कांग्रेस नेतृत्व झूठ की फैक्ट्री चला रहा है : भाजपा
-प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू का तीखा हमला : 23 मार्च के भाजपा के संगठनात्मक कार्यक्रम के वीडियो को 15 अगस्त का बताकर भ्रम फैला रहे कांग्रेसी
रायपुर। भारतीय जनता पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष रंजना साहू ने कांग्रेस पार्टी के केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व पर तीखा प्रहार करते हुए कहा है कि स्वतंत्रता दिवस जैसे पावन राष्ट्रीय पर्व पर भी कांग्रेस अपनी ओछी राजनीति से बाज नहीं आ रही है। श्रीमती साहू ने कहा कि कांग्रेस के कृत्यों के खिलाफ इन दिनों भारी आक्रोश है, तो कांग्रेस का पूरा तंत्र झूठ और षड्यंत्र का सहारा ले रहा है। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीमती साहू ने कहा कि अपनी शर्मनाक कोशिशों में कांग्रेस के नेता इतने हताश और बदहवास हो चुके हैं कि वे वरिष्ठ भाजपा विधायक अजय चंद्राकर के महीनों पुराने वीडियो को स्वतंत्रता दिवस का बताकर झूठा प्रचार कर रहे हैं। श्रीमती साहू ने कहा कि जिस वीडियो और तस्वीर को कांग्रेसी स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त, 2026) का बताकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, उस पोस्ट पर 23 मार्च की तारीख स्पष्ट रूप से दर्ज है। यह वीडियो 15 अगस्त का कतई नहीं है, बल्कि 22-23 मार्च 2026 को कुरुद (धमतरी) स्थित स्वामी विवेकानंद मंगल भवन में आयोजित भाजपा के पंडित दीनदयाल उपाध्याय मंडल प्रशिक्षण वर्ग के दौरान पार्टी ध्वज फहराने का है। संगठनात्मक प्रशिक्षण वर्ग के वीडियो को स्वतंत्रता दिवस का बताकर जनता को गुमराह करना कांग्रेस के बौद्धिक दीवालियापन और घटिया स्तर की राजनीति को उजागर करता है। श्रीमती साहू ने कहा कि देश पर 55 वर्षों तक शासन करने वाली पार्टी राष्ट्रीय पर्व पर इस स्तर की फर्जी और भ्रामक राजनीति पर उतर आएगी, यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। जनता अब कांग्रेस के इस दोहरे चरित्र और दुष्प्रचार को भली-भाँति समझ चुकी है। कांग्रेस चाहे जितने भी षड्यंत्र रच ले, वह अपनी दरिद्र मानसिकता और आपराधिक कृत्यों से बच नहीं सकती। भाजपा कांग्रेस के इस फर्जीवाड़े की कड़े शब्दों में निंदा करती है।











Leave A Comment