कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने ली शिक्षा विभाग की साप्ताहिक समीक्षा बैठक
-सभी स्कूलों में शत-प्रतिशत किचन गार्डन बनाने के दिए निर्देश, मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता बढ़ाने पर जोर
रायपुर । कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने शिक्षा विभाग की साप्ताहिक समीक्षा बैठक ली। बैठक में विभागीय योजनाओं, छात्र-हित से जुड़े कार्यक्रमों एवं पोषण संबंधी कार्यों की बिंदुवार समीक्षा की गई। बैठक में अधिकारियों ने किचन गार्डन एवं शाला पोषण वाटिका की प्रगति की जानकारी दी। इस पर कलेक्टर ने जिले के सभी शासकीय स्कूलों में शत-प्रतिशत किचन गार्डन तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इससे बच्चों को ताजे फल-सब्जी उपलब्ध होंगे और पोषण स्तर में सुधार होगा।
कलेक्टर ने प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना मध्यान्ह भोजन, न्योता भोजन एवं प्रोजेक्ट आओ बांटे खुशियां की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शहरी क्षेत्र में मध्यान्ह भोजन से जुड़े बच्चों की संख्या में वृद्धि की जाए ताकि सभी बच्चों को निर्धारित मानक के अनुसार पौष्टिक भोजन मिल सके। उन्होंने कहा कि स्कूलों में स्वच्छता, मेन्यू की विविधता और भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही भोजन पकाने एवं परोसने में स्वच्छता मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार बिश्वरंजन, जिला शिक्षा अधिकारी सहित शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।












.jpg)
Leave A Comment