निराश्रित पेंशन हितग्राहियों की समस्याओं के समाधान हेतु 22 जून से 22 जुलाई तक विशेष समस्या निवारण शिविर आयोजित होंगे
रायपुर । रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा समाजिक सहायता कार्यक्रम अंतर्गत संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं के हितग्राहियों को आ रही समस्याओं के त्वरित निराकरण हेतु 22 जून से 22 जुलाई 2026 तक निगम के सभी 10 जोन कार्यालयों में विशेष समस्या निवारण शिविर आयोजित किए जाएंगे।
सभी जोन कमिश्नरों को शिविरों का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने कहा गया है। शिविरों में पेंशन हितग्राहियों की विभिन्न समस्याओं जैसे केवाईसी संबंधी कार्य, आधार एवं मोबाइल नंबर अपडेट, मृत हितग्राहियों की जानकारी एवं पंचनामा प्रस्तुत करना, बैंक खाते के ब्लॉक होने की समस्या, आधार का एनपीसीआई से लिंक नहीं होना तथा अन्य बैंकिंग संबंधी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा।
इसके साथ ही केन्द्र सरकार की पेंशन योजनाओं—इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना एवं इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विकलांग पेंशन योजना से लाभान्वित हितग्राहियों का "Beneficiary Satyapan App" के माध्यम से शत-प्रतिशत सत्यापन भी किया जाएगा।
सभी जोन कमिश्नरों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों के साथ शिविर प्रारंभ होने से पूर्व बैठक आयोजित कर कार्यवाही विवरण प्रस्तुत करें। इस अभियान को महाभियान के रूप में संचालित किया जाएगा तथा अधिक से अधिक हितग्राहियों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा।
रायपुर नगर निगम ने सभी पेंशन हितग्राहियों एवं उनके परिजनों से अपील की है कि वे अपने निकटतम जोन कार्यालय में आयोजित शिविर में उपस्थित होकर अपनी समस्याओं का निराकरण कराएं तथा आवश्यक दस्तावेजों के साथ सत्यापन प्रक्रिया पूर्ण कराएं।

.jpg)








Leave A Comment