प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की हुई समीक्षा
0- लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण एवं स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश
रायपुर. कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशानुसार प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति की समीक्षा हेतु मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत श्री कुमार बिश्वरंजन की अध्यक्षता में ऑनलाइन बैठक आयोजित की गई। बैठक में सीएसपीडीसीएल के अधिकारी एवं विभिन्न बैंकों के नोडल अधिकारियों ने सहभागिता की।
बैठक में योजना अंतर्गत प्राप्त आवेदनों, स्वीकृत प्रकरणों एवं लंबित मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने योजना की प्रगति में तेजी लाने के निर्देश देते हुए बैंकों को स्वयं सोर्स किए गए आवेदनों की संख्या बढ़ाने तथा अधिक से अधिक हितग्राहियों को योजना से लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण एवं स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए तथा सभी बैंकों को समय-सीमा में कार्यवाही सुनिश्चित करने कहा। बैठक में अनुपस्थित रहे अधिकारियों से स्पष्टीकरण लेने के निर्देश दिए गए। साथ ही केनरा बैंक को पिछली बैठक में अनुपस्थित रहने एवं वर्तमान बैठक में विलंब से जुड़ने पर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने हेतु कहा गया।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने सभी संबंधित विभागों एवं बैंकों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के लक्ष्यों की शीघ्र पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।












Leave A Comment