मानसून में अपने स्वास्थ्य का रखें ख्यालः डा. पिंपले
-महाराष्ट्र मंडल के आजीवन सभासद होमियोपैथी डॉक्टर ने कहा- हल्दी वाला दूध, तुलसी, अदरक, आंवला का करें सेवन
रायपुर। बारिश का मौसम शुरू होने के साथ हमें अपने और अपनों के लिए थोड़ी सतर्कता और सावधानी रखनी चाहिए। बारिश के मौसम में हमेशा स्वच्छ उबला हुआ और फिल्टर पानी ही चाहिए। पानी के बर्तनों को खुला बिल्कुल नहीं रखना चाहिए। खाना खाने के पहले, शौचालय से आने के बाद और बाहर से घर आने पर हाथ को साबुन से धोना चाहिए। छत्तीसगढ़ राज्य होम्योपैथिक परिषद और महाराष्ट्र मंडल के आजीवन सभासद डॉ. दिलीप पिंपले ने आमजनों को मानसून को लेकर सचेत करते हुए इस आशय के विचार व्यक्त किए।
डॉ. पिंपले रायपुर होम्योपैथिक मेडिकल कॉलेज और हॉस्पिटल में बतौर प्रोफेसर कार्यरत हैं। उन्होंने कहा कि मौसमी बीमारी से बचने के लिए एलोपैथी, आयुर्वेदिक के साथ होम्योपैथी की दवाएं भी कारगर होती हैं। होम्योपैथी दवाएं धीरे, लेकिन बीमारी का जड़ से नाश करतीं हैं। डॉ. पिंपले के अनुसार घर पर ताजा भोजन करें, कटे हुए या खुले में रखे खाद्य पदार्थों के सेवन से बचना चाहिए। घर के आसपास जलभराव न होने दें, इसमें मच्छरों का प्रजनन हो सकता है। कचरा डस्टबीन में ही डाले। बारिश के पानी से भींगने से बचें और सड़कों पर बह रहे नालियों के गंदे पानी के संपर्क में आने से बचने का प्रयास करें।
डा. पिंपले ने आगे कहा कि बारिश में जगह-जगह जलभराव होने से मच्छर पनपने लगते हैं। ऐसे में घरों में मच्छरदानी का उपयोग करें। फूल स्लीव वाले कपड़े पहनें। मच्छर भगाने वाली क्रीम और लिक्विड का भी प्रयोग कर सकते हैं। बारिश में अगर जूता या चप्पल गीली हो जाए, तो उसे पहनने से बचें। बारिश के मौसम में हल्के, सूती और आरामदायक कपड़े पहनने चाहिए। इन सभी चीजों के साथ पर्याप्त नींद जरूर लें, योग और व्यायाम अवश्य करें। हल्दी वाला दूध, तुलसी, अदरक, आंवला जैसे घरेलू उपायों का सेवन करें।
इन बातों का रखें विशेष ध्यान
डा. पिंपले के मुताबिक बारिश के मौसम में कुछ बातों का विशेष ध्यान रखना चाहिए, जैसे बाहर के खुले और तले-भुने खाद्य पदार्थों के सेवन से बचना चाहिए। ठहरे हुए पानी में बच्चों को बिल्कुल भी खेलने न दें। बारिश में अगर कपड़े गीले हो जाएं, तो उसे ज्यादा देर तक न पहनें बल्कि तत्काल बदलने का प्रयास करें। आंतरिक कपड़े तो बिल्कुल भी गीले नहीं पहनने चाहिए। ठंडे पेय पदार्थ और आइसक्रीम का सेवन करने से बचना चाहिए। इसके साथ ही बिना डॉक्टरी सलाह के कोई भी दवा अपने हिसाब या अनुमान से न खाएं।













Leave A Comment