सीएम हेल्पलाइन 1076 में शिकायत करने पर हुआ समस्या का समाधान
-लंबित 20 हजार रुपए का मिला भुगतान
-शिकायत पर त्वरित कार्यवाही, समाधान से आवेदक के चहरे में दिखी खुशी की लहर
मुंगेली। मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित और प्रभावी निराकरण का सशक्त माध्यम बन रही है। जिले में हेल्पलाइन पर दर्ज एक शिकायत के समाधान के बाद आवेदक संतोष साहू को उनके द्वारा 06-07 माह पूर्व किए गए सड़क निर्माण कार्य की 20 हजार रुपए की लंबित राशि का भुगतान प्राप्त हुआ। राशि मिलने से संतोष के चेहरे पर खुशी लौट आई और उन्होंने प्रशासन की सक्रियता की सराहना की। ग्राम पंचायत टेढ़ाधौंरा के संतोष साहू ने छत्तीसगढ़ राज्य अन्य पिछड़ा वर्ग विकास प्राधिकरण अंतर्गत स्वीकृत सड़क निर्माण में कार्य किया था। कार्य पूर्ण होने के बावजूद भुगतान प्राप्त नहीं होने से वे परेशान थे। समस्या के समाधान के लिए उन्होंने सीएम हेल्पलाइन नंबर 1076 में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत प्राप्त होते ही जिला पंचायत स्तर से प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्यवाही शुरू की गई। निर्माण एजेंसी एवं ग्राम पंचायत के सरपंच से संपर्क कर मामले की जांच की गई। इसके बाद संतोष साहू को उनकी लंबित 20 हजार रुपए की राशि का भुगतान सुनिश्चित कराया गया। भुगतान की राशि उनके बैंक खाते में प्राप्त हुई। लंबे समय से अटके भुगतान के मिलने पर संतोष साहू ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि सीएम हेल्पलाइन में शिकायत दर्ज कराने के बाद प्रशासन ने उनकी समस्या पर तत्परता से कार्यवाही की। उन्होंने मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076 और जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। गौरतलब है कि सीएम हेल्पलाइन 1076 जनसमस्याओं के समाधान और प्रशासन को आम नागरिकों से सीधे जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रही है। शिकायत पर संवेदनशीलता और त्वरित कार्यवाही से आवेदकों की समस्या का समाधान होने के साथ ही शासन की जवाबदेह और जनहितैषी कार्यप्रणाली पर विश्वास भी मजबूत हो रहा है।













Leave A Comment