रेस क्लब के महासचिव गौरव शर्मा ने समिति के कार्यों एवं आयोजन की रूपरेखा पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी। उन्होंने बताया कि ड्राफ्टिंग आर्काइव समिति का मुख्य उद्देश्य पत्रकारिता से जुड़े ऐतिहासिक दस्तावेज, पुराने समाचार पत्र, दुर्लभ फोटोग्राफ, वरिष्ठ पत्रकारों की उपलब्धियां एवं पत्रकारिता के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्यों का संकलन कर उन्हें सुव्यवस्थित रूप में प्रस्तुत करना है। साथ ही आयोजन के दौरान प्रकाशित होने वाली सामग्री को प्रभावी एवं आकर्षक स्वरूप देना भी समिति की जिम्मेदारी होगी।
बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए अपने-अपने सुझाव दिए। सदस्यों ने प्रस्ताव रखा कि पत्रकारिता के इतिहास एवं वरिष्ठ पत्रकारों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रदर्शनी, स्मारिका एवं संवाद सत्र आयोजित किए जाएं। महिला सदस्यों ने भी आयोजन में रचनात्मक एवं सांस्कृतिक आयाम जोड़ने पर बल दिया।
बैठक में समिति के संयोजक व्यास पाठक, गंगेश द्विवेदी, गंगा प्रसाद सिंह, डॉ. अवधेश मिश्रा, श्वेता शर्मा, साधना पांडेय सहित विशेष रूप से प्रशांत शर्मा, दिनेश तिवारी, डॉ. अनिल द्विवेदी, राजेश मिश्रा, दिलीप साहू, राजेंद्र निगम एवं ठाकुर राम साहू उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने आयोजन को सफल, ऐतिहासिक एवं यादगार बनाने के लिए पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
बैठक के अंत में समिति द्वारा आगामी बैठकों की रूपरेखा तय करते हुए विभिन्न सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपने पर भी चर्चा की गई। उपस्थित सदस्यों ने विश्वास व्यक्त किया कि पत्रकारिता गौरव मार्तण्ड उत्सव पत्रकारिता जगत के लिए एक प्रेरणादायी और गौरवपूर्ण आयोजन सिद्ध होगा।










Leave A Comment