ब्रेकिंग न्यूज़

 लज्जा–अशोक कुमार अलंग स्मृति सम्मान समारोह में मेधावी विद्यार्थी हुए सम्मानित

0- पूर्व कमिश्नर डॉ. संजय अलंग ने विद्यार्थियों को दिए सफलता के मंत्र
0- बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को पदक, स्मृति-चिह्न, प्रशस्ति-पत्र एवं उपहार देकर किया गया सम्मानित
रायपुर. शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैकुंठपुर में बुधवार को 'लज्जा–अशोक कुमार अलंग स्मृति सम्मान समारोह–2026' के दसवें संस्करण का गरिमामय आयोजन किया गया। समारोह में बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को पदक, स्मृति-चिह्न, प्रशस्ति-पत्र एवं उपहार प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त कमिश्नर डॉ. संजय अलंग थे। विशिष्ट अतिथियों में जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता, विद्यालय के प्राचार्य अमृत लाल गुप्ता, शासकीय रामानुज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य के.के. टोप्पो, पूर्व प्राचार्य उमाशंकर शुक्ला, वरिष्ठ व्यवसायी श्रीप्रकाश जायसवाल तथा शंकर सुमन मिश्रा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।
स्वागत उद्बोधन में प्राचार्य अमृत लाल गुप्ता ने सम्मान समारोह के दसवें वर्ष में प्रवेश पर सभी को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह आयोजन विद्यार्थियों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करने के साथ क्षेत्र की समृद्ध शैक्षणिक परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। पूर्व प्राचार्य उमाशंकर शुक्ला ने शिक्षा के क्षेत्र में अलंग परिवार के योगदान को रेखांकित किया। वहीं वरिष्ठ व्यवसायी श्रीप्रकाश जायसवाल ने परिवार द्वारा शिक्षा को प्रोत्साहित करने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।
जिला शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता ने कोरिया जिले की शैक्षणिक उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं पर प्रकाश डालते हुए सम्मानित विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
मुख्य अतिथि डॉ. संजय अलंग ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व और बदलते समय में अध्ययन की प्रभावी पद्धतियों पर मार्गदर्शन दिया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के संबंध में महत्वपूर्ण सुझाव देते हुए विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, निरंतर अध्ययन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
समारोह में शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की आलिया परवीन, ममता राजवाड़े, अंकिता सिंह, काजल, खुशबू, माही, मरियम एवं नाशरीन तथा शासकीय रामानुज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के अनिल कुमार एवं विक्रम सिंह को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया।
उल्लेखनीय है कि यह सम्मान समारोह सेवानिवृत्त प्रशासनिक अधिकारी एवं पूर्व कमिश्नर डॉ. संजय अलंग द्वारा अपने माता-पिता स्वर्गीय श्रीमती लज्जा अलंग एवं स्वर्गीय श्री अशोक कुमार अलंग की स्मृति में प्रतिवर्ष आयोजित कराया जाता है। इसके अंतर्गत बैकुंठपुर के शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं शासकीय रामानुज उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को एकांतर क्रम में दोनों विद्यालयों में सम्मानित किया जाता है। इस वर्ष समारोह का आयोजन शासकीय आदर्श कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शिक्षक, छात्र-छात्राएं एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन योगेश गुप्ता ने किया तथा प्राचार्य अमृत लाल गुप्ता ने आभार प्रदर्शन किया।
 

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english