आजीविका डबरी निर्माण से कृषक श्री तिरिथ को मिलेगा सिंचाई और अतिरिक्त आय का लाभ
रायपुर. महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना, किसान श्री तिरिथ तारक के जीवन में बदलाव का कारण बनी है। योजना के तहत बने आजीविका डबरी से अब श्री तारक अपने खेत में वर्षा जल संरक्षण और मछली पालन कर सकेंगे।
श्री तारक विकासखंड अभनपुर अंतर्गत ग्राम पंचायत जवईबांधा के एक किसान हैं एवं उनके पास लगभग 1 एकड़ खेत है। गांव में बोर की सुविधा न होने पर वे साल में केवल एक ही फसल की खेती कर पाते थे। हर वर्ष बारिश का पानी खेतों से बहकर निकल जाता था, जिसे रोकने की उनकी इच्छा तो थी, लेकिन पानी रोकने के लिए उनके पास कोई उपाय नहीं था। इसी दौरान ग्राम पंचायत के सरपंच एवं रोजगार सहायक ने उन्हें महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना अंतर्गत आजीविका डबरी निर्माण योजना की जानकारी दी। उन्हें बताया गया कि डबरी निर्माण से भू-जल स्तर बढ़ेगा, खेतों में नमी बनी रहेगी तथा बारिश के बाद सिंचाई की सुविधा भी उपलब्ध होगी। साथ ही मछली पालन एवं सिंघाड़ा खेती से अतिरिक्त आय अर्जित की जा सकेगी।
जनवरी 2026 को कार्य का ले-आउट प्रदान किया गया। 22 मीटर लंबाई एवं 18 मीटर चौड़ाई की डबरी निर्माण हेतु मस्टर रोल जारी कर 27 श्रमिकों के साथ कार्य प्रारंभ किया गया। यह कार्य मार्च 2026 को पूर्ण हो गया।
अब वर्षा ऋतु में बारिश का पानी डबरी में एकत्रित होगा, जिससे श्री तारक मछली पालन के साथ-साथ रवि फसल की सिंचाई भी कर सकेंगे। इससे उनकी आय में वृद्धि होगी तथा आर्थिक स्थिति मजबूत बनेगी।










Leave A Comment