ब्रेकिंग न्यूज़

 जनजातीय गौरव दिवस पर बेमेतरा में दिखी समृद्ध संस्कृति और परंपराओं की अनुपम झलक

-भगवान बिरसा मुंडा का संघर्ष, त्याग और बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत: सांसद लक्ष्मी वर्मा
-जनजातीय लोकनृत्यों और पारंपरिक वाद्ययंत्रों की धुन से गूंजा टाउन हॉल, विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं का हुआ सम्मान
 रायपुर / धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की स्मृति में जिला मुख्यालय बेमेतरा के टाउन हॉल सिंघौरी में जनजातीय गौरव दिवस का जिला स्तरीय कार्यक्रम हर्षाेल्लास और गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनजातीय समाज की समृद्ध संस्कृति, गौरवशाली इतिहास, परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत की मनमोहक झलक देखने को मिली। जनजातीय लोकगीतों, लोकनृत्यों, पारंपरिक वाद्ययंत्रों और आकर्षक वेशभूषा से पूरा परिसर सांस्कृतिक उल्लास के रंगों में सराबोर रहा। इस अवसर पर शिक्षा, खेल, कला, संस्कृति, समाजसेवा एवं विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली जनजातीय प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा ने भगवान बिरसा मुंडा के योगदान को स्मरण करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने उनके गौरवशाली इतिहास और बलिदान को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का ऐतिहासिक निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने मात्र 25 वर्ष की आयु में अंग्रेजी शासन के विरुद्ध संघर्ष करते हुए जनजातीय समाज को संगठित किया और उनके अधिकारों की रक्षा के लिए उलगुलान का आह्वान किया। उनका जीवन त्याग, साहस, स्वाभिमान और देशभक्ति का अनुपम उदाहरण है।
सांसद श्रीमती वर्मा ने कहा कि जनजातीय समाज ने सदियों से जल, जंगल और जमीन के संरक्षण के साथ भारतीय संस्कृति और परंपराओं को समृद्ध बनाया है। देश की विविध जनजातीय संस्कृतियां भारत की एकता और अखंडता को मजबूत करती हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ के महान क्रांतिकारी शहीद वीर नारायण सिंह, गेंदसिंह और गुंडाधूर के योगदान को याद करते हुए कहा कि इन वीरों का बलिदान सदैव प्रेरणा देता रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बस्तर से नक्सलवाद समाप्त करने के लिए प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं तथा क्षेत्र में शांति, विश्वास और विकास को बढ़ावा दिया जा रहा है। केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा जनजातीय समाज के शिक्षा, स्वास्थ्य, आवास, रोजगार और कौशल विकास के लिए विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।
कार्यक्रम में जनजातीय कलाकारों ने गोंडी, हल्बी और बिंझवारी सहित विभिन्न लोकनृत्यों की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं। मांदर और झांझ की थाप पर कलाकारों की प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्कूली बालिकाओं ने जनजातीय लोकगीतों पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। पारंपरिक वेशभूषा एवं आभूषणों से सुसज्जित महिलाओं और युवाओं ने जनजातीय संस्कृति की विशिष्ट पहचान को जीवंत किया।
विधायक श्री दीपेश साहू ने कहा कि जनजातीय समाज का इतिहास शौर्य, बलिदान और देशभक्ति से परिपूर्ण रहा है। स्वतंत्रता संग्राम में जनजातीय वीरों का योगदान अविस्मरणीय है। शहीद वीर नारायण सिंह सहित अनेक महान क्रांतिकारियों ने देश की स्वतंत्रता और जनजातीय समाज के अधिकारों के लिए संघर्ष किया। विधायक श्री ईश्वर साहू ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा का संपूर्ण जीवन जनजातीय स्वाभिमान, अधिकारों और जल, जंगल, जमीन की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उनके आदर्श आज भी समाज को प्रेरणा देते हैं।
कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जनजातीय समाज के कल्याण के लिए संचालित विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जनजातीय विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति, छात्रावास, आश्रम शाला, एकलव्य विद्यालय तथा युवाओं के लिए कौशल विकास एवं स्वरोजगार संबंधी योजनाएं संचालित हैं। इसके अतिरिक्त वन अधिकार पट्टा, आवास योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं के माध्यम से जनजातीय परिवारों को लाभान्वित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे।
कार्यक्रम में शिक्षा, खेल, कला, संस्कृति, समाजसेवा, शासकीय सेवा एवं कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले जनजातीय युवाओं, महिलाओं, विद्यार्थियों और समाजसेवियों को शाल, श्रीफल, प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट से सम्मानित प्रतिभाओं का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम के समापन पर जनजातीय गौरव, सांस्कृतिक विरासत, सामाजिक एकता और देश की अखंडता को बनाए रखने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ रजककार बोर्ड के अध्यक्ष श्री प्रहलाद रजक, अनुसूचित जाति आयोग के सदस्य श्री दयावंत धर बांधे सहित जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में जनजातीय समाज के लोग उपस्थित रहे।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english