सेवा सेतु पोर्टल से मिली बड़ी राहत
-ग्राम पंचायत ककनी के 9 ग्रामीणों को मिला विवाह प्रमाण पत्र
रायपुर / मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के मार्गदर्शन में सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से शासकीय सेवाएं ग्राम पंचायत स्तर पर सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत ककनी, विकासखंड तिल्दा, जिला रायपुर में नागरिकों को त्वरित सेवाएं उपलब्ध कराते हुए 9 ग्रामीणों को विवाह प्रमाण पत्र वितरित किए गए। यह पहल ग्रामीणों को शासन की सेवाएं उनके द्वार तक पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। इससे पहले विवाह प्रमाण पत्र बनवाने के लिए ग्रामीणों को कई बार कार्यालयों से संपर्क करना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की हानि होती थी। सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से अब आवेदन प्रक्रिया सरल, ऑनलाइन एवं समयबद्ध होने से नागरिकों को बड़ी राहत मिल रही है।विवाह प्रमाण पत्र प्राप्त होने के बाद हितग्राहियों को अब राशन कार्ड में नाम जोड़ने, जॉब कार्ड बनवाने, महतारी वंदन योजना का फॉर्म भरने, आधार कार्ड में नाम सुधरवाने, श्रमिक कार्ड का पंजीयन, वोटर कार्ड में संशोधन करवाने सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आसानी हुई है।
यह पहल सुशासन, पारदर्शिता और जनसुविधाओं के बेहतर क्रियान्वयन का सशक्त उदाहरण है तथा ग्रामीण क्षेत्रों में नागरिक सेवाओं की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है।












Leave A Comment