बालोद जिले के 1048 विद्यालयों में 37 हजार से अधिक लोगों ने जल संरक्षण के कार्य में सहभागिता सुनिश्चित की
-छात्रों ने पत्र लेखन के माध्यम से दिया जल संरक्षण का संदेश
बालोद। जिला प्रशासन बालोद द्वारा 'जल संचय-जनभागीदारी 2.0' एवं 'कैच द रैन 2026' अभियान के तहत जल संरक्षण को एक जन आंदोलन बनाने की दिशा में निरंतर पहल की जा रही है। इस अभियान के अंतर्गत 18 जुलाई को सुबह 10 बजे बालोद, गुरुर, गुंडरदेही, डौंडीलोहारा एवं डौंडी विकासखंड के 1048 विद्यालयों में एक ही समय में 'पत्र लेखन' गतिविधि का आयोजन किया गया।
इस आयोजन के माध्यम से लगभग 29,367 विद्यार्थियों ने अपने पालकों, मित्रों और आम नागरिकों को पत्र लिखकर जल की महत्ता, इसके संरक्षण, सदुपयोग एवं पुन: उपयोग के प्रति जागरूक करने का आग्रह किया। जल संरक्षण के इस अनूठे अभियान में विद्यार्थियों के साथ 2,105 शिक्षक, 1,471 पालक, 1053 शाला प्रबंधन समिति के सदस्य, 1351 जनप्रतिनिधियो एवं 2150 आम नागरिको सहित कुल 37,497 लोगों ने अपनी सक्रिय सहभागिता निभाई। जिला प्रशासन के इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य वर्षा के जल को व्यर्थ बहने से बचाकर उसे संचित करना है। सभी प्रतिभागियों ने 'जहां वर्षा हो, जब वर्षा हो—वहीं जल संचयन' के मंत्र को आत्मसात करते हुए भविष्य में जल संकट से निपटने के लिए एकजुट होकर जल संरक्षण के कार्य में अपनी सहभागिता सुनिश्चित की है।













Leave A Comment