ब्रेकिंग न्यूज़

गोस्वामी तुलसीदास कृत श्रीरामचरितमानस सांस्कृतिक पुनर्निर्माण और नैतिक जागरण का भी साहित्य- डॉ. श्रीप्रकाश मिश्र

तुलसी जयंती पर बीरगांव में आयोजित हुआ रामायण संवाद कार्यक्रम
रायपुर। गोस्वामी संत तुलसीदास और भगवान श्रीराम का संबंध अनन्य भक्ति और समर्पण का प्रतीक है। तुलसीदास जी ने श्रीराम के चरित्र को जन-जन तक पहुँचाने के लिए रामचरितमानस जैसे महाकाव्य की रचना की और अपना संपूर्ण जीवन राम-भक्ति को समर्पित कर दिया।
उक्त विचार मातृभूमि सेवा मिशन, धर्मक्षेत्र कुरुक्षेत्र के संस्थापक डॉ. श्रीप्रकाश मिश्र ने गोस्वामी तुलसीदास की जयंती के उपलक्ष्य में मातृभूमि सेवा मिशन की रायपुर इकाई द्वारा पीएम श्री आडवाणी ऑरलिकन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बीरगांव में आयोजित रामायण संवाद कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की प्रतिमा के समक्ष मुख्य अतिथि एवं अन्य विशिष्ट अतिथियों द्वारा सामूहिक रूप से दीप प्रज्वलन, माल्यार्पण एवं पुष्पार्चन से हुआ। विद्यालय परिसर पहुंचने पर मुख्य अतिथि डॉ. श्रीप्रकाश मिश्र का विद्यालय परिवार द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।
रामायण संवाद कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. श्रीप्रकाश मिश्र ने कहा कि श्रीरामचरितमानस के रचयिता गोस्वामी तुलसी की काव्य रचना का मूल उद्देश्य लोकमंगल की भावना है। लोकमंगल का विधान तभी हो सकता है जब समाज एवं परिवार में नैतिक मूल्यों की स्थापना हो। तुलसी की दृष्टि रामकथा के माध्यम से आदर्श जीवन मूल्यों की स्थापना पर ही केन्द्रित थी।
उन्होंने कहा कि गोस्वामी तुलसीदास कृत श्रीरामचरितमानस सांस्कृतिक पुनर्निर्माण और नैतिक जागरण का भी साहित्य है। तुलसीदास ने उस राम को जन-जन तक पहुंचाया, जो केवल मंदिरों और शास्त्रों के नहीं, बल्कि लोकजीवन के भी राम हैं। यही कारण है कि रामचरितमानस घर-घर पहुंचा, लोकगीतों में उतरा, रामलीलाओं का आधार बना और भारतीय जनमानस की सांस्कृतिक स्मृति का अभिन्न भाग हो गया। उनकी भाषिक क्षमता भी असाधारण थी।
डॉ. मिश्र ने कहा कि आज देश की युवा पीढ़ी के लिए तुलसीदास का जीवन बहुत प्रासंगिक है। तुलसीदास इसलिए केवल अतीत के महाकवि नहीं हैं, वे भारतीय सांस्कृतिक चेतना के ऐसे शिल्पी हैं, जिन्होंने शब्दों के माध्यम से समाज की स्मृति को बचाया, राम के माध्यम से लोकमंगल का आदर्श दिया और जनभाषा के माध्यम से भारतीय संस्कृति को जन-जन तक पहुंचाया। तुलसी के राम भारतीय जनता के नैतिक गुणों का प्रतिनिधित्व करते हैं।
कार्यक्रम की अध्यक्षता पीएम श्री आडवाणी ऑरलिकन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री मुकेश सिरमौर ने की। मातृभूमि सेवा मिशन मध्य प्रदेश के संयोजक श्री अशोक शर्मा ने मिशन की देशव्यापी सेवा गतिविधियों के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम के अंत में मातृभूमि सेवा मिशन के रायपुर संयोजक एवं जिला समग्र शिक्षा के कार्यक्रम अधिकारी श्री अरुण शर्मा ने आभार प्रकट किया। रामायण संवाद में उपस्थित सभी अतिथियों को मातृभूमि सेवा मिशन रायपुर इकाई द्वारा अंगवस्त्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

Related Post

Leave A Comment

Don’t worry ! Your email address will not be published. Required fields are marked (*).

Chhattisgarh Aaj

Chhattisgarh Aaj News

Today News

Today News Hindi

Latest News India

Today Breaking News Headlines News
the news in hindi
Latest News, Breaking News Today
breaking news in india today live, latest news today, india news, breaking news in india today in english