विभागीय लापरवाही के चलते गोदाम में रखा पोटाश चक्कर काट रहे किसानों तक नहीं पहुंच रहा
-किसान संघर्ष समिति के संयोजक भूपेंद्र शर्मा के अनुसार फिलहाल किसानों को डी ए पी व पोटाश की सामयिक आवश्यकता
रायपुर । किसानों की मांग के अनुरूप अभी भी खाद सोसायटियों तक नहीं पहुंच रहा और खेती के इस व्यस्ततम मौसम में किसान खाद लेने सोसायटियों का चक्कर काट रहे । सोसायटियों में डी ए पी खाद की प्रभावी भंडारण तो हो ही नहीं पा रहा वहीं विपणन संघ के छतौना ( मंदिर हसौद ) डबल लाक गोदाम में बीते लगभग 15-20 दिनों से भंडारित पोटाश भी विभागीय लापरवाही के चलते किसानों तक नहीं पहुंच रहा ।
किसान संघर्ष समिति के संयोजक भूपेंद्र शर्मा ने जानकारी दी है कि फिलहाल किसानों को डी ए पी व पोटाश की सामयिक आवश्यकता है । मंदिर हसौद सहकारी बैंक शाखा के अधीन आने वाले 8 सोसायटियों के अंतर्गत पड़ने वाले ग्रामों के किसान इन खादों के लिये सोसायटियों का चक्कर काट रहे पर खाद नहीं मिल रहा । जहां डी ए पी खाद की मांग के अनुरूप पूर्ति नहीं हो पा रहा वहीं छतौना गोदाम में लगभग 30 टन पोटाश खाद बीते 15-20 दिनों से भंडारित रखा हुआ है पर विभागीय लापरवाही के चलते इसे आन लाइन न किये जाने की वजह से सोसायटियों तक नहीं पहुंच पा रहा है और किसान इसके लिये संबंधित सोसायटियों का चक्कर काट रहे । उन्होंने जानकारी दी है कि इस शाखा के अधीन आने वाले 8 सोसायटी गोढ़ी , तोड़गांव , गनौद , मंदिर हसौद , पलौद , बरौदा , टेकारी व खुटेरी के किसानों को लगभग 800 बोरी पोटाश की सामयिक आवश्यकता है लेकिन गोदाम में पोटाश होने के बाद भी समय पर किसानों को खाद उपलब्ध नहीं कराया जा रहा । कमोबेश यही स्थिति चंदखुरी शाखा के अधीन आने वाले 07 सोसायटियों के भी होने की जानकारी उन्होंने दी है । भंडारित पोटाश को किसानों तक अविलंब पहुंचवाने व मांग के अनुरूप डी ए पी सोसायटियों को उपलब्ध कराने का आग्रह उन्होंने शासन - प्रशासन के नुमाइंदों से किया है ।











Leave A Comment