प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से अधिक से अधिक किसानों को करें लाभाविन्त - कलेक्टर
- कलेक्टर की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत जिला स्तरीय पर्यवेक्षक समिति की बैठक आयोजित
- फसल बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई
मोहला । कलेक्टर श्रीमती तुलिका प्रजापति की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट कार्यालय के सभाकक्ष में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना अंतर्गत जिला स्तरीय पर्यवेक्षक समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर द्वारा क्रियान्वयन बीमा कम्पनी को कृषि विभाग एवं संबंधित विभाग बैंक के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक प्रचार कर फसलों के बीमा कराने के लिए किसानों को प्रेरित करने के निर्देश दिये गए। उन्होंने जिले के सभी किसानों से फसलों का बीमा कराने के लिए अपील की है, ताकि आपदा की स्थिति में किसानों को क्षति पूर्ति हेतु दावा भुगतान मिल सके।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना से अधिक से अधिक किसानों को लाभविन्त करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में कलेक्टर ने बताया की प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत खरीफ फसलों के लिये बीमा कराने की अंतिम तिथि 31 जुलाई नियत की गई है। बैठक में कलेक्टर ने ऋणी एवं अऋणी किसानों को अधिक से अधिक फसल बीमा आवरण में शामिल कराने के निर्देश दिए है। बैठक में अपर कलेक्टर श्री मिथलेश डोंडे, उप संचालक कृषि श्री जे एल मंडावी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहें।
बैठक में उप संचालक कृषि जे.एल. मंडावी ने जिले के सभी किसानों से समय पर फसल बीमा कराने की अपील करते हुए कहा है कि किसान अपने नजदीकी सहकारी समिति, लोक सेवा केंद्र, संबंधित बैंक, ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी अथवा कृषि विभाग के कार्यालय में संपर्क कर योजना का लाभ ले सकते हैं। उन्होंने सभी सहकारी समितियों को निर्देश दिए हैं कि कोई भी पात्र किसान बिना आवेदन किए वापस न लौटे।
जिले में खरीफ सीजन के लिए धान (सिंचित एवं असिंचित), कोदो, कुटकी, रागी, अरहर तथा मक्का अधिसूचित फसलें हैं। इनमें धान (सिंचित) के लिए 66 हजार, धान (असिंचित) 49,500 रुपए कोदो 24,200 रुपए, कुटकी 24,200 रुपए, मक्का 52, 800 रुपए, अरहर 44,000 रुपए तथा रागी 27,500 हजार रुपए प्रति हेक्टेयर बीमित राशि निर्धारित की गई है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत आवेदन करने की अंतिम तिथि 31 जुलाई 2026 है। योजना से संबंधित जानकारी एवं शिकायत के लिए किसान हेल्पलाइन नंबर 14447 पर संपर्क कर सकते हैं। वहीं फसल नुकसान की स्थिति में किसान 72 घंटे के भीतर बजाज जनरल इंश्योरेंस के व्हाट्सएप नंबर 70655-14447 पर सूचना देकर दावा प्रक्रिया शुरू कर सकते हैं।













Leave A Comment