तिरंगा शक्ति फेस्ट 2026 का भव्य ग्रैंड फिनाले संपन्न
31 चयनित बाल प्रतिभाओं की शानदार प्रस्तुतियों ने बांधा समां, दिव्यांग बच्चों के बैंड और महिला आत्मरक्षा शिविर अपराजिता की मनमोहक प्रस्तुति ने दिल जीता
महापौर मीनल चौबे और जिला कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह ने किया प्रयिभागियों का उत्साहवर्धन
रायपुर- स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कला केंद्र रायपुर, नगर पालिक निगम रायपुर एवं जिला प्रशासन रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित “तिरंगा शक्ति फेस्ट 2026” का भव्य ग्रैंड फिनाले विगत 14 अगस्त की संध्या शहीद स्मारक भवन रायपुर में उत्साह, उमंग और देशभक्ति के वातावरण में संपन्न हुआ।
कला, संस्कृति, देशभक्ति और बाल प्रतिभाओं को समर्पित इस आयोजन में जिले भर से चयनित 31 प्रतिभाशाली बच्चों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। बच्चों की प्रस्तुतियों ने पूरे सभागार को तालियों, उत्साह और देशभक्ति की भावना से सराबोर कर दिया।
194 प्रतिभागियों में से 31 प्रतिभाओं का हुआ चयन
तिरंगा शक्ति फेस्ट का आयोजन दो चरणों में किया गया। प्रथम चरण में विगत दिनांक 10 एवं 11 अगस्त को टाउन हॉल, घड़ी चौक, रायपुर में सुबह से शाम तक ऑडिशन राउंड आयोजित हुआ। इसमें जिलेभर से कुल 194 प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्रतिभागियों ने गायन, नृत्य, इंस्ट्रूमेंटल, गिटार, तबला, हार्मोनियम सहित विभिन्न कला विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। प्रतिभा, प्रस्तुति कौशल एवं कला के आधार पर 31 उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन ग्रैंड फिनाले के लिए किया गया।
विगत दिनांक 14 अगस्त को आयोजित ग्रैंड फिनाले में इन सभी चयनित प्रतिभाओं ने मंच पर अपनी कला का शानदार प्रदर्शन किया। उनकी प्रस्तुतियों में प्रतिभा के साथ-साथ आत्मविश्वास, रचनात्मकता और देशप्रेम की भावना भी देखने को मिली।
विशेष प्रस्तुतियों ने बढ़ाई कार्यक्रम की गरिमा
ग्रैंड फिनाले को और अधिक विशेष एवं यादगार बनाने के लिए अनेक आकर्षक विशेष प्रस्तुतियां भी आयोजित की गईं।
प्रसिद्ध कलाकार अरुणिमा शर्मा ने छत्तीसगढ़ी लोकगीत “चनाके डार राजा” की मनमोहक प्रस्तुति देकर समां बांध दिया। छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति और संगीत से सजी इस प्रस्तुति पर दर्शक झूम उठे।
वहीं डॉ. मिताली ने अपनी अनूठी पपेट एवं कार्टून वॉइस प्रस्तुति से बच्चों एवं दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुति पर सभागार में खूब तालियां गूंजीं।
प्रोजेक्ट दिव्यधुन’ के दिव्यांग बच्चों के बैंड ने जीता दिल
कार्यक्रम का एक अत्यंत भावुक और प्रेरणादायी क्षण रायपुर जिला प्रशासन की अभिनव पहल “प्रोजेक्ट दिव्यधुन” के अंतर्गत तैयार किए गए दिव्यांग बच्चों के विशेष बैंड की प्रस्तुति रही।
रायपुर जिला कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में दिव्यांग बच्चों को प्राथमिकता देते हुए तैयार किए गए इस विशेष बैंड ने पूरे आत्मविश्वास और उत्साह के साथ अपनी प्रस्तुति दी। बच्चों की प्रतिभा, आत्मविश्वास और समर्पण ने उपस्थित दर्शकों को भावुक और गौरवान्वित कर दिया।
इस प्रस्तुति ने यह संदेश दिया कि प्रतिभा किसी सीमा की मोहताज नहीं होती और अवसर मिलने पर हर बच्चा अपनी पहचान बना सकता है।
टीम प्रहरी ने दिया महिला आत्मरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश
कार्यक्रम में टीम प्रहरी द्वारा महिला आत्मरक्षा की थीम पर विशेष प्रस्तुति दी गई। साहस, आत्मविश्वास और नारी सशक्तिकरण पर आधारित महिला आत्मरक्षा शिविर अपराजिता की इस मनमोहक प्रस्तुति ने महिला सुरक्षा एवं आत्मरक्षा के प्रति जागरूकता का प्रभावशाली संदेश दिया।
प्रस्तुति ने दर्शकों में ऊर्जा का संचार करने के साथ यह संदेश भी दिया कि सशक्त महिला ही सुरक्षित और सशक्त समाज की आधारशिला है।
महापौर मीनल चौबे एवं सभापति सूर्यकान्त राठौड़ और जिला कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह ने किया प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन
तिरंगा शक्ति फेस्ट 2026 कार्यक्रम में राजधानी शहर की प्रथम नागरिक नगर पालिक निगम रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे एवं नगर निगम सभापति श्री सूर्यकान्त राठौड़ और रायपुर जिला कलेक्टर डॉ गौरव कुमार सिंह सहित नगर पालिक निगम रायपुर के आयुक्त श्री संबित मिश्रा एवं जिला पंचायत रायपुर के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री कुमार विश्वरंजन एवं नगर पालिक निगम संस्कृति विभाग अध्यक्ष श्री अमर गिदवानी, नगर पालिक निगम जोन 10 जोन अध्यक्ष श्री सचिन बी. मेघानी सहित राजधानी शहर के अन्य गणमान्य अतिथिगणों की उपस्थिति रही।
अतिथियों ने सभी चयनित प्रतिभागियों एवं विशेष प्रस्तुतियां देने वाले कलाकारों का उत्साहवर्धन किया तथा उनकी कला, प्रतिभा और प्रयासों की सराहना की।
महापौर मीनल चौबे ने मोर रायपुर मोर जिम्मेदारी अंतर्गत सामूहिक नागरिक शपथ दिलवाई, स्वच्छता, सड़क सुरक्षा, पेयजल संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक के परित्याग की नगरवासियों ने ली शपथ
तिरंगा शक्ति फेस्ट 2026 में महापौर श्रीमती मीनल चौबे ने मोर रायपुर मोर जिम्मेदारी अंतर्गत सामूहिक शपथ दिलवाई. सभी उपस्थित नगरवासियों ने स्वच्छता, सड़क सुरक्षा, पेयजल संरक्षण, सिंगल यूज प्लास्टिक का परित्याग करने की सामूहिक नागरिक शपथ ली.
कला के साथ सामाजिक सरोकारों का भी मंच
तिरंगा शक्ति फेस्ट 2026 का उद्देश्य जिले के बच्चों एवं युवाओं को अपनी प्रतिभा और कला प्रदर्शित करने के लिए एक सशक्त मंच उपलब्ध कराना तथा स्वतंत्रता दिवस की भावना को कला एवं संस्कृति के माध्यम से जन-जन तक पहुंचाना रहा।
इस आयोजन की विशेषता यह रही कि यहां केवल कला और प्रतिभा को मंच नहीं मिला, बल्कि दिव्यांग प्रतिभाओं को प्रोत्साहन, महिला आत्मरक्षा एवं सशक्तिकरण तथा छत्तीसगढ़ की लोक संस्कृति जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक संदेशों को भी प्रमुखता दी गई।
यादगार बना स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या का उत्सव
31 चयनित बाल प्रतिभाओं की शानदार प्रस्तुतियों और विशेष कलाकारों की मनमोहक प्रस्तुतियों ने तिरंगा शक्ति फेस्ट 2026 के ग्रैंड फिनाले को कला, संस्कृति, प्रतिभा, समावेशिता और सशक्तिकरण का अनूठा संगम बना दिया।
भव्य आयोजन ने रायपुर की बाल प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच प्रदान करने के साथ ही स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या को देशभक्ति, संस्कृति और सकारात्मक ऊर्जा से भरपूर एक यादगार शाम में बदल दिया।












Leave A Comment