संबल केंद्र की पहल से दिव्यांगजनों को मिल रही राहत
0- श्रीमती चमेली बाई के सुगम हुआ आवागमन, केन्द्र में हुई ट्रायसिकल की निःशुल्क मरम्मत
रायपुर. दिव्यांगजनों के लिए आवागमन एक बड़ी चुनौती होती है, जिसमें ट्रायसिकल से उन्हें काफी मदद मिलती है, लेकिन ट्रायसिकल के बिगड़ने पर उसके रिपेयर के लिए उन्हें कई दिक्कतों का सामना करना पड़ता है जिससे उनके दैनिक कार्यों पर प्रभाव पड़ता है। ऐसी ही समस्या श्रीमती चमेली बाई के सामने आई, जिसके बाद समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित संबल केन्द्र द्वारा उनकी बैटरी चालित ट्राइसाइकिल की निःशुल्क मरम्मत की गई।
श्रीमती चमेली बाई मठपुरैना की रहने वाली हैं | वे अपने दैनिक आवागमन और जरूरी कार्यों के लिए बैटरी चालित ट्राइसाइकिल का उपयोग करती हैं। लेकिन कुछ समय पहले ट्राइसाइकिल खराब हो जाने से उनके सामने बड़ी समस्या खड़ी हो गई, जिससे रोजमर्रा के कार्य प्रभावित होने लगे।
इसी दौरान उन्हें समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित संबल केंद्र के बारे में जानकारी मिली, जहां दिव्यांगजनों के सहायक उपकरणों की निःशुल्क मरम्मत की सुविधा उपलब्ध है।
केंद्र में ट्राइसाइकिल का परीक्षण किया, जिसमें मोटर और गियर में खराबी पाई गई। तकनीकी कर्मचारियों द्वारा आवश्यक मरम्मत कार्य किया गया और ट्राइसाइकिल को फिर से सुचारु रूप से संचालित करने योग्य बना दिया गया। निःशुल्क मरम्मत की इस सुविधा से चमेली बाई को बड़ी राहत मिली। ट्राइसाइकिल ठीक होने के बाद चमेली बाई फिर से अपने दैनिक कार्य आसानी से करने लगीं। अब उन्हें आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होती।
उल्लेखनीय है कि 1 अक्टूबर 2025 को वृद्धजन दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने घोषणा की थी कि रायपुर जिले में प्रदेश के दिव्यांगजनों को सुविधाएं प्रदान करने हेतु संबल केन्द्र की स्थापना की जाएगी। कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के मार्गदर्शन में कार्य प्रारंभ हुआ एवं 3 दिसंबर 2025 को अंतरराष्ट्रीय दिव्यांगजन दिवस के अवसर पर रायपुर दक्षिण विधायक श्री सुनील सोनी द्वारा संबल केन्द्र का शुभारंभ किया गया। संबल केन्द्र में बैटरी एवं हस्तचालित ट्रायसिकल की निःशुल्क मरम्मत हेतु दिव्यांग गैरेज संचालित है।










.jpg)

Leave A Comment