पुलिस कमिश्नर एवं कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं NCORD की समीक्षा बैठक
यातायात प्रबंधन सुदृढ़ करने के निर्देश
कोटपा अधिनियम और नशा मुक्ति के तहत अभियान चलाने पर भी दिया गया जोर
रायपुर। कलेक्टरेट परिसर स्थित कलेक्टर सभाकक्ष में पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला एवं कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति एवं NCORD की बैठक आयोजित की गई। बैठक में शहर एवं ग्रामीण क्षेत्र में यातायात प्रबंधन और सड़क सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने हेतु विस्तृत चर्चा कर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश दिए गए।
बैठक में बताया गया कि शहर में विभिन्न स्थानों पर सड़क संरचना, रोड डिवाइडर, नाली-ड्रेनेज सिस्टम, विद्युत पोल, स्ट्रीट फर्नीचर एवं अन्य तकनीकी खामियों के कारण यातायात प्रवाह बाधित होकर जाम एवं दुर्घटना की स्थिति निर्मित होती है।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने कहा कि पुलिस प्रशासन एवं जिला प्रशासन को समन्वय बनाकर कार्य करना होगा। जिले में यातायात व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने हेतु एक विशेष अभियान चलाया जाएगा। साथ ही स्कूल एवं कॉलेजों के पास कोटपा अधिनियम के तहत गुटखा-तंबाकू बेचने वाली दुकानों को सील करने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने कहा कि इन निर्णयों से जिले में सड़क सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को और प्रभावी बनाया जा सकेगा। उन्होंने समाज कल्याण विभाग को निर्देशित किया कि सामाजिक संगठनों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर नशा मुक्ति के खिलाफ विभिन्न बस्तियों में जागरूकता अभियान चलाया जाए और टीम प्रहरी के माध्यम से बाजारों में लगने वाले अवैध अतिक्रमण को हटाया जाए।
बैठक के प्रमुख एजेंडा --
संकेतक बोर्ड एवं डिवाइडर : वीआईपी रोड पर नो पार्किंग, धीरे चलें, गतिसीमा, रॉन्ग साइड न चलें, सावधान क्रॉसिंग जैसे संकेतक बोर्ड लगाए जाएंगे। श्रीराम मंदिर तिराहा से मंदिर तक बने अस्थायी डिवाइडर को स्थायी रूप दिया जाएगा। तेलीबांधा चौक से किंग्सवे होटल रोड तक डिवाइडर एवं तेलगानी नाका क्षेत्र में स्थित गैरेज के विस्थापन पर चर्चा की गई। 2. सर्विस रोड एवं निर्माण : सर्विस रोड का चौड़ीकरण, नए सर्विस रोड निर्माण एवं अन्य निर्माण कार्यों पर चर्चा की गई। 3. सात चौराहों पर सिग्नल : यातायात सुगमता के लिए निम्न 7 चौराहों पर सिग्नल लगाने की आवश्यकता बताई गई: द्रोणाचार्य स्कूल चौक - केनाल लिंकिंग रोड, राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र - कमल होटल के पास चौक - पुराना धमतरी रोड, बोरियाकला तिराहा के पास - अनुपम गार्डन चौक - जी.ई. रोड, धुप्पड़ पेट्रोल पंप के पास - एम्स गेट नंबर 4 के सामने चौक - जी.ई. रोड - मंडी गेट तिराहा - पंडरी कपड़ा मार्केट के आगे - पंडरी थाना के सामने दुबे कॉलोनी तिराहा - व्यास तालाब तिराहा - रायपुर-बिलासपुर मार्ग, खमतराई थाना क्षेत्र शामिल है।
बैठक में नगर निगम आयुक्त श्री संबित मिश्रा, रायपुर ग्रामीण एसपी श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा, एसीपी ट्रैफिक श्री सतीश ठाकुर, सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।










.jpg)
Leave A Comment